Breaking

Tuesday, July 28, 2026

युवा शक्ति ही बदलेगी समाज की तस्वीर : एसपी जींद कुलदीप सिंह

युवा शक्ति ही बदलेगी समाज की तस्वीर : एसपी जींद कुलदीप सिंह
जींद : पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह आईपीएस के नेतृत्व में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बुआना (जींद) में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री कुलदीप सिंह आईपीएस एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद-ए-आजम भगत सिंह तथा महाराजा सूरजमल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ किया गया। इसके उपरांत सभी अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह आईपीएस ने संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो समाज भी मजबूत और सुरक्षित बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है, इसलिए इसके विरुद्ध सभी को मिलकर जनजागरण अभियान चलाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक जींद से नशा मुक्ति, कानून, सामाजिक जिम्मेदारी तथा जीवन मूल्यों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। जिनका उन्होंने धैर्य पूर्वक उत्तर देकर उन्हें निरंतर शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया । कार्यक्रम में उपस्थित लोकगायकों ने भी अपने गीतों के माध्यम से नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश देकर उपस्थित लोगों को प्रेरित किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त श्री प्रदीप कौशिक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) श्री संदीप भारद्वाज, जुलाना के बीओ श्री वीर बागड़, विद्यालय के प्राचार्य श्री सुरेश कुमार, सरपंच श्रीमती मूर्ति देवी, सरपंच प्रतिनिधि श्री सुधीर कुमार, लोकगायक श्री संदीप साहिल शर्मा, मास्टर रोहताश 'हताश' लाठर, प्रबंधक अधिकारी जुलाना श्री कमल सिंह, नशा मुक्त गांव रामकली के सरपंच श्री रामतीर्थ, बराड़खेड़ा के सरपंच श्री अनिल, खेमाखेड़ी के सरपंच श्री गोविंद, शामलो कला के सरपंच श्री वीरेंद्र तथा ग्राम सचिव जुलाना श्री संजीव शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ, पंचायत प्रतिनिधि, छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment