Breaking

Monday, March 30, 2026

सुपवा की पेंटिंग को दिल्ली सीएम से मिली सराहना

सुपवा की पेंटिंग को दिल्ली सीएम से मिली सराहना

पेंटिंग पर ब्रश चलाने से खुद को नहीं रोक पाई रेखा गुप्ता

सुपवा के छात्र कृष्णा ने एक ही दिन में तैयार की थी 18 फीट की वॉल पेंटिंग

निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स में सिर्फ एक दिन में बनाई 18 फीट की वॉल पेंटिंग
रोहतक : दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा) के छात्र की बनाई वॉल पेंटिंग को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत सभी अतिथियों ने जमकर सराहा। पेंटिंग दिल्ली स्थित निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स में बनाई गई थी। करीब 18 फीट की इस वॉल पेंटिंग को सुपवा के छात्र कृष्णा ने एक ही दिन में तैयार किया था।
निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स में दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से एक समारोह आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण एवं कल्याण के लिए चल रही विभिन्न पहलों को प्रदर्शित किया गया। यहीं पर डीएलसी सुपवा के छात्र कृष्णा को पेंटिंग बनाने के लिए आमंत्रित किया गया। 
कृष्णा बैचलर ऑफ विजुअल आर्ट्स के स्कल्प्चर विभाग में तृतीय वर्ष का छात्र है। कृष्णा ने बताया कि निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स में दिल्ली सरकार द्वारा अनाथ बच्चों को रखा जाता है। यहां पेंटिंग बनाते समय इन्हें बच्चों को ध्यान में रखते हुए थीम तय किया गया। बतौर मुख्यातिथि पहुंची दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने न सिर्फ इस वॉल पेंटिंग की सराहना की बल्कि उन्होंने ब्रश हाथ में लेकर खुद भी इसमें रंग भरे।
सुपवा के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि सुपवा के छात्र अपने सराहनीय कार्य से लगातार यूनिवर्सिटी का नाम रोशन कर रहे हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इससे पहले जनवरी महीने में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम, दिल्ली में आयोजित ‘शब्दोत्सव’ के दौरान सुपवा के छात्रों के साथ जमीन पर बैठकर पेंटिंग करते हुए उनकी हौंसला अफजाई की थी।उनका कहना था कि हमारे छात्रों का कार्य हर किसी को पसंद आ रहा है, इसलिए उन्हें बार-बार अपनी प्रतिभा से अन्य सभी को रूबरू कराने का आमंत्रण मिल रहा है। शब्दोत्सव के दौरान पहुंचे विभिन्न स्कूल, कॉलेज व एनजीओ के छात्र-छात्राओं की कृष्णा ने वर्कशॉप भी करवाई थी, जिसकी सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की थी।
इस दौरान मिले प्रोत्साहन का ही परिणाम है कि डीएलसी सुपवा पर भरोसा जताते हुए यहां के छात्र को दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से वॉल पेंटिंग बनाने का अवसर प्रदान किया गया।

No comments:

Post a Comment