हरियाणा में एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी नहीं कोई समस्या, निर्बाध रूप से सप्लाई जारी- राजेश नागर
मंत्री राजेश नागर का आह्वान ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ता लें पीएनजी का कनेक्शन
नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी द्वारा ली गई बैठक में हुए शामिल
चण्डीगढ़- हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी कोई समस्या नहीं है। प्रदेश में निर्बाध रूप से गैस सिलेंडर की सप्लाई जारी है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आह्वान किया कि जहां-जहां पीएनजी गैस की सप्लाई है, वहां अधिक से अधिक उपभोक्ता पीएनजी गैस का कनेक्शन लें।
मंत्री श्री राजेश नागर ने बताया कि आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रहलाद जोशी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ने सभी राज्यों के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्रियों के साथ बैठक की और राज्यों के मौजूदा हालात की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सभी से सुझाव लिए गए और संभावित समस्याओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि राज्य में एलपीजी गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और कहीं से भी किसी प्रकार की कमी की सूचना नहीं है।
मंडियों में फसल खरीद की सभी व्यवस्था पूरी
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर ने बताया कि प्रदेश में फसल खरीद को लेकर मंडियों में सभी व्यवस्थाएं पूरी है। इस संबंध में सभी जिला उपयुक्तों को निर्देश दिया गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं भी कुछ मंडियों का दौरा किया है, जहां लगभग सभी व्यवस्थाएं सही पाई गई।
डीजल और पेट्रोल की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी
मंत्री श्री राजेश नागर ने पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पर स्पष्ट किया कि राज्य में ईंधन की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी है। कुछ पेट्रोल पंपों पर आई अस्थायी समस्या वाहनों की तकनीकी खराबी के कारण थी, जिसे तुरंत ठीक कर लिया गया। मंत्री नागर ने भरोसा जताया कि जैसे राज्य ने कोविड-19 के कठिन दौर में एकजुट होकर चुनौतियों का सामना किया था, उसी तरह वर्तमान परिस्थितियों में भी सरकार और प्रशासन पूरी तरह सजग और तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पूरी टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राज्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
No comments:
Post a Comment