Breaking

Monday, February 2, 2026

आईजी मनीष चौधरी पहुंचे कैथल की पुलिस लाईन में - पुलिस कंपनियों का किया निरीक्षण

आईजी मनीष चौधरी पहुंचे कैथल की पुलिस लाईन में - पुलिस कंपनियों का किया निरीक्षण
कैथल : पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मनीष चौधरी ने सोमवार को जिला कैथल का दौरा किया। उनके कैथल आगमन पर एसपी उपासना, डीएसपी बीरभान, डीएसपी कुलदीप बेनवाल व डीएसपी सुशील प्रकाश द्वारा उनका स्वागत किया गया। दौरे के दौरान आईजी मनीष चौधरी ने कैथल पुलिस लाईन में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था से निपटने के उद्देश्य से गठित पुलिस कंपनियों का निरीक्षण किया तथा कंपनियों में तैनात जवानों से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने जवानों की तैयारियों, अनुशासन एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का जायजा लिया। बता दें कि पुलिस अधीक्षक उपासना के नेतृत्व में जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कुल तीन पुलिस कंपनियों का गठन किया गया है, जिनमें दो पुरुष कंपनी एवं एक महिला कंपनी शामिल है। इन कंपनियों के जवान लाठी-डंडा, टियर गैस तथा आधुनिक हथियारों से लैस रहते हुए वन-कॉल तैयारी की स्थिति में रहेंगे, ताकि किसी भी आपात या संवेदनशील स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
आईजी मनीष चौधरी ने निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिले में यदि कहीं भी कानून व्यवस्था से संबंधित कोई चुनौती उत्पन्न होती है, तो यह पुलिस बल हर प्रकार की परिस्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहे। उन्होंने पुलिस कंपनियों को नियमित अभ्यास व ड्रिल करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास से ही बल की कार्यकुशलता एवं प्रतिक्रिया क्षमता में और अधिक सुधार संभव है।
इसके उपरांत आईजी मनीष चौधरी ने पुलिस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत संवाद किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पट्रोल पंप, होटल, ढाबे, स्कूल, कॉलेज, हस्पताल, मार्केट, कोचिंग संस्थान आदि सभी स्थानो पर सीसीटीवी कैमरा लगा होना चहिये। अच्छे एवं उच्च गुणवत्ता के सीसीटवी कैमरा मैन एंट्री व एग्जिट प्वाइंट पर लगवाए। डीवीआर को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि अपराधों का पता लगाने और अपराधियों की पहचान में सीसीटीवी कैमरे अहम भूमिका निभाते हैं। सभी क्षेत्रों मे पुलिस द्वारा पेट्रोलिंग की जाये व सीलिंग प्लान के तहत नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग करे। उन्होने कहा कि जनता के साथ सभ्य व्यवहार करे। बेहतरीन कार्य करने वाले पुलिसकर्मी को निरंतर सम्मानित करना चाहिए, जिससे ओर जवान प्रेरणा लेकर सराहनीय कार्य करें। आईजी ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

No comments:

Post a Comment