Breaking

Saturday, October 24, 2026

अग्रोहा धाम मेले में जींद से जाएगी कई बसे, सैकड़ों श्रद्धालु होंगे शामिल, शरद पूर्णिमा पर अग्रोहा धाम में कल सजेगा भक्ति और संस्कृति का महाकुंभ

अग्रोहा धाम मेले में जींद से जाएगी कई बसे, सैकड़ों श्रद्धालु होंगे शामिल, शरद पूर्णिमा पर अग्रोहा धाम में कल सजेगा भक्ति और संस्कृति का महाकुंभ,
जींद : शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय मेले को लेकर जींद जिले के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु अग्रोहा धाम पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जींद जिले से कई बसों की व्यवस्था भी की गई है। मेले में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित अग्रोहा धाम जाने की तैयारी कर रहे हैं। अग्रोहा धाम के प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने बताया कि जीन्द से आईडी गोयल, रामबिलास मितल, मयंक गर्ग, सावर गर्ग, दीपक गोयल, नीरज गोयल, अशोक गोयल इत्यादि पदाधिकारी अग्रोहा धाम मेले की तैयारियों में लगे हैं।  
गोयल ने बताया कि यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और भारतीय संस्कृति को समर्पित एक विशाल उत्सव है। हर वर्ष की तरह इस बार भी देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस मेले में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना, आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल भंडारे सहित अनेक आयोजन होंगे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों, संत-महात्माओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
गोयल ने बताया कि प्रसिद्ध भजन गायिका अंजलि द्विवेदी की प्रस्तुतियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी। मेले के दौरान कलश यात्रा, ध्वजारोहण, माता महालक्ष्मी का छप्पन भोग और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु शक्ति सरोवर में स्नान कर विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकेंगे। उन्होने बताया कि अग्रोहा धाम परिसर में माता महालक्ष्मी, महाराजा अग्रसेन, माता सरस्वती, माता वैष्णो देवी, तिरुपति बालाजी, भैरव बाबा और रामेश्वर धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों के दर्शन किए जा सकते हैं। इस राष्ट्रीय मेले में मां गंगा अवतरण, 90 फुट ऊंची बाबा हनुमान जी की प्रतिमा तथा श्री कृष्ण लीला और श्री राम लीला पर आधारित विद्युत संचालित झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए झूलों की व्यवस्था भी की जाएगी।

No comments:

Post a Comment