Breaking

Monday, September 7, 2026

जींद शहर में सफाई कार्य से अनुपस्थित रहने व सरकारी कार्य में बाधा डालने पर तीन नियमित सफाई कर्मी निलंबित

जींद शहर में सफाई कार्य से अनुपस्थित रहने व सरकारी कार्य में बाधा डालने पर तीन नियमित सफाई कर्मी निलंबित

6 पे रोल के सफाई कर्मचारियों को शो कोज नोटिस जारी किया 

3 पालिका रोल पर लगे सफाई कर्मियों की सेवाएं समाप्त 
जींद : जींद शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा कर्मचारियों में कार्य के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जींद नगर परिषद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। सफाई कार्य से अनुपस्थित रहने, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा गंभीर लापरवाही बरतने के मामले में नगर परिषद के तीन नियमित सफाई कर्मियों को निलम्बित कर दिया गया है। वहीं 3 पालिका रोल पर लगे सफाई कर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं और 6 पे रोल के सफाई कर्मचारियों को शो कोज नोटिस जारी किया गया है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को उनके कार्य में लापरवाही और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के संबंध में पहले भी नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद उनके कार्य व्यवहार में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। सफाई कार्य प्रभावित होने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि सोहनलाल, कमला तथा भगवती तीनों नियमित सफाई कर्मियों को नगर पालिका अधिनियम की विभिन्न धाराओं एवं म्यूनिसिपल सफाई मजदूर सेवा नियम के तहत निलम्बित किया गया है। इनके विरुद्ध विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। कनिष्ठ अभियंता ऊषा को विभागीय जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। 
कार्यकारी अधिकारी सुशील ने बताया कि पालिका रोल पर लगे सुनील कुमार, सुमित, अजय, रणदीप, सोनू, संजय, संगीत, पूनम तथा पवन सभी छह सफाई कर्मियों को भी ड्यूटी में लापरवाही तथा सम्बंधित अधिकारियों का अवगत करवाए बिना अनुपस्थिति को लेकर नोटिस जारी किए गए थे। चेतावनी एवं नोटिस दिए जाने के बावजूद कार्य में सुधार नहीं होने पर उनकी सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनधिकृत अनुपस्थिति अथवा सरकारी कार्य में बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी पर समय से उपस्थित होकर पूरी जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद द्वारा नियमित रूप से कर्मचारियों की उपस्थिति एवं कार्यों की निगरानी की जा रही है। भविष्य में भी यदि कोई कर्मचारी अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने आमजन से भी शहर को स्वच्छ एवं साफ.-सुथरा बनाए रखने में नगर परिषद का सहयोग करने की अपील की।

No comments:

Post a Comment