जींद : हरियाणा सरकार द्वारा जींद जिले में 50 एमबीबीएस सीटों वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी मिलने के बाद जिले में खुशी का माहौल है। इस ऐतिहासिक निर्णय को शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर माना जा रहा है। जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया है।
जिले के लोगों का मानना है कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे, बल्कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर भी बेहतर होगा। लंबे समय से मेडिकल कॉलेज की मांग उठाई जा रही थी, जिसे अब सरकार ने साकार रूप दिया है।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शर्मा ने हरियाणा विधानसभा के माननीय डिप्टी स्पीकर श्री कृष्ण लाल मिड्ढा से विशेष मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जींद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हजारों विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने का कार्य करेगी। अब जिले के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
आशुतोष शर्मा ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को साकार करने में डिप्टी स्पीकर श्री कृष्ण लाल मिड्ढा के निरंतर प्रयासों, दूरदर्शी सोच तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के सकारात्मक नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समय-समय पर श्री मिड्ढा द्वारा इस विषय को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा गया, जिसके परिणामस्वरूप जींद को यह ऐतिहासिक सौगात प्राप्त हुई।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का भी विशेष धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिली है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे तथा भविष्य में यहां से निकलने वाले डॉक्टर देश और समाज की सेवा करते हुए जींद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
जिले के अनेक सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जींद के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। लोगों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज बनने से आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
जींद की जनता ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में यह मेडिकल कॉलेज जिले के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा और शिक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई उपलब्धियां स्थापित करेगा।
No comments:
Post a Comment