Breaking

Saturday, January 24, 2026

डीसी दरबार में उठाया रानी तालाब मंदिर परिक्रमा मार्ग की टूटी ग्रिलों का मुद्दा

डीसी दरबार में उठाया रानी तालाब मंदिर परिक्रमा मार्ग की टूटी ग्रिलों का मुद्दा
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण कर टूटी कंक्रीट ग्रिलों को शीघ्र ठीक करवाने के दिए निर्देश
जींद : जींद शहर के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र रानी तालाब मंदिर के परिक्रमा मार्ग पर लगी टूटी कंक्रीट ग्रिलों का मामला डीसी दरबार में प्रमुखता से उठा। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजकुमार गोयल ने डीसी मोहम्मद इमरान रजा के समक्ष यह गंभीर समस्या रखी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल मरम्मत व स्थायी समाधान की मांग की। गोयल ने डीसी को बताया कि मंदिर के चारों ओर बने परिक्रमा मार्ग पर कई स्थानों पर कंक्रीट की ग्रिलें पूरी तरह टूट चुकी हैं। प्रतिदिन सैंकड़ों श्रद्धालु, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हैं यहां सुबह व शाम दर्शन एवं परिक्रमा के लिए आते हैं। टूटी हुई ग्रिलों के कारण किसी भी समय कोई श्रद्धालु फिसल कर सीधे तालाब में गिर सकता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। गोयल ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व भी इसी तरह की स्थिति उत्पन्न हुई थी। उस समय विभागीय स्तर पर समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें सीएम विंडो के माध्यम से शिकायत दर्ज करानी पड़ी थी। जिसके बाद प्रशासन ने मरम्मत करवाई थी। उन्होंने कहा कि बार-बार वही स्थिति बनना संबंधित विभागों की लापरवाही को दर्शाता है और अब इसका स्थायी समाधान जरूरी है। उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने डीसी दरबार में रखी गई इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा टूटी कंक्रीट ग्रिलों को शीघ्र ठीक करवाने के स्पष्ट निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नही की जाएगी। डीसी द्वारा त्वरित कार्रवाई के दिए आदेश पर राजकुमार गोयल ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय श्रद्धालुओं की जान की सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक और सराहनीय कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही परिक्रमा मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय के पूजा.अर्चना और परिक्रमा कर सकें।

No comments:

Post a Comment