चंडीगढ़ - हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि नूंह जिला के मांडीखेड़ा स्थित नागरिक अस्पताल में जल्द ही सिटी-स्कैन और एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी ताकि गरीब लोगों को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। ये मशीनें स्थापित करने के लिए हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कोर्पोरशन लिमिटेड द्वारा टैंडर जारी किये जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्री सोमवार को हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।
उन्होंने आगे बताया कि इस अस्पताल की विभिन्न लैब्स में कुल 85 नियमित टेस्ट किये जाते हैं , इनमें हीमेटोलॉजी के 17 , साइटोपैथोलॉजी के 2 , क्लिनिकल पैथोलॉजी के 5, बायोकेमिस्ट्री के 32, माइक्रोबायोलॉजी के 22 तथा 5 अन्य टेस्ट किये जाते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि नूंह जिला के मांडीखेड़ा स्थित नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 790 मरीजों को ओपीडी में सेवा प्रदान की जा रही हैं।
आरती सिंह राव ने सदन के सदस्य द्वारा उक्त अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा बाहर से टेस्ट करवाने की सिफारिश करने की जांच करवाने का आश्वासन दिया , इसके अलावा इस अस्पताल में 15 अन्य टेस्ट भी करवाए जाएंगे।
No comments:
Post a Comment