हरियाणा टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन के लिए शेड्यूल हुआ जारी ,16 नवम्बर से 18 नवम्बर तक होगी प्रथम चरण की परीक्षा
5वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 31 अक्टूबर तक होंगे ऑनलाइन पंजीकरण | राज्य व जिला स्तर पर मिलेगा सम्मान और पुरस्कार
परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धी सोच को बढ़ावा देना :- राजकुमार भोला
जींद: हरियाणा नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HKCL) द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय हरियाणा टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन ( एच.टी.एस.ई-2026 ) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। कक्षा 5वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी 31 अक्टूबर 2026 तक पंजीकरण कर सकते हैं। परीक्षा के प्रथम चरण का आयोजन 16 से 18 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन, जींद के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने बताया कि HTSE का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना, उनकी शैक्षणिक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना तथा उनमें आत्मविश्वास, तार्किक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी योग्यता प्रदर्शित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने बताया कि जींद जिले में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन की ओर से स्कूलों से संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आधारशिला पब्लिक स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, डीएन मॉडल स्कूल, मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल और होली हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित अनेक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से संवाद किया गया है। इसी क्रम में आधारशिला पब्लिक स्कूल की निदेशक डॉ. अंजू सिहाग को परीक्षा में विद्यार्थियों की भागीदारी के लिए आमंत्रण दिया गया।
राजकुमार भोला ने अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को इस परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक बच्चे अपनी प्रतिभा को पहचानने और निखारने का अवसर प्राप्त कर सकें।
राज्यस्तरीय एच.टी.एस.ई परीक्षा शेड्यूल –
31 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन करने वाले विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
16 से 18 नवम्बर तक प्रथम चरण की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी।
20 नवम्बर को प्रथम चरण का परिणाम घोषित किया जाएगा।
23 नवम्बर को द्वितीय चरण परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
26 से 27 नवम्बर तक राज्य स्तरीय ऑनलाइन परीक्षा (द्वितीय चरण) आयोजित होगी।
30 नवम्बर 2026 को अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा
विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार और सम्मान
प्रतियोगिता में राज्य एवं जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर चार समूहों में प्रत्येक समूह के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः ₹5,100, ₹4,100 और ₹3,100 के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे। जिला स्तर पर भी प्रत्येक समूह के प्रथम तीन विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment