यात्रियों ने मौके पर पकड़ी दो महिलाएं, सोने की चेन बरामद
रेलवे पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ दर्ज किया मामला।
जींद : टोहाना से जींद की तरफ आ रही 12482 इंटरसिटी एक्सप्रेस में महिला यात्री के गले से सोने की चेन तोडऩे पर यात्रियों ने दो महिलाओं को पकड़ लिया। दोनों महिलाओं को पुलिस के हवाले किया गया। महिलाओं के पास से तोड़ी गई सोने की चैन भी बरामद कर ली है। रेलवे पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव झरवाई (भिवानी) निवासी दीपांशु ने रेलवे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी मां मायावती के साथ अपनी बहन पूनम की ससुराल समैण गांव आए हुए थे। सोमवार को उन्हें शकूरबस्ती जाना था। इसलिए उन्होंने टोहाना से शकूरबस्ती के लिए इंटरसिटी ट्रेन में जाने की योजना बनाई। सोमवार वह रेलवे स्टेशन टोहाना पहुंच गए। ट्रेन के आते ही जब वह सामान्य बोगी में सवार होने लगे तो दो महिलाओं ने उसकी मां के गले से 14.2 ग्राम सोने की चेन तोड़ ली। उसने तुरंत शोर मचाया। फिर यात्रियों ने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान एक महिला ने बताया कि उसने चेन दूसरी महिला को दी है। इसके बाद दूसरी महिला ने चोरी की चेन अपने पास होने की बात स्वीकार की और उसे वापस कर दिया। इसी दौरान ट्रेन नरवाना रेलवे स्टेशन पहुंच गई। जहां यात्रियों ने दोनों महिलाओं को रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ी गई महिलाओं की पहचान इंद्रा कालोनी रामबाग लुधियाना (पंजाब) निवासी जसविंद्र कौर और परमजीत कौर के रूप में हुई है।
रेलवे चौकी जाखल प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि महिला की गले से चेन तोडऩे के मामले में दो महिलाओं को काबू कर उनके कब्जे से तोड़ी गई सोने की चेन बरामद की है। महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
No comments:
Post a Comment