Breaking

Thursday, August 6, 2026

वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल में वर्किंग साइंस मॉडल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने विज्ञान प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन

वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल में वर्किंग साइंस मॉडल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने विज्ञान प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन
जींद : वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्किंग साइंस मॉडल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 70 से अधिक वर्किंग साइंस मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, स्मार्ट सिटी, रोबोटिक्स, विज्ञान एवं तकनीक, कृषि नवाचार तथा दैनिक जीवन से जुड़े अनेक विषयों पर आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल प्रदर्शित किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सतीश शर्मा एवं डॉ. रामनिवास रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए सभी मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता तथा प्रस्तुति की सराहना की। इस अवसर पर श्री अनिल पथरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री नरेंद्र नाथ शर्मा ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि यही मंच उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने का माध्यम बनते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुकृति शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब कोई विद्यार्थी इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेता है तो उसकी प्रतिभा निखरकर सामने आती है, उसका आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उसे नई-नई चीज़ों को सीखने और समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ देखकर छोटे बच्चे भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के उपनिदेशक श्री आशुतोष शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज का युग विज्ञान और तकनीक का युग है तथा ऐसे आयोजन बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों की प्रशंसा की गई। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का उत्साह देखने योग्य था। वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल का यह आयोजन विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारने और उनमें नवाचार की भावना विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।

No comments:

Post a Comment