Breaking

Saturday, October 24, 2026

बिठमड़ा में पंचायत का झोटा चोरी करने का मुख्य आरोपी यूपी से गिरफ्तार

बिठमड़ा में पंचायत का झोटा चोरी करने का मुख्य आरोपी यूपी से गिरफ्तार

1 अक्टूबर को हुई थी वारदात, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उकलाना पुलिस ने की कार्रवाई; झोटे की बरामदगी के प्रयास जारी
उकलाना : गांव बिठमड़ा में पंचायत का झोटा चोरी करने के मामले में उकलाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद आसिफ पुत्र फुजला, निवासी गांव बघरा, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। हालांकि, चोरी किए गए झोटे की अभी बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों का पता लगाने और झोटे को बरामद करने के प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गांव बिठमड़ा निवासी धर्मबीर पुत्र देवा सिंह की शिकायत पर थाना उकलाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब तीन बजे अज्ञात व्यक्ति गांव से पंचायत का झोटा चोरी कर ले गए थे। वारदात के दौरान आरोपियों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं। फुटेज में वारदात के लिए आइशर मज्जा गाड़ी और मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी।

अनाज मंडी उकलाना चौकी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए मोहम्मद आसिफ को 22 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके साथियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। चोरीशुदा झोटे की बरामदगी के लिए उत्तर प्रदेश सहित अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

No comments:

Post a Comment