Breaking

Friday, September 5, 2025

September 05, 2025

शिकायतों का त्वरित निपटान सुनिश्चित करें- एडीसी विवेक आर्य

शिकायतों का त्वरित निपटान सुनिश्चित करें- एडीसी विवेक आर्य

पोर्टल पर एक्शन टेकन रिपोर्ट पूरी तरह से भरी जाए और संबंधित फोटो सहित समय पर अपलोड की जाए-अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य
जींद :  लघु सचिवालय स्थित सभागार में शुक्रवार को अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान शिविर, जन संवाद तथा सीएम विंडो के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि पोर्टल पर एक्शन टेकन रिपोर्ट पूरी तरह से भरी जाए और संबंधित फोटो सहित समय पर अपलोड की जाए।
इससे पूर्व चंडीगढ़ मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लंबित मामलों की समीक्षा की गई है। उन शिकायतों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है जिन पर त्वरित व गंभीर कार्रवाई की आवश्यकता है। इस संबंध में सभी उपायुक्तों को लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं।
एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि विकास एवं पंचायत, राजस्व, नगर परिषद तथा पुलिस विभाग में अपेक्षाकृत अधिक शिकायतें लंबित हैं, इसलिए इन विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निपटान करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों का समाधान समय पर नहीं किया गया तो संबंधित विभाग स्वयं इसके लिए जवाबदेह होंगे।
उन्होंने कहा कि शिकायतों को निपटाने में तेजी और गंभीरता दोनों आवश्यक हैं।यदि किसी मामले में स्वाभाविक रूप से अधिक समय लगना है तो शिकायतकर्ता को स्पष्ट कारण बताकर संतुष्ट किया जाए, ताकि मामले को बार-बार रिओपन न करना पड़े। साथ ही पोर्टल पर एटीआर अपडेट करते समय देरी के कारणों का उल्लेख करें और स्पष्ट एटीआर भरें ।  एडीसी ने जानकारी दी कि अब तक समाधान प्रकोष्ठ पर कुल 9720 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 8420 मामलों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई प्रक्रिया में है और जल्द ही उनका निस्तारण कर दिया जाएगा। बैठक में डीएमसी सुरेंद्र सिंह, सीटीएम मोनिका, डीआरओ राजकुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
September 05, 2025

जेल लोक अदालत के माध्यम से बंदियों के मामलों का किया जा रहा है निपटाराःसीजेएम मोनिका

जेल लोक अदालत के माध्यम से बंदियों के मामलों का किया जा रहा है निपटाराःसीजेएम मोनिका

-जिला कारागार में जेल लोक अदालत का हुआ आयोजन

-13 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का होगा आयोजन
जींद : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम मोनिका ने बताया कि हरियाणा राज्य जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष डा. चंद्रहास के निर्देशानुसार जिला कारागार में जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजीएम मोनिका ने बताया कि इस लोक अदालत में तीन मामले विचाराधीन रखे गए, जिसमें से एक मुकदमे का मौके पर ही निपटान किया गया तथा बंदी पर अन्य कोई मुकदमा न हो तो रिहा करने के आदेश पारित किए गए।
सीजीएम मोनिका ने जेल में रह रहे बंदियों से बातचीत कर उन्हें मुक्त कानूनी सेवाओं में अपील के अधिकार से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैदियों से उनके केशों में आ रही मुश्किलों को सुना व समस्याओं के समाधान संबंधी जानकारी दी। सीजेएम ने जेल बंद में बंद कैदियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने केस की पैरवी करने के लिए वकील की जरूरत है तो वह निशुल्क कानूनी सेवा के लिए प्राधिकरण के वकील की सेवा ले सकता है। इस संबंध में लिखित दरखास्त जेल प्रशासन के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जींद के कार्यालय में भेजी जा सकती है।
सीजेएम मोनिका ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए की महिला बंदियों की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, कानूनी सलाह रहन-सहन, खाने पीने से संबंधित निरीक्षण किया जाए। आमजन राष्ट्रीय विधिक सेवा सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 पर घर बैठे किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 13 सितंबर 2025 को न्यायिक परिषद जींद, नरवाना व सफीदों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ-साथ प्रत्येक कार्य दिवस स्पेशल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर जेल उप अधीक्षक, एलएडीसी चीफ नन्दमोहन शर्मा, एलएडीसी सहायक प्रियंका व जसबीर सहित जेल कारागार के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
September 05, 2025

लिव इन रिलेशनशिप कानून को खत्म किया जाए : टेकराम कंडेला

सर्वजातीय खाप पंचायत ने की सामाजिक मुद्दों पर चर्चा
लिव इन रिलेशनशिप कानून को खत्म किया जाए : टेकराम कंडेला
जींद : सर्वजातीय खाप पंचायत के राष्ट्रीय संयोजक व कंडेला जन कल्याण फाउंडेशन व भारतीय किसान मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष टेकराम कंडेला ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। जिसमें लिव इन रिलेशनशिप को खत्म करने की बात कही गई। साथ ही लड़का व लड़की की शादी माता-पिता की सहमती  से की जाए व हरियाणा सरकार को सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने जो विधानसभा में आवाज उठाई है, उस पर गंभीरता से अमल करवाया जाए। पंजाब व हरियाणा में बाढ़ प्रभावित लोगों को संगठन की तरफ  से व केंद्र व पंजाब और हरियाणा सरकार से मांग की कि लोगों की हरसंभव मदद की जाए। हरियाणा प्रदेश के सभी गांव मिलकर पंजाब में बाढ़ ग्रस्त लोगों की पूरी तरह से मदद करें। कंडेला ने बताया कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने जो बयान दिया है, हर परिवार में तीन बच्चों को लेकर यह बयान आज के समय को देखते हुए दिया गया है। क्योंकि आज के समय में किसी भी परिवार में दुर्घटना हो जाने पर परिवार सदमें में पहुंच जाता है। इसलिए दो या तीन बच्चे होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजनीति या पंचायती या सामाजिक क्षेत्र में व्यक्ति 80 वर्ष की आयु तक स्वस्थ है तो समाज सेवा करते रहना चाहिए। कंडेला ने केंद्र सरकार से मांग की है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में बढ़ोत्तरी की जाए, जो किसान इससे वंचित रह गए हैं उनको इसका लाभ दिया जाए। उन्होंने हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की कि सहकारी बैंकों में जो बिना बयाज के एक लाख तक का का लोन दिया जाता है, उसको बढ़ाकर पांच लाख किया जाए। कंडेला ने कहा कि सर्वखाप कंडेला जन कल्याण फाउंडेशन व भारतीय किसान मजदूर यूनियन का जो संयुक्त संगठन बना हुआ है, पूरे उत्तरी भारत में मजबूती से कार्य कर रहा है। इसके लिए संगठन के सभी पदाधिकारीयों से आह्वान किया गया है। इस संगठन में ज्यादा से ज्यादा और नए लोगों को जोड़ा जाए ताकि संगठन को और मजबूती मिल सके। इन सभी मुद्दों को लेकर प्रदेश, राष्ट्रीय स्तर पर कई कमेटियों का गठन किया गया है जो इन सभी मुद्दों को लेकर जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। हरियाणा को नशा मुक्त करना, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना व सामाजिक ताना-बाना बनाए रखने की बात कही गई। बैठक में किसान यूनियन के प्रधान अजमेर दालमवाला, हजूरा सिंह कंडेला, वेद प्रकाश कंडेला, रामकिशन रेढू, फकीरिया रेढू, राममेहर रेढू, सुरेश पूनिया, सतबीर सिंह गोयत, ओमप्रकाश व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
September 05, 2025

भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर किया

भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर किया सार्वजनिक
बाढ़ की आशंका बनती है तो किसी भी समय मेरे से कर सकते हैं संपर्क : देवेंद्र अत्री
जींद : भाजपा विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने अपना मोबाइन नंबर 90501-99999 को सोशल मीडिया के माध्यम से अपने फेसबुक से सार्वजनिक किया। विधायक ने कहा कि अगर किसी भी तरह की बाढ़ की आशंका बनती है तो हलके के गांव का कोई भी व्यक्ति किसी भी समय बिना किसी हिजक के मोबाइल नंबर पर कॉल करके संपर्क कर सकता है। किसी भी तरह की सहायता फोन कॉल करके मांग सकता है। क्योंकि जनता की सेवा के लिए जनता द्वारा भी उन्हें चुना गया है। 24 घंटे वो जनता की सेवा के लिए तैयार है। प्रशासन, सरकार ओर वो स्वयं 24 घंटे उचाना के हर व्यक्ति, किसान के साथ खड़े है। हमारी नजर हमारे उचाना परिवार की सुरक्ष और खेती पर है। पल-पल की अपडेट जहां जलभराव की स्थिति है उसको लेकर अधिकारियों से ले रहे है। सुरबरा गांव में जाकर खेतों में भरे पानी का जायजा लेकर किसानों से भी मुलाकात की थी। हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
लोगों ने की विधायक की इस पहल की तारीफ
सुरेश, रामनिवास, पवन, सतबीर, मांगेराम एवं राजू ने कहा कि लगातार बारिश के बाद उचाना क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बने है। विधायक द्वारा खुद का नंबर सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक करना साबित करता है कि वो लोगों के लिए कितनी चिंता करते है। इस तरह का विधायक आज तक नहीं देखा जो हर घड़ी में लोगों के साथ डट कर खड़ा हो। पहले जो विधायक बनते थे वो बातें तो करते थे लेकिन काम नहीं करते थे। 50 साल के बाद उचाना को ऐसे विधायक मिला है जो बातें नहीं करता बल्कि काम करता है। हर समय लोगों के बीच रहता है।
September 05, 2025

बीजेपी सरकार के जीएसटी फैसले से आम आदमी, किसान और दुकानदारों को मिली बड़ी राहत

बीजेपी सरकार के जीएसटी फैसले से आम आदमी, किसान और दुकानदारों को मिली बड़ी राहत
रोटी, कपड़ा और मकान जैसी मूलभूत जरूरतें पूरी करने में आसानी होगी
आमजन पर महंगाई का बोझ होगा काम 
जींद : बीजेपी सरकार ने 56वीं जीएसटी काउंसिल बैठक में आम आदमी, किसानों और दुकानदारों के लिए कई अहम फैसले लिए हैं, जिन्हें उचाना के लोगों ने खूब सराहा है। इन फैसलों से रोटी, कपड़ा और मकान जैसी मूलभूत जरूरतें पूरी करने में आसानी होगी और महंगाई का बोझ कम होगा।
युवा भाजपा नेता रूद्राक्ष मिड्ढा ने कहा कि सरकार ने जीएसटी को दो स्लैब्स पांच प्रतिशत और 18 प्रतिशत में बांटने का निर्णय लिया है। जिससे पहले के 12 प्रतिशत और 28 प्रतिशत स्लैब हट गए हैं। इससे खाद्य पदार्थ, दवाइयां और बुनियादी कपड़े सस्ते होंगे। इस फैसले से खेती के उपकरणों की कीमतें कम होंगी। जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और जीवनयापन आसान होगा। 
उन्हांने किसानों, दुकानदारों और छात्रों के लिए सरकार के इन फैसलों को ऐतिहासिक बताया है। जहां पहले की सरकारों पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगता था वहीं भाजपा सरकार को महंगाई कम करने और आम आदमी के हित में काम करने के लिए धन्यवाद दिया जा रहा है।
व्यापारी नेता बबलू गोयल ने कहा कि सरकार ने बीड़ी, सिगरेट और गुटखे पर जीएसटी को 40 प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला किया है। इससे नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए यह जरूरी कदम है। इससे युवा इन चीजों को नही खरीदेंगे, जिससे गांवों में नशे की समस्या में कमी आएगी। 40 प्रतिशत जीएसटी बढने से युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी। भाजपा नेता डा. राज सैनी ने कहा कि बिजली उपकरणों के दाम कम होने से दुकानदारों और ग्राहकों को फायदा होगा। जीएसटी स्लैब कम होने से बिजली के उपकरण सस्ते होंगे। अब बिक्री बढ़ेगी और आम आदमी को मूलभूत सुविधाएं आसानी से मिलेंगी।
September 05, 2025

7 सितंबर को पूर्णिमा की तिथि पर चंद्र ग्रहण का साया...

7 सितंबर को पूर्णिमा की तिथि पर चंद्र ग्रहण का साया...

ऐसे में क्या पितृ पक्ष से पहले सत्यनारायण की कथा करा सकते हैं?

7 सितंबर है विशेष...चंद्र ग्रहण, पितृपक्ष से पहले पूर्णिमा का अद्भुत संयोग
चंडीगढ़ : भारतीय पंचांग परंपरा में हर तिथि का अपना अलग महत्व है, लेकिन जब पूर्णिमा (Purnima) और चंद्र ग्रहण (Chandra Grahan 2025) साथ आ जाए, और उसके अगले दिन पितृ पक्ष (Pitru Paksha 2025) आरंभ हो, तब वह तिथि बहुत ही विशेष हो जाती है. ये तिथि आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक भाव से परिपूर्ण हो जाती है.
आइए शास्त्रों और ज्योतिषीय ग्रंथों के आलोक में समझें कि इस दिन सत्यनारायण की कथा (Satyanaryan Katha) करने से क्या पुण्य मिलता है और कौन से गोचर संयोग इसके महत्व को और गहरा कर रहे हैं.
*सत्यनारायण व्रत का शास्त्रीय आधार*

सत्यनारायण व्रत का उल्लेख प्रमुख रूप से स्कंदपुराण में मिलता है. कथा में वर्णन है कि इस व्रत को करने से जीवन की हर बाधा दूर होती है, परिवार में सुख-शांति आती है और धन-धान्य की वृद्धि होती है.
सत्यनारायण को भगवान विष्णु का ही एक सुलभ और गृहस्थों के लिए अनुकूल रूप माना गया है. कथा सुनने-कराने से दरिद्रता का नाश, रोगों से मुक्ति, संतान सौभाग्य और मानसिक शांति प्राप्त होती है.

भारत के अधिकांश क्षेत्रों में पूर्णिमा की रात यह कथा कराने की परंपरा है. विशेषकर भाद्रपद पूर्णिमा पर इसे और भी अधिक लाभकारी माना गया है.
*पूर्णिमा का महत्व*

धर्मसिंधु के अनुसार पूर्णिमायां तु यः स्नाति दानं जप्यं च यः कुर्यात्. तस्य पुण्यफलं तात गंगास्नानस्य तद्भवेत्. अर्थात पूर्णिमा को किया गया स्नान, जप और दान गंगास्नान के बराबर फलदायी होता है.
मुहूर्त चिंतामणि में स्पष्ट उल्लेख है कि पूर्णिमा देवताओं के लिए अत्यंत प्रिय है. यह तिथि चंद्रमा की पूर्ण कलाओं का प्रतीक है और जप, तप, व्रत, दान और कथा-श्रवण के लिए उत्तम मानी जाती है.

*7 सितंबर 2025 का पंचांग और ग्रह-गोचर* (Panchang)
तिथि: पूर्णिमा (समाप्ति रात 11:38 बजे)
नक्षत्र: शतभिषा (रात्रि 9:41 बजे तक), फिर पूर्वाभाद्रपदा
योग: सुकर्मा (सुबह 6:10–9:23 बजे तक)
भद्रा: 12:43 बजे दोपहर तक
सूतक: 12:57 बजे दोपहर से (ग्रहण आरंभ से 9 घंटे पहले)
चंद्र राशि: कुंभ
सूर्य राशि: सिंह
विशेष: पूर्ण चंद्र ग्रहण (आरंभ 9:58 PM, मध्य 11:42 PM, मोक्ष 1:26 AM)
ग्रहण और सूतक का प्रभाव (Sutak Time)
7 सितंबर 2025 को रात को पूर्ण चंद्र ग्रहण होने के कारण सूतक दोपहर में ही लग जाएगा. शास्त्रों के अनुसार सूतक लगने के बाद सामान्य पूजा-पाठ, नैवेद्य अर्पण और कथा-श्रवण वर्जित हो जाते हैं.
ग्रहण काल में किया गया मंत्र-जप, ध्यान और स्तोत्र पाठ सामान्य दिनों से हजार गुना फलदायी माना गया है. ग्रहण समाप्ति के बाद स्नान, दान  का महत्व है.

पितृ पक्ष से पूर्व का विशेष महत्व (Pitru Paksha)
7 सितंबर की रात पूर्णिमा है और 8 सितंबर से पितृ पक्ष शुरू. यह संयोग इसलिए खास है कि पूर्णिमा को भगवान विष्णु की पूजा और सत्यनारायण कथा से पितरों की संतुष्टि भी होती है.
अगले दिन पितृ पक्ष प्रारंभ होने से, कथा का पुण्य सीधे पितरों को समर्पित हो सकता है. ब्रह्मपुराण में कहा गया है कि जो व्यक्ति पितृ पक्ष से पहले सत्यनारायण की पूजा करता है, उसके पितरों को शांति और मोक्ष का लाभ होता है.

*शुभ मुहूर्त – कब करें पूजा?* (Shubh Muhurat)
सुबह 6:30 से 10:30 बजे तक-सबसे उपयुक्त समय.
सूतक आरंभ (12:57 PM) से पहले पूजा और कथा पूरी कर लेना श्रेयस्कर.
दोपहर का अभिजित मुहूर्त (11:54–12:44 PM) उपलब्ध है, लेकिन 12:43 तक भद्रा रहने से व्यावहारिक रूप से कठिन.
इसलिए पारिवारिक दृष्टि से सुबह का समय सर्वोत्तम है.
सत्यनारायण कथा की विधि
सुबह स्नान के बाद संकल्प लें.
वेदी पर भगवान विष्णु या सत्यनारायण की प्रतिमा स्थापित करें.
गणेश पूजन, नवग्रह पूजन और कलश स्थापन करें.
पांच अध्यायों की कथा श्रद्धापूर्वक सुनें या कराएं.
पंचामृत, फल, मिठाई आदि का नैवेद्य अर्पण करें.
आरती के बाद प्रसाद वितरण करें और ब्राह्मणों या जरूरतमंदों को दान दें.
चंद्र ग्रहण काल में क्या करें? (Chandra Grahan)
ओम नमो नारायणाय या ओम विष्णवे नमः का जाप करें. भगवान विष्णु के शंख, चक्र, गदा, पद्म स्वरूप का ध्यान करें. ग्रहण समाप्त होने के बाद अन्न, वस्त्र या दक्षिणा दें.

*सत्यनारायण कथा से क्या लाभ मिलता है?*
मान्यता है कि भाद्रपद पूर्णिमा की सत्यनारायण कथा से विवाह और संतान में आने वाली अड़चनें दूर होती हैं. व्यापार में उन्नति और परिवार में सौहार्द बढ़ता है. पितृ पक्ष से ठीक पहले होने के कारण पूर्वजों की आत्मा तृप्त होती है.

स्कंदपुराण के अनुसार सत्यनारायण व्रत सभी इच्छाओं को पूर्ण करने वाला. वहीं पद्मपुराण के अनुसार पूर्णिमा व्रत से दान और जप का पुण्य सहस्रगुना होता है. जबकि मुहूर्त चिंतामणि में लिखा है कि पूर्णिमा की तिथि देव-पूजन, दान और व्रत के लिए श्रेष्ठ है लेकिन भद्रा काल में गृह-प्रवेश या विवाह न करें.

श्रद्धालुओं को चाहिए कि इस दिन सुबह सूतक से पहले सत्यनारायण कथा कर सकते हैं, रात को ग्रहण काल में मंत्र-जप करें और चंद्र ग्रहण समाप्त के बाद स्नान-दान द्वारा पुण्य को पूर्ण करें.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि www.haryanabulletinnews.com ओर Haryana Bulletin News किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
September 05, 2025

Teacher’s Day 2025: 5 सितंबर को ही क्यों मनाया जाता है शिक्षक दिवस, जानिए इसका इतिहास और महत्व

Teacher’s Day 2025: 5 सितंबर को ही क्यों मनाया जाता है शिक्षक दिवस, जानिए इसका इतिहास और महत्व
नई दिल्ली : हर साल 5 सितंबर को देशभर में शिक्षक दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है. यह दिन सिर्फ छात्रों और शिक्षकों के बीच के रिश्ते को खास नहीं बनाता बल्कि शिक्षा के महत्व को भी दर्शाता है. दरअसल, इस तारीख को देश के दूसरे राष्ट्रपति और महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन होता है. ऐसे में चल‍िए अब आपको बताते हैं क‍ि शिक्षक द‍िवस इसी द‍िन क्‍यों मनाया जाता है और इसका इत‍िहास क्‍या है. 
*शिक्षक दिवस की शुरुआत कब और कैसे हुई?*

शिक्षक दिवस की शुरुआत 1962 से हुई थी. जब डॉ. राधाकृष्णन भारत के राष्ट्रपति बने तो उनके छात्रों और दोस्तों ने उनके जन्मदिन को खास तौर पर मनाने की बात कही. इस पर उन्होंने सुझाव दिया कि उनके जन्मदिन को मनाने के बजाय इस दिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाए. तभी से 5 सितंबर का दिन शिक्षकों को समर्पित कर दिया गया. 
*कौन थे डॉ. राधाकृष्णन?*

डॉ. राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 को तमिलनाडु के तिरुत्तनी में हुआ था. दर्शनशास्त्र में उनकी गहरी पकड़ थी और उन्होंने मैसूर यूनिवर्सिटी सहित कई संस्थानों में पढाया. वह 1952 से 1962 तक भारत के पहले उपराष्ट्रपति और 1962 से 1967 तक दूसरे राष्ट्रपति रहे. शिक्षा को लेकर उनकी सोच और योगदान ने उन्हें एक आदर्श शिक्षक और प्रेरणास्रोत बना दिया. 
*क्यों खास है यह दिन?*

शिक्षक दिवस का मकसद सिर्फ शिक्षकों को सम्मान देना नहीं है, बल्कि यह याद दिलाता है कि शिक्षक हमारे जीवन को दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं. शिक्षक न केवल ज्ञान बांटते हैं, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण और समाज की नींव मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं. इस दिन देशभर के स्कूल, कॉलेज में इस दिन अलग ही उत्साह देखने को मिलता है. छात्र-छात्राएं इस द‍िन अपने शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित करते हैं. कई जगहों पर इस द‍िन छात्र शिक्षक बनकर कक्षाएं लेते हैं वहीं शिक्षक छात्रों की भूमिका निभाते हैं.

Thursday, September 4, 2025

September 04, 2025

हरियाणा सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों से प्रशिक्षित जनशक्ति जुटाने के उद्देश्य से एक व्यापक पहल शुरू की है, जिसमें राज्य सरकार के कर्मचारियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को नागरिक सुरक्षा सेवाओं में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा

चंडीगढ़, 4 सितंबर -- हरियाणा सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों से प्रशिक्षित जनशक्ति जुटाने के उद्देश्य से एक व्यापक पहल शुरू की हैजिसमें राज्य सरकार के कर्मचारियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को नागरिक सुरक्षा सेवाओं में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने इस पहल के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा बुनियादी ढांचे के पुनरुद्धार के राष्ट्रीय अभियान के साथ इसके संरेखण पर ज़ोर दिया जाएगा। उन्होंने कहाष्यह पहल आपात स्थितियों के दौरान हमारे देश की तैयारी और प्रथम प्रतिक्रिया क्षमता को महत्वपूर्ण रूप से मज़बूत करेगी।ष्

 *नागरिक सुरक्षा जुटाने के लिए त्रि-आयामी रणनीति*

डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि एक व्यापक त्रि-सूत्रीय रणनीति की रूपरेखा तैयार की गई है जिसे राज्य सरकार नागरिक सुरक्षा क्षमताओं को मज़बूत करने के लिए तुरंत लागू करेगी। पहले चरण में राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान नागरिक सुरक्षा सेवाओं के महत्व और भागीदारी के लिए उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डालेगा।

जागरूकता अभियान के बादएक स्वैच्छिक नामांकन अभियान शुरू किया जाएगा। प्रदेश सरकार इच्छुक कर्मचारियों को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक के रूप में नामांकन के लिए सक्रिय रूप से प्रोत्साहित करेगी। इस पहल का उद्देश्य सामुदायिक सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों को बढ़ाने के लिए सरकारी कर्मचारियों की पेशेवर विशेषज्ञता और कौशल का लाभ उठाना है।

कर्मचारी-हितैषी कदम उठाते हुए प्रदेश सरकार उन कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश भी प्रदान करेगी जिन्हें नागरिक सुरक्षा कर्तव्यों का पालन करने या प्रशिक्षण सत्रों में भाग लेने के लिए बुलाया जाता है। यह प्रावधान किसी कर्मचारी के नियमित कार्य कार्यक्रम या लाभों पर नकारात्मक प्रभाव डाले बिना बाधाओं को दूर करने और व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए बनाया गया है।

डॉ. मिश्रा ने इस बात पर प्रकाश डाला कि सरकारी कर्मचारियों की संगठनात्मक और तकनीकी विशेषज्ञता को एकीकृत करने से प्राकृतिक आपदाओं और संकटों के दौरान राज्य की प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने आगे कहाष्एक लचीले और प्रभावी नागरिक सुरक्षा ढांचे के निर्माण में उनका प्रशासनिक अनुभव एक महत्वपूर्ण संपत्ति है।

 

September 04, 2025

*गोवंश के संरक्षण के लिए सरकार है प्रतिबद्ध -मंत्री विपुल गोयल*

*गोवंश के संरक्षण के लिए सरकार है प्रतिबद्ध -मंत्री विपुल गोयल*

*मंत्री ने रोहतक की 6 गौशलाओं के चारे के लिए 1.45 करोड़ रुपये से अधिक के चेक किए वितरित*
चंडीगढ़ -हरियाणा के शहर स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि गौवंश के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है और प्रदेश की सभी पंजीकृत गोशालाओं को पशु चारे के लिए अनुदान देने की पहल मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने की है। इसी कड़ी में उन्होंने आज आज यूटी गेस्ट हाउस चंडीगढ़ में रोहतक की 6 गौशालाओं को 1 करोड़ 45 लाख 72 हजार 800 की राशि के चेक वितरित किए।

मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि बेसहारा गौवंश को गौशाला में पहुंचाने के लिए सरकार प्रयासरत है और सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं भी सहयोग के लिए आगे आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने हरियाणा गौ सेवा आयोग के बजट में अभूतपूर्व वृद्धि की गई है। गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार द्वारा कदम उठाएं जा रहे हैं और इस दिशा में कई गौशालाएं बेहतर कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान भी गौवंश को चारे की समस्य़ा न हो, इस दिशा में सरकार कदम उठा रही है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जिला प्रशासन को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के दिशा-निर्देश जारी किए हैं और नियमित रूप से जिला उपायुक्तों के साथ वे स्वयं भी स्थित की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।

*इन गौशालाओं को दिए गए चेक*

मंत्री द्वारा रोहतक की श्री गौशाला खिड़वाली, श्री हरियाणा पिंजरो गौशाला गोरखनाथ तीर्थ, लावारिस पीड़ित पशु सेवा संघ, जन सेवा संस्थान, श्री वैश्य व्यायामशाला एवं गौशाला तथा श्री बाबा मस्तनाथ पीड़ित बीमार लावारिस गौशाला बोहर को चेक वितरित किए।  
*मंत्री ने सिरसा के उपायुक्त से फोन पर बातचीत कर घग्घर नदी के पानी की स्थिति की ली जानकारी* 

श्री विपुल गोयल ने सिरसा के उपायुक्त से फोन पर बातचीत भी की और घग्घर नदी में पानी की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के साथ अधिकारी तालमेल बनाए रखें। सिरसा जिले में घग्घर नदी के साथ वाले क्षेत्रों में जलभराव की संभावना अधिक रहती है। जिला उपायुक्त ने मंत्री को आश्वास दिया कि सभी आवश्य़क कदम उठाए जा रहे हैं।
September 04, 2025

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर दी शुभकामनाएं

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर दी शुभकामनाएं
चंडीगढ़ - हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर देश और प्रदेश के सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षक युवा पीढ़ी को ज्ञान, मूल्यों और विवेक से संपन्न बनाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनका निस्वार्थ समर्पण न केवल विद्यार्थियों के भविष्य को संवारता है, बल्कि एक मजबूत, प्रगतिशील और समावेशी समाज की नींव भी रखता है। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा में शिक्षक सदैव मार्गदर्शक शक्ति रहे हैं और उन्होंने पीढ़ी दर पीढ़ी युवाओं को राष्ट्रहित में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया है।

नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह शिक्षा क्षेत्र में परिवर्तन का एक दूरदर्शी रोडमैप है। उन्होंने शिक्षकों से इसके सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया, ताकि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार, जिज्ञासा और समग्र शिक्षा की भावना को बढ़ावा मिल सके।

राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत को ज्ञान आधारित और विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी राष्ट्र बनाने के विज़न को साकार करने में शिक्षक अग्रणी भूमिका निभाते रहेंगे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा ने स्कूल नामांकन, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और उच्च शिक्षा जैसे अनेक क्षेत्रों में सराहनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों स्तरों पर शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ बनाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता यह दर्शाती है कि समाज के सभी वर्गों को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का संकल्प मजबूत है।

राज्यपाल ने अंत में सभी से आह्वान किया कि वे शिक्षकों की अथक सेवा और योगदान का सम्मान करें, क्योंकि वे केवल विद्यार्थियों का ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का भविष्य संवारते हैं।
September 04, 2025

*प्रभावित सड़कों पर हादसों को रोकने के लिए इंतजाम करें अधिकारी: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा*

*लोक निर्माण विभाग की बैठक: मंत्री रणबीर गंगवा ने दिए कड़े निर्देश*

*बारिश से प्रभावित सड़कों की मरम्मत, गड्ढे भरने और पुलों की सुरक्षा पर जोर*

*प्रभावित सड़कों पर हादसों को रोकने के लिए इंतजाम करें अधिकारी: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा*

*प्रभावित सड़कों का डेटा और मैपिंग करके हेडक्वार्टर भेजने को कहा*
चंडीगढ़-- हरियाणा में हाल ही लगातार हुई बारिश से प्रभावित हुई सड़कों की मरम्मत और क्षतिग्रस्त सड़कों पर किसी प्रकार से हादसा ना हो, इसे लेकर लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने विभाग के अधिकारियों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए हैं। श्री गंगवा ने कहा कि सड़क पर गहरे गड्ढे होने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए उन्हें तुरंत भरवाने का काम किया जाए। जिन स्थानों पर तुरंत मरम्मत संभव न हो, वहां पहले चेतावनी के साइन बोर्ड लगाए जाएं ताकि किसी भी जान-माल की हानि से बचा जा सके।

चंडीगढ़ स्थित सचिवालय के कार्यालय में मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने लोक निर्माण विभाग की आपातकालीन बैठक लेते हुए प्रदेश से गुजरने वाली तमाम सड़कों पर मौजूदा परिस्थितियों बारे रिपोर्ट ली।

बैठक में यह भी चर्चा हुई कि किन जिलों में पुल और सड़कों पर बारिश का असर अधिक पड़ा है। जिलावार रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने पुलों और कल्वर्ट्स की स्थिति की नियमित जांच कराने पर भी जोर दिया। हालांकि फिलहाल प्रदेशभर में स्थिति नियंत्रण में बताई गई है, लेकिन भारी बारिश और पानी निकलने के बाद हालात बदल सकते हैं। इसको देखते हुए विभाग को अलर्ट रहने और हर स्तर पर मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश भी कैबिनेट मंत्री श्री गंगवा ने दिए हैं।

*अधिकारी रहें अलर्ट, पुलों की सूचना भेजें*

लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने निर्देश दिए गए कि ट्रैफिक व्यवस्था किसी भी प्रकार से प्रभावित ना हो। जहां सड़क पर पानी खड़ा होता है वहां स्थायी समाधान के लिए कल्वर्ट बनाए जाएं, ताकि हर साल की समस्या से एक बार में छुटकारा मिल सके। इसके साथ ही सभी पुलों और कल्वर्ट्स का निरीक्षण किया जाए। किसी भी पुल पर खतरे की स्थिति बनने पर तुरंत रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाए। बारिश में पुल इत्यादि प्रभावित होने को लेकर श्री गंगवा ने कहा कि इस प्रकार के मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारी अलर्ट पर रहें।


*फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द, ड्यूटी पर रहें*

 फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सभी कर्मचारी और जेई/एसडीओ फील्ड में तैनात रहेंगे और स्टेशन नहीं छोड़ेंगे। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि सभी बेलदारों को ड्यूटी पर लगा दिया गया है। मंत्री ने कहा कि हर अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में मौजूद रहे और मुख्यालय को समय-समय पर रिपोर्ट भेजें। श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि अधिकारी हमेशा मोबाइल फोन ऑन रखें और जनसमस्या की शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लें।


*बारिश के बाद की तैयारी अभी से करें*

यदि बाढ़ अथवा ज्यादा पानी के बहाव के कारण कहीं सड़क कट जाती है तो उसकी फौरी तौर पर मरम्मत करने के विकल्प तलाशे जाएं, और अगर गड्ढे हैं जो संबंधित एरिया के एसडीओ और जेई जेसीबी की सहायता से उसे ठीक करवायें, ताकि आमजन को किसी प्रकार से दिक्कत ना हो। मंत्री श्री गंगवा ने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि बारिश थमने के बाद ट्रैफिक दबाव से सड़कों की हालत और बिगड़ सकती है। ऐसे में विभाग को अभी से मैपिंग कर लेनी चाहिए कि किन मार्गों और पुलों पर रिपेयरिंग की सबसे अधिक जरूरत पड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “बारिश के बाद जनता को असुविधा न हो, इसके लिए मरम्मत कार्य में तेजी लाना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।”

*गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं*

 मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को साफ कहा कि क्वालिटी से कोई समझौता नहीं होगा। जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी काम समयबद्ध तरीके से और जिम्मेदारी से पूरे किए जाएं। हरपथ एप और अन्य माध्यमों से आने वाली शिकायतों का निपटान तुरंत किया जाए। जनता की समस्याओं के समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, प्रमुख अभियंता श्री अनिल दहिया, श्री राजीव यादव सहित आला अधिकारियों के अलावा वर्चुअल तरीके से विभाग में कार्यरत प्रदेश भर के अधीक्षण अभियंता, कार्यकारी अभियंता, एसडीओ व जेई जुड़े थे।
September 04, 2025

*हरियाणा मेडिकल काउंसिल ने 10 टीबी रोगियों को गोद लेकर किया पोषण किट वितरण, ‘निक्षय मित्र’ पहल को दी नई गति*

*हरियाणा मेडिकल काउंसिल ने 10 टीबी रोगियों को गोद लेकर किया पोषण किट वितरण, ‘निक्षय मित्र’ पहल को दी नई गति*
चंडीगढ़-- हरियाणा सरकार द्वारा ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान’ को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में लगातार सराहनीय कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव सिंह के नेतृत्व में हरियाणा के स्वास्थ्य महानिदेशक और हरियाणा मेडिकल काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. मनीष बंसल तथा हरियाणा मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. मनदीप सचदेवा ने संयुक्त रूप से 10 टीबी (क्षय रोग) रोगियों को ‘निक्षय मित्र’ के रूप में गोद लिया और उन्हें पोषण किट भी प्रदान की।

इस अवसर पर डॉ. मनीष बंसल ने कहा कि, 'प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत 'सामुदायिक सहायता कार्यक्रम' का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य टीबी रोगियों को उपचार के दौरान अतिरिक्त पोषण और अन्य सहायता प्रदान करना है। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य टीबी के उपचार के परिणामों को बेहतर बनाना है। "टीबी को हराने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ सामुदायिक भागीदारी भी बहुत महत्वपूर्ण है। हम सभी को मिलकर इस दिशा में काम करना चाहिए।

डॉ. मनदीप सचदेवा ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि एक डॉक्टर होने के नाते यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम न केवल मरीजों का इलाज करें, बल्कि उन्हें मानसिक और पोषण संबंधी सहायता भी प्रदान करें।
डॉ. मनीष बंसल ने कहा कि ‘निक्षय मित्र’ पहल कार्यक्रम की शुरुआत 9 सितंबर 2022 को माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य उपचाररत टीबी रोगियों को समाज के विभिन्न वर्गों से सहयोग उपलब्ध कराना है। इस पहल के तहत कोई भी व्यक्ति, कॉर्पोरेट संस्था, गैर-सरकारी संगठन या समूह 'निक्षय मित्र' बन सकता है और टीबी रोगी को गोद लेकर उसके उपचार के दौरान सहायता कर सकता है। इसमें पोषण सहायता, अतिरिक्त नैदानिक परीक्षण, व्यावसायिक सहयोग और मानसिक संबल देने जैसे कार्य शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य टीबी रोगियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना, उन्हें दवा समय पर लेने के लिए प्रेरित करना, उपचार पूरा करवाना, साथ ही समाज में व्याप्त कलंक और भेदभाव को कम करना हैं। इस पहल का सबसे बड़ा लक्ष्य है कि मरीज को बीमारी से लड़ने की शक्ति मिले और वह आत्मविश्वास के साथ उपचार पूरा कर सके।

उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य में ‘निक्षय मित्र’ पहल को व्यापक समर्थन मिल रहा है। वर्तमान समय में प्रदेश में 7,240 निक्षय मित्र सक्रिय हैं, जिन्होंने अब तक 75,957 टीबी रोगियों को पोषण किटें उपलब्ध कराई हैं। प्रदेश में कुल 2,33,597 पोषण किटों का वितरण किया जा चुका है, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकार और समाज मिलकर इस मुहिम को गति प्रदान कर रहे हैं।
September 04, 2025

*जीएसटी की दरों में बदलाव से सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे: ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज*

*जीएसटी की दरों में बदलाव से सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे: ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज*

*जीएसटी की दरों कम करने व स्लैब बदलाव के निर्णय से सभी वर्गों को फायदा होगा: अनिल विज*

*प्रधानमंत्री ने जीएसटी की दरों में बदलाव करके विकास के पहिए को गति देने का काम किया: विज*

*अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व गति देने के लिए श्री विज ने एक्स पर लिखा: "नरेंद्र मोदी इज ग्रेट"*
चंडीगढ़ : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) की दरों में कमी करने और स्लैब बदलाव पर लिए गए निर्णय से सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे। इस निर्णय से सभी वर्गों को फायदा होगा।प्रधानमंत्री ने जीएसटी की दरों में बदलाव करके विकास के पहिए को गति देने का काम किया है।

श्री विज आज मीडिया कर्मियों द्वारा जीएसटी की दरों में कमी और स्लैब में हुए बदलाब के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। उधर, श्री विज ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट भी किया है, उन्होंने लिखा कि "जीएसटी की दरों में बदलाव से आर्थिक विकास, निवेश और मांग बढ़ने से देश की अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व गति आएगी। नरेंद्र मोदी इज ग्रेट"।

कैबिनेट मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी की दरों को सरल करने के साथ साथ कम करके विकास के पहिये को गति देने का काम किया है।

श्री विज ने अर्थव्यवस्था के चक्र के संबंध में कहा कि "यह चक्र होता है अगर दाम कम होंगे तो लोग ज्यादा खरीदारी करेंगे, यदि खरीदारी ज्यादा होगी तो ज्यादा मांग भी बढ़ेगी, यदि ज्यादा मांग बढ़ेगी तो ओर ज्यादा कारखाने खुलेंगे, कारखाने ज्यादा खुलेंगे तो लोगों को रोजगार मिलेगा, लोगों को रोजगार मिलेगा तो वह अपनी आय से दोबारा बाजार से खरीदारी करेंगे और फिर दोबारा से मांग बढ़ेगी"। 

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इस प्रकार से भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास का पहिया तेजी से चला दिया है।
September 04, 2025

सांसद सुभाष बराला ने 56वीं जीएसटी परिषद बैठक के फैसलों को बताया ऐतिहासिक

सांसद सुभाष बराला ने 56वीं जीएसटी परिषद बैठक के फैसलों को बताया ऐतिहासिक

*सांसद ने कहा – जनता, किसानों और उद्योगों को मिलेगा लाभ*
चंडीगढ़ - राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला ने 56वीं जीएसटी परिषद की बैठक में लिए गए फैसलों का स्वागत करते हुए इन्हें ऐतिहासिक और दूरगामी प्रभाव डालने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण और परिषद के सभी सदस्यों के दूरदर्शी नेतृत्व में लिए गए निर्णय आम नागरिकों, किसानों, उद्योगों और व्यापार जगत को बड़ी राहत देने वाले हैं।
सांसद श्री बराला ने कहा कि जीएसटी दरों का युक्तिकरण कर अब प्रमुख दरें 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत लागू होंगी। इससे कर प्रणाली और सरल होगी तथा आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं पर कर घटाकर जनता की जेब पर पड़ने वाला बोझ कम किया गया है। उन्होंने कहा कि रोटी, परांठा जैसी वस्तुएं अब करमुक्त होंगी। खाद्य वस्तुओं, दुग्ध उत्पादों और पैकेज्ड फूड पर जीएसटी दरों में कमी की गई है। मक्खन व ड्राई फ्रूट्स पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है।
सांसद श्री सुभाष बराला ने कहा कि किसानों के लिए भी  राहतकारी फैसले लिए गए है। कृषि उपकरण, ट्रैक्टर पार्ट्स, सिंचाई व जुताई मशीनों पर कर कम किया गया है।उर्वरक और जैव-कीटनाशकों पर जीएसटी दरों में कमी की गई है।ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा उपकरणों पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है। इससे हरित ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलेगा और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।वस्त्र उद्योग व छोटे व्यापारियों को भी इन फैसलों से लाभ होगा। करों में राहत मिलने से उनके कारोबार की लागत घटेगी और प्रतिस्पर्धा की क्षमता बढ़ेगी।
सांसद श्री बराला ने कहा कि हरियाणा इन ऐतिहासिक निर्णयों का स्वागत करता है। उन्होंने बताया कि राज्य में एसजीएसटी संग्रहण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2018-19 में जहां एसजीएसटी संग्रह ₹18,910 करोड़ था, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर ₹39,743 करोड़ हो गया है, जो कि 110 प्रतिशत की वृद्धि है। सीमित जनसंख्या वाले प्रदेश हरियाणा का एसजीएसटी संग्रहण देश में 5वें स्थान पर है। सांसद श्री सुभाष बराला ने कहा कि यह निर्णय केंद्र सरकार की आमजन, किसानों और उद्योग जगत के प्रति संवेदनशीलता और दूरदृष्टि को दर्शाते हैं। इससे अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, रोजगार सृजन होगा और हरियाणा सहित पूरे देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा।
September 04, 2025

*हरियाणा में बनेंगे क्वालिटी पर खरे उतरने वाले प्रोडक्ट - रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव*

*हरियाणा के आईएमटी सोहना में लिथियम आयन बैटरी निर्माण का एशिया का सबसे बड़ा मेगा प्रोजेक्ट शुरू*

*हरियाणा में बनेंगे क्वालिटी पर खरे उतरने वाले प्रोडक्ट - रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव*
चंडीगढ़ – हरियाणा सरकार की औद्योगिक नीति से प्रभावित होकर व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से आईएमटी सोहना में जापान की प्रसिद्ध कंपनी एटीएल ने करीब 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करते हुए लिथियम आयन बैटरी निर्माण का एशिया का सबसे बड़ा पहला प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से करीब 5 हजार से अधिक युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा। अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी से तैयार लिथियम आयन बैटरी की निर्माण इकाई की स्थापना से हरियाणा की पहचान औद्योगिक क्षेत्र में नए रूप से उभरेगी।
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आईएमटी सोहना में एटीएल बैटरी टेक्नोलॉजी (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के इस मेगा प्रोजेक्ट का वीरवार को शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, टीडीके ग्रुप से सैटो व शशिदा, मुख्यमंत्री के विदेशी सहयोग सलाहकार पवन चौधरी, आईसीडब्ल्यूए से पंकज महेंद्रू भी उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जिस तरह जापान अपने प्रोडक्ट बनाने में क्वालिटी पर भरोसा करता है, उसी तरह अब हरियाणा में भी क्वालिटी पर खरे उतरने वाले प्रोडक्ट बनाए जाएंगे। आधुनिक भारत में आज इलेक्ट्रॉनिक से संबंधित सभी सामान बनाए जा रहे हैं, जिसका सीधा लाभ देश के उपभोक्ताओं व युवाओं को रोजगार के रूप में मिल रहा है।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि आज का यह दिन हरियाणा के औद्योगिक इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के दूरदर्शी नेतृत्व में हरियाणा आज आत्मनिर्भरता, नवाचार और वैश्विक सहयोग का पर्याय बन चुका है।
उन्होंने कहा कि एटीएल ग्रुप (टीडीके कॉरपोरेशन, जापान) ने हरियाणा की धरती पर अत्याधुनिक लिथियम आयन बैटरी निर्माण इकाई स्थापित कर ऐतिहासिक पहल की है। प्रदेश को औद्योगिक क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए आने वाले समय में प्रदेश में जल्द ही 10 नए औद्योगिक शहर विकसित किए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा और 5 हजार से ज्यादा युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा। वर्ष 2020 में कंपनी ने बावल में भी एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर 1500 से अधिक रोजगार दिए थे।
उद्योग मंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार की हरियाणा एंटरप्राइजेज व *इम्पॉयमेंट* पॉलिसी, एमएसएमई नीति, स्टार्टअप नीति के तहत निवेश व रोजगार सृजन के लिए बड़े पैमाने पर अवसर उपलब्ध करा रही हैं।

डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, दिल्ली-एनसीआर की नजदीकी, सड़क व रेल नेटवर्क, लॉजिस्टिक क्षमता और मजबूत सप्लाई चेन हरियाणा को देश का सबसे आकर्षक औद्योगिक हब बना रहे हैं।