*गंभीर परिस्थितियों से निपटने के लिए जींद पुलिस पूरी तरह सक्षम व तत्पर - आईजीपी*
जींद: पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रैंज रोहतक हामिद अखतर आईपीएस ने जिला जींद का दौरा कर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की । इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था ड्यूटी हेतु गठित दो पुलिस कंपनियों का निरीक्षण किया तथा दंगा-निरोधक उपकरणों, सुरक्षा संसाधनों एवं प्रशिक्षण व्यवस्था का सूक्ष्म निरीक्षण किया ।
पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रैंज रोहतक हामिद अखतर आईपीएस का पुलिस लाईन जींद में पहुचने पर पुलिस अधीक्षक जींद श्रीमती उपासना आईपीएस द्वारा स्वागत किया गया । पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रैंज रोहतक ने पुलिस लाईन जींद ग्राउण्ड में पुलिस कंपनियों का निरीक्षण कर पुलिस ड्रील अभ्यास पर अत्यधिक बल दिया ।
आईजीपी हामिद अखतर आईपीएस ने कंपनियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जवानों के दंगा-निरोधक उपकरण पूर्णतः कार्यशील स्थिति में रहें तथा नियमित अभ्यास के माध्यम से किसी भी गंभीर एवं विकट परिस्थिति से निपटने की तैयारियां सुदृढ़ रखी जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की तत्परता ही शांति व्यवस्था की सबसे बड़ी गारंटी है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जींद श्रीमती उपासना भा.पु.से , उप पुलिस अधीक्षक जींद श्री संदीप कुमार, उप पुलिस अधीक्षक नरवाना श्री कमलदीप राणा, उप पुलिस अधीक्षक श्री नवीन अहलावत व उप पुलिस अधीक्षक श्री ऋषभ सौढी सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे । अधिकारियों ने आईजीपी महोदय को जिले में लागू सुरक्षा प्रबंधों, पुलिस बल की तैनाती तथा अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक जींद श्रीमती उपासना भा.पु.से. ने बताया कि जिला जींद में लॉ एंड ऑर्डर की दो कंपनियां सक्रिय हैं, जिनमें प्रत्येक में 107 जवान व अधिकारी नियुक्त हैं। इसके अतिरिक्त दो स्वैट टीमों का गठन भी किया गया है, जो शॉर्ट नोटिस पर तुरंत ड्यूटी के लिए तैयार रहती हैं। कंपनियों का नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित है, जिसके अंतर्गत जवानों को विषम एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
निरीक्षण उपरांत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रैंज रोहतक कि अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी उप पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी व सभी कार्यालय पुलिस अधीक्षक जींद कि शाखाओं के ईचांर्ज उपस्थित रहे ।
बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रैंज रोहतक श्री हामिद अखतर आईपीएस ने संवेदनशील क्षेत्रों, सीलिंग प्लान, रिस्पांस टाइम, पेट्रोलिंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की विस्तार से समीक्षा की । उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि या सोशल मीडिया के माध्यम से शांति भंग करने के प्रयासों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ।
पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रैंज रोहतक ने कहा कि जन-सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जींद पुलिस किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः सक्षम एवं सजग है । उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी पुलिस जवानों को साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित किया जाए ताकि उनका मनोबल उच्च बना रहे ।
पुलिस अधीक्षक जींद ने आश्वस्त किया कि पुलिस मुख्यालय से जारी सभी निर्देशों की कड़ाई से पालना की जा रही है तथा जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यरत है।
इस समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला जींद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना रहा ।
No comments:
Post a Comment