हरियाणा टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन 2026 में भागीदारी के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित
कक्षा 5वीं से 12वीं तक के छात्र 31 अक्टूबर 2026 तक कर सकते हैं ऑनलाइन पंजीकरण
विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा, बस उसे सही मंच और प्रोत्साहन की आवश्यकता: राजकुमार भोला
जींद : हरियाणा के विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और उनकी शैक्षणिक क्षमताओं को निखारने के उद्देश्य से हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचकेसीएल) द्वारा आयोजित की जा रही हरियाणा टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन (एचटीएसई) 2026 को लेकर महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन, जींद के अध्यक्ष राजकुमार भोला निरंतर विभिन्न स्कूलों एवं अकादमियों में संपर्क कर विद्यार्थियों को इस परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। महात्मा गांधी शिक्षा एवम् समाज विकास संगठन के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने कैरियर वेव एकेडमी में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एचटीएसई 2026 की जानकारी दी तथा उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने और शैक्षणिक क्षमताओं को विकसित करने के लिए इस परीक्षा में भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर संस्था के एआई एक्सपर्ट मनदीप गुप्ता तथा कैरियर वे एकेडमी के निदेशक बलविंदर पंवार सहित अन्य उपस्थित रहे।
राजकुमार भोला ने कहा कि हर विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। आवश्यकता है उस प्रतिभा को पहचानने, उसे सही दिशा देने और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की। हरियाणा टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को परखने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। हमारा प्रयास है कि जींद जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा के बारे में जागरूक हों और इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखारें। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के लिए विषय संबंधी ज्ञान के साथ-साथ तार्किक क्षमता, सामान्य ज्ञान, भाषा कौशल और कंप्यूटर संबंधी बुनियादी जानकारी भी महत्वपूर्ण है। ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों को अपनी तैयारी का आकलन करने और निरंतर सीखने की प्रेरणा मिलती है।
कैरियर वेव एकेडमी के निदेशक बलविंदर पंवार ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रतिभा पहचानने वाले मंचों की जानकारी होना भी आवश्यक है। एचटीएसई 2026 जैसी पहल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सीखने की रुचि और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में सहायक हो सकती है। हम विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को ऐसी शैक्षणिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित करते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि एचटीएसई 2026 में सत्र 2026–27 में कक्षा 5वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थी अपनी कक्षा के अनुसार निर्धारित समूहों में भाग ले सकते हैं। एचकेसीएल की अधिसूचना के अनुसार परीक्षा कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन माध्यम से दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पंजीकरण की अवधि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। इच्छुक विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट www.hkcl.in/htse के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं
No comments:
Post a Comment