राधे श्याम चिल्लाना, हरविंदर राणा, राजेंद्र वर्मा ‘खुबडु’ और संजय कुमार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मिली जिम्मेदारी
जींद : सौल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी अखिल भारतीय स्तर पर ललित कलाओं के विकास, संवर्धन एवं संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का विशेष उद्देश्य आने वाली पीढ़ी के कलाकारों को सकारात्मक एवं रचनात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा स्कूल स्तर से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक कला से जुड़े विद्यार्थियों एवं कलाकारों को आवश्यक सहयोग प्रदान करना है।
इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए समिति के विस्तार को लेकर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से राधे श्याम चिल्लाना को संरक्षक, लोक गायक हरविंदर राणा, कुरुक्षेत्र, प्रसिद्ध व्यंग्य चित्रकार राजेंद्र वर्मा ‘खुबडु’, दिल्ली तथा वरिष्ठ चित्रकार संजय कुमार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया।
समिति के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त सदस्यों का अनुभव एवं कला के क्षेत्र में उनका योगदान उभरते हुए कलाकारों को उचित मार्गदर्शन एवं अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
समिति के अध्यक्ष दीपक कौशिक ने कहा कि संस्था का उद्देश्य सदैव कला और कलाकारों के हित में कार्य करना रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे स्कूलों में पढ़ने वाले कला प्रेमी विद्यार्थियों को कला सामग्री उपलब्ध करवाना हो अथवा महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर पर कला में प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और कला सामग्री की व्यवस्था करना, संस्था इन क्षेत्रों में निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि ललित कलाएं सदैव समाज को आनंद, संवेदना और प्रेरणा प्रदान करने का माध्यम रही हैं। इसलिए प्रतिभाशाली कलाकारों को उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना समाज की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर प्रांत अध्यक्ष प्रदीप कुमार, राजू शर्मा, नरेंद्र कुमार, डॉ. मोहित बब्बर, डॉ. राहुल राठौर, कमल जांगड़ा, निखिल, नीलम कौशिक, नवीन मरीचि सहित अनेक कार्यकर्ता एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment