Breaking

Monday, February 23, 2026

कांग्रेस मनरेगा बचाओ संग्राम को करेगी और तेज: ऋषिपाल हैबतपुर-विधानसभा घेराव की रणनीति को लेकर जींद में महत्वपूर्ण बैठक आज


कांग्रेस मनरेगा बचाओ संग्राम को करेगी और तेज: ऋषिपाल हैबतपुर
-विधानसभा घेराव की रणनीति को लेकर जींद में महत्वपूर्ण बैठक आज
जींद : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत प्रस्तावित विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए 23 फरवरी को जींद स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। रविवार को यह जानकारी जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऋषिपाल हैबतपुर ने दी।
उन्होंने बताया कि बैठक सोमवार सुबह 11 बजे कांग्रेस कार्यालय, स्कीम नंबर-5, पुराने बस अड्डे के पीछे आयोजित होगी। जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, वर्तमान व पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, पूर्व ब्लॉक प्रधान, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, सेवानिवृत्त कर्मचारी कांग्रेस, विधिक प्रकोष्ठ, भारतीय राष्ट्रीय मजदूर संघ (इंटक), सेवा दल, विमुक्त घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू कांग्रेस, राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई), कांग्रेसी कर्मचारी संघ, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, पूर्व सैनिक संगठन तथा किसान मोर्चा सहित सभी समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया है।
ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना ग्रामीण गरीबों के लिए जीवन रेखा है, लेकिन वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण मजदूरों को समय पर काम और मजदूरी नहीं मिल पा रही है। बैठक में विधानसभा घेराव की रणनीति तय की जाएगी और पूरे जिले से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की रूपरेखा बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सडक़ से सदन तक संघर्ष करती रही है और आगे भी गरीब, किसान, मजदूर तथा ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने सभी संगठनों, प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है। बैठक के माध्यम से कार्यकर्ताओं को आंदोलन की दिशा, कार्यक्रम और जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी ताकि विधानसभा घेराव को प्रभावी और अनुशासित तरीके से सफल बनाया जा सके।




No comments:

Post a Comment