Breaking

Monday, November 9, 2026

दिवाली की रात हिसार में जोरदार धमाके से दहली ज्ञानपुरा गांव, गंभीर रूप से झुलसी महिला की जींद में उपचार के दौरान मौ+त

दिवाली की रात हिसार में जोरदार धमाके से दहली ज्ञानपुरा गांव, गंभीर रूप से झुलसी महिला की जींद में उपचार के दौरान मौत

धमाके के बाद जमीन पर बेसुध मिली दो बच्चों की मां पूनम, गर्दन के नीचे लगी थी गंभीर चोट; धमाके का कारण स्पष्ट नहीं, बरवाला पुलिस जांच में जुटी
हिसार/जींद : दिवाली की रात जहां लोग दीपोत्सव की खुशियां मना रहे थे, वहीं हिसार जिले के ज्ञानपुरा गांव में अचानक हुए तेज धमाके ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। धमाके की चपेट में आने से पूनम नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए जींद लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, ज्ञानपुरा गांव निवासी पूनम दिवाली की रात अपनी भतीजी के साथ किसी काम से घर के बाहर की तरफ गई हुई थी। इसी दौरान रात करीब 9 बजे अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य तुरंत घर से बाहर पहुंचे तो पूनम जमीन पर बेसुध पड़ी मिली। उसकी ठोड़ी के नीचे गर्दन के पास गंभीर चोट लगी हुई थी। परिजनों ने बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिजनों को नहीं पता धमाका कहां से हुआ

मृतका के परिजन संदीप ने बताया कि दिवाली के दिन परिवार के सभी सदस्य घर पर ही थे। पूनम अपनी भतीजी के साथ किसी काम से बाहर गई थी। रात करीब 9 बजे अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी। जब वे परिवार के साथ बाहर पहुंचे तो पूनम जमीन पर पड़ी हुई थी। उसकी ठोड़ी के नीचे चोट लगी थी और अंदरूनी रक्तस्राव हो रहा था।

संदीप के अनुसार, जिस समय धमाका हुआ, उस समय मौके पर कोई पटाखे नहीं चला रहा था। परिवार को भी यह जानकारी नहीं है कि धमाका किस चीज से हुआ और आवाज कहां से आई। पूनम के पास खड़ी उसकी भतीजी ने भी ऐसी कोई चीज नहीं देखी, जिससे धमाके के कारण का पता चल सके।

दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

पूनम दो बच्चों की मां थी। उसके पति टावर कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। दिवाली की रात हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मां की मौत से दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।

खानपुर मेडिकल कॉलेज में होगा पोस्टमार्टम

महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद बरवाला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। जींद में चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के लिए शव को मेडिकल कॉलेज खानपुर भेजने की प्रक्रिया की। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों और चोट की प्रकृति को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बरवाला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि दिवाली की रात आखिर ऐसा कौन-सा धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से पूनम की जान चली गई। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

No comments:

Post a Comment