राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद में तीन दिवसीय क्यू-जीआईएस प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन
जींद : राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद के भूगोल विभाग द्वारा प्लेसमेंट सेल के सहयोग से 21 से 23 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय “Q-GIS Hands-on Training Workshop” का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को भौगोलिक सूचना प्रणाली की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से उनके तकनीकी एवं रोजगारोन्मुख कौशल का विकास करना था।
महाविद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षता भी अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की कार्यशालाएँ छात्राओं को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने तथा भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायक होती हैं।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता डॉ० दर्शना शर्मा ने छात्राओं को Q-GIS सॉफ्टवेयर के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने सॉफ्टवेयर के उपयोग, डिजिटल मानचित्र निर्माण तथा भौगोलिक आँकड़ों के विश्लेषण से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने बताया कि Q-GIS एक ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर है, जिसका उपयोग भूगोल, शहरी नियोजन, पर्यावरण अध्ययन, भूमि उपयोग विश्लेषण तथा संसाधन प्रबंधन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में किया जाता है। उन्होंने छात्राओं को प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
प्लेसमेंट सेल के इंचार्ज डॉ० मोहित रांगी ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में तकनीकी कौशल विद्यार्थियों के करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं की व्यावहारिक समझ विकसित करने तथा उन्हें रोजगार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में सहायक हैं।
भूगोल विभाग की ओर से डॉ० संदीप सोम ने कहा कि आधुनिक तकनीकों ने भूगोल विषय के अध्ययन एवं शोध की संभावनाओं को व्यापक बनाया है। Q-GIS जैसे सॉफ्टवेयर के माध्यम से विद्यार्थी भौगोलिक सूचनाओं का विश्लेषण, डिजिटल मानचित्र तैयार करना तथा वास्तविक समस्याओं को स्थानिक दृष्टिकोण से समझना सीख सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण छात्राओं को उच्च शिक्षा, शोध कार्य और भविष्य के रोजगार अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
भूगोल विभाग से संजू बाला ने भी कार्यशाला के आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। तीन दिवसीय कार्यशाला में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आधुनिक भौगोलिक तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी प्राप्त की।
अंत में महाविद्यालय प्रशासन, प्लेसमेंट सेल एवं भूगोल विभाग ने छात्राओं के कौशल विकास और रोजगारोन्मुख शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित करने पर बल दिया।
No comments:
Post a Comment