जींद की बेटी श्रद्धा मंगला बनी ADA, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज ने किया सम्मान, प्रदेश में चौथा रैंक हासिल कर बढ़ाया जींद का गौरव
जींद : हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा घोषित सहायक जिला अटॉर्नी (ADA) परीक्षा के परिणाम में जींद के बैंक रोड निवासी श्रद्धा मंगला ने पूरे प्रदेश में चौथा रैंक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। श्रद्धा की इस शानदार सफलता पर अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारियों ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर श्रद्धा और उनके परिवार को बधाई दी तथा उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. राजकुमार गोयल ने कहा कि श्रद्धा ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है बल्कि पूरे जींद जिले और अग्रवाल समाज को भी गौरवान्वित किया है। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी योग्यता का लोहा मनवा रही हैं। श्रद्धा की यह सफलता अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। हमें अपनी इस बेटी पर गर्व है। श्रद्धा मंगला के पिता नरेश कुमार, माता कुसुम और भाई कृष मंगला सहित परिवार के सदस्यों ने इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने श्रद्धा और उनके परिवार को मिठाई खिलाकर खुशी सांझा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्था की ओर से श्रद्धा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ उपप्रधान सावर गर्ग, महासचिव रामधन जैन, पुष्पा अग्रवाल, सुशील सिंगला, मनीष गर्ग, सोनू जैन और रजत सिंगला, मनजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा को बधाई देते हुए कहा कि कठिन प्रतियोगी परीक्षा में प्रदेश में चौथा स्थान हासिल करना उनकी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है। श्रद्धा ने साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से बड़ी से बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है। अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों ने श्रद्धा को भविष्य में एक ईमानदार, न्यायप्रिय और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देने के लिए शुभकामनाएं दीं।
No comments:
Post a Comment