जींदवासियों के लिए खुशखबरी, रानी तालाब पर डाक विभाग ने जारी किया विशेष आवरण
राष्ट्रीय डाक सप्ताह पर ऐतिहासिक धरोहर को फिलैटली के माध्यम से मिलेगी पहचान
विद्यार्थियों और युवाओं में बढ़ेगी रुचि
Jind: राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026 के अवसर पर भारतीय डाक विभाग के करनाल मंडल की ओर से जींद के प्रसिद्ध रानी तालाब पर विशेष डाक आवरण जारी किया गया। इस पहल का उद्देश्य जींद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ इसे व्यापक स्तर पर पहचान दिलाना है। विशेष आवरण का विमोचन करनाल मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक सुमीत गट्ट (आईपीओएस) अधीक्षक डाकघर (मुख्यालय) संजय कुमार, प्रवर डाकपाल परमिंदर तथा सहायक अधीक्षक डाकघर (मुख्यालय) राजेश कुमार ने किया। इस अवसर पर रानी तालाब को फिलैटली के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की पहल को महत्वपूर्ण बताया गया है।
*यह है फिलैटली का अर्थ*
डाक विभाग के अनुसार फिलैटली का अर्थ डाक टिकटों, विशेष डाक आवरणों, डाक मुहरों और डाक इतिहास से जुड़ी सामग्री का अध्ययन एवं संग्रह करना है। यह केवल शौक नही बल्कि इतिहास, कला, संस्कृति और विरासत को जानने का भी माध्यम है। विशेष डाक आवरणों के जरिये किसी ऐतिहासिक स्थलए विशिष्ट व्यक्तित्व या महत्वपूर्ण घटना की पहचान को संरक्षित किया जाता है।
*विद्यार्थियों और युवाओं में बढ़ेगी रुचि*
रानी तालाब पर विशेष आवरण जारी होने से जींद की ऐतिहासिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानने तथा डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिलेगा। विशेष आवरण पर संबंधित स्थल की छवि और विशेष डाक मुहर इसे संग्रहकर्ताओं के लिए भी महत्वपूर्ण बनाती है।
जींद हैड पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर नरेश कुमार ने बताया कि सोमवार को रानी तालाब पर विशेष आवरण जारी हुआ है। भारतीय डाक विभाग डाक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ देश की ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भी प्रयासरत है। रानी तालाब पर जारी यह विशेष आवरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। रानी तालाब जींद शहर की शान है। अब डाक विभाग ने रानी तालाब पर विशेष डाक आवरण जारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का काम किया है।
No comments:
Post a Comment