Breaking

Friday, September 25, 2026

जींद-सफीदों मार्ग के निर्माण की राह हुई आसानसात करोड़ से खंभे सड़क से दूर होंगे, बिजली के खंभे हटाने का काम शुरू

जींद-सफीदों मार्ग के निर्माण की राह हुई आसान
सात करोड़ से खंभे सड़क से दूर होंगे, बिजली के खंभे हटाने का काम शुरू

अब पेड़ काटने की मंजूरी का अदालत के आदेश का इंतजार

लगभग 56 करोड़ की परियोजना, पेड़ों की कटाई की अड़चन के कारण अधूरा है काम
Jind: पिछले लंबे समय से जींद-सफीदों मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य अटका हुआ था। सड़क के दायरे में आ रहे बिजली के खंभों को हटाने के लिए बिजली निगम ने सड़क के समानांतर दूसरी लाइन खड़ी करने का काम शुरू कर दिया है। अब बिजली की नई लाइन सड़क से लगभग पांच से सात मीटर दूरी पर लगाई जा रही है। इसके लिए करीब सात करोड़ रुपये की राशि लोक निर्माण विभाग ने बिजली निगम को जमा करवाई थी। जींद जिले में सफीदों से जींद तक करीब 10 मीटर चौड़ी सड़क तैयार की जानी है। इससे मार्ग पर यातायात सुगम होने के साथ सफीदों, पिल्लूखेड़ा और जींद के बीच आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क की मौजूदा चौड़ाई करीब सात मीटर है। सड़क निर्माण शुरू करने से पहले ही लोक निर्माण विभाग ने बिजली निगम को खंभे हटाने के लिए यह राशि जमा करवा दी थी। अब निर्माण कार्य को गति देने के लिए सबसे बड़ी नजर अदालत में चल रहे मामले पर है। पेड़ों की कटाई पर लगी रोक हटने के बाद ही सड़क का मुख्य निर्माण कार्य तेजी पकड़ सकेगा। जून में भी परियोजना के करीब पांच हजार पेड़ों की कटाई पर अदालती रोक के कारण काम प्रभावित होने की जानकारी सामने आई थी। पानीपत-सफीदों.जींद मार्ग के सुधार और चौड़ीकरण के लिए केंद्र की सीआरआईएफ योजना के तहत लगभग 57 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति 30 मार्च 2023 को मिली थी। परियोजना में पानीपत से सफीदों तक मार्ग को चार मार्गीय तथा सफीदों से जींद तक सड़क को 10 मीटर चौड़ा किया जाना है। सरकारी दस्तावेजों में भी इस परियोजना की लागत 184.44 करोड़ रुपये दर्ज है।
घोषणा के बाद भी बाधाओं में उलझा रहा काम
जींद-सफीदों मार्ग के चौड़ीकरण की घोषणा तीन अप्रैल 2022 को सफीदों में की गई थी। इसके बाद परियोजना को मंजूरी मिली लेकिन वन भूमि और पेड़ों की कटाई की अनुमति इसमें बड़ी बाधा बन गई। करीब 38 एकड़ गैर वन भूमि उपलब्ध कराने के लिए वन विभाग से अनुमति मांगी गई थी। अलग-अलग ग्राम पंचायतों की शामलात भूमि को वन विभाग के लिए उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी चली, जो बाद में जरूरत के अनुसार यह जमीन मिल गई थी। इसके बाद सड़क के दायरे में आने वाले बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर और अन्य ढांचे भी निर्माण में बाधा बने रहे। जून में भी खंभों और ट्रांसफार्मरों को हटाने की प्रक्रिया पूरी नहीं होने की बात सामने आई थी। अब बिजली के खंभों की शिफ्टिंग शुरू होने से इस दिशा में काम आगे बढ़ा है।
करीब 10 मीटर चौड़ी सड़क तैयार की जानी है
लोक निर्माण विभाग जींद के एक्सईएन राजकुमार नैन ने बताया कि पेड़ों की कटाई से जुड़ा मामला अदालत में होने के कारण मुख्य निर्माण कार्य की रफ्तार पर असर है। ऐसे में अब लोगों की नजर आगामी सुनवाई पर टिकी है। अदालती अड़चन दूर होते ही सड़क निर्माण को गति मिलने की उम्मीद है। फिलहाल खंभों को हटाने का काम शुरू हो चुका है।

No comments:

Post a Comment