न्यू कृष्णा कॉलोनी में आयोजित विशाल जागरण में कृष्ण मिढढा, राजकुमार गोयल ने मुख्य अतिथि के तौर पर की शिरकत
जींद : शहर की न्यू कृष्णा कॉलोनी स्थित मां भगवती मंदिर में 24वें विशाल मां भगवती जागरण एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस विशाल जागरण में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा व अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज में मां भगवती की भेंटों का गुणगान किया वहीं इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ विधि-विधान के साथ दीप प्रज्वलन कर किया गया।
माता की ज्योत राजकुमार गोयल द्वारा प्रज्जवलित की गई।यह जागरण मंदिर के प्रमुख पुजारी अनिल पुजारी के सान्निध्य में आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्यअतिथि कृष्ण मिढढा, राजकुमार गोयल ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सेवा भावना और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का काम करते हैं। इन्होने कहा कि 24 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा हमारी आस्था और सांस्कृतिक एकता का अनूठा उदाहरण है। इस जागरण में भजन गायिका गीतू शर्मा, गायक जगदीप हरियाणवी और सोनू दुब्बलिया इत्यादि ने अपनी सुरीली आवाज में मां भगवती की भेंटों का गुणगान कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। पूरा पंडाल माता के भजनों और जयकारों से गूंज उठा।
जागरण के कार्यक्रम से पहले भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों जयपाल खोबड़ा और बलजीत रधाना ने बताया कि इस विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भगवती जागरण की सफलता के लिए संस्था के पदाधिकारी स्वरूप सिंह, महेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र बराह कलां, कुलबीर और जयवीर पिछले एक महीने से तैयारियों में जुटे हुए थे।
No comments:
Post a Comment