Breaking

Saturday, March 28, 2026

स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एक जन आंदोलन है फिट इंडिया कैंपेन - गौरव गौतम

स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एक जन आंदोलन है फिट इंडिया कैंपेन - गौरव गौतम

पलवल में हुआ फिट इंडिया-फिट पलवल अभियान का आयोजन, युवाओं ने उत्साहपूर्वक की प्रतिभागिता

चण्डीगढ़ - हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने के लिए नियमित शारीरिक और फिटनेस गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। फिट इंडिया केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एक जन आंदोलन है। हमें अपने दैनिक जीवन में खेल और शारीरिक गतिविधियों को शामिल कर फिटनेस को अपनी आदत बनाना होगा।
खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने यह बात आज पलवल स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में ‘फिट इंडिया-फिट पलवल’ अभियान के दौरान कही। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंनेे कहा कि फिट इंडिया अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में नियमित रूप से फिटनेस को शामिल करने का संदेश देना भी है। उन्होंने उपस्थित युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को ‘विकसित और आत्मनिर्भर’ देश बनाने के सपने को साकार करने में फिट और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण युवाओं की अहम भूमिका रहेगी।
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और अपनी सकारात्मक ऊर्जा का प्रयोग देश को आगे ले जाने और आगे बढ़ाने में करें। उन्होंने कहा कि साहस, संघर्ष और समर्पण के प्रतीक, सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण युवा ही प्रदेश की उन्नति, शक्ति और समृद्धि के सशक्त स्तंभ हैं। उन्होंने युवाओं के उज्ज्वल, सफल एवं प्रेरणादायी भविष्य की मंगलकामना की और जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
श्री गौरव गौतम ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाडिय़ों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि फिट शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव है और इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कहा कि जिला में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाडिय़ों को उत्साहित करने के उद्देश्य से नेता जी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम का 20 करोड़ रुपए की लागत से कायाकल्प किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

No comments:

Post a Comment