Breaking

Thursday, September 18, 2025

September 18, 2025

उचाना से विधायक देवेंद्र अत्री की चुनाव याचिका को खारिज करने की अर्जी उच्च न्यायालय ने अस्वीकार की , 19 सितम्बर को सुनवाई होगी अब

उचाना से विधायक देवेंद्र अत्री की चुनाव याचिका को खारिज करने की अर्जी उच्च न्यायालय ने अस्वीकार की , 19 सितम्बर को सुनवाई होगी अब
चंडीगढ़ : जींद जिले की उचाना विधानसभा सीट 2024 चुनावों के वोटों की रिकाउंटिंग पर रोक लगाने की मांग को लेकर MLA देवेंद्र अत्री द्वारा लगाई गई याचिका को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री की तरफ से बृजेंद्र सिंह की संशोधित याचिका को खारिज करने की मांग की गई थी।
बता दें कि उचाना सीट पर भाजपा के देवेंद्र अत्री ने मात्र 32 वोटों से बृजेंद्र सिंह को हराया था। मार्च में बृजेंद्र सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें कहा गया था कि जो कैंसिल या रिजेक्ट वोट होते हैं, यदि उसका अंतर इलेक्शन की हार-जीत के अंतर से ज्यादा है, तो गिनती खत्म होने के बाद उन सभी कैंसिल वोटों की दोबारा से जांच रिटर्निंग अधिकारी को मौके पर करनी होती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
कोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति अनूप चिटकारा की अदालत ने 11 सितंबर को सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। आज इस पर निर्णय सुनाते हुए देवेंद्र अत्री की याचिका को खारिज कर दिया है। अब बृजेंद्र सिंह की याचिका पर नियमित सुनवाई शुरू होगी। जिसके लिए 19 सितंबर की डेट लगी है। जिस पर चार्ज फ्रेम करने की कार्रवाई शुरू होगी #uchna #haryana #haryanabulletinnews 
September 18, 2025

राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
पंचकूला सेक्टर एक के राजकीय महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक पर हमला करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग
जींद : राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थानीय ईकाई ने गुरूवार को प्राचार्य कार्यालय के समक्ष एकत्र होकर पंचकूला सेक्टर एक के राजकीय महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक पर हुए जानलेवा हमले की घोर निंदा की। दोपहर को सभी शिक्षक व शिक्षिकाएं एकजुट होकर डीसी कार्यालय पहुंचे और प्राचार्य के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा महाविद्यालय परिसरों और उनके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शिक्षकों ने यह भी कहा कि जिस प्रकार से दिन दिहाड़े एक शिक्षक पर हमला हुआ है वह पूरे शैक्षणिक समाज के लिए चिंता का विषय है और इससे विद्यार्थियों में भी असुरक्षा का माहौल पैदा होता है। ऐसी घटनाएं न केवल शिक्षक की गरिमा को ठेस पहुँचाती हैं बल्कि समाज के बौद्धिक परिवेश पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती हैं। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है और यदि वही सुरक्षित नहीं रहेगा तो शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शिक्षकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और दोषियों को उदाहरण प्रस्तुत करने लायक कठोर दंड दिया जाए। यदि समय रहते प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इस अवसर पर डा. राजेश बूरा, डा. सुमिता आशरी, रवि कुमार, गुरदीप, प्रीति, जितेंद्र शर्मा सहित अनेक शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए न्याय की मांग की।
September 18, 2025

प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री कांची सिंह कल जीन्द में ब्यूटी टैलेंट अवॉर्ड शो की होगी सेलिब्रिटी गेस्ट,गोयल फर्नीचर होंगे वीआईपी गेस्ट

प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री कांची सिंह कल जीन्द में
ब्यूटी टैलेंट अवॉर्ड शो की होगी सेलिब्रिटी गेस्ट,
गोयल फर्नीचर होंगे वीआईपी गेस्ट
जींद : शहर में कल 19 सितम्बर को ग्लैमर और क्रिएटिविटी से भरपूर “ब्यूटी टैलेंट अवॉर्ड शो” का आयोजन होने जा रहा है। यह विशेष कार्यक्रम आर. एम. स्टार क्रीम के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री कांची सिंह सेलेब्रिटी गेस्ट के तौर पर उपस्थित रहेंगी जो विजेताओं को अवार्ड प्रदान करेंगी। गोयल फर्नीचर जीन्द इस शो के वीआईपी गेस्ट होंगे।
इस कार्यक्रम में लाइव क्लासेस और लाइव डेमो की व्यवस्था रहेगी। लाइव क्लासेस एयरब्रश मेकअप द्वारा किया जाएगा। वही लाइव डेमो करूणा मेकओवर, सलमान मलिक, आचल वर्मा और नीतिश सैनी द्वारा किया जाएगा। समारोह का आयोजन संतोष शर्मा और मोहम्मद राजा मलिक द्वारा किया जा रहा है। इस समारोह में अवार्ड शो के साथ साथ मेकअप प्रतियोगिता व मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह शो ब्यूटी और टैलेंट को एक मंच पर लाने का सुनहरा अवसर है।
September 18, 2025

फर्जी दस्तावेजों पर लोन लेकर हडपा, तीन पर मामला दर्ज

फर्जी दस्तावेजों पर लोन लेकर हडपा, तीन पर मामला दर्ज
गाडिय़ों के फर्जी दस्तावेज देकर कंपनी से लोन लेने का आरोप
जींद : फर्जी दस्तावेज के आधार पर फाइनेंस करवा लोन राशि को हड़पने पर शहर थाना पुलिस ने फाइनेंस कंपनी की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फाइनेंस कपनी के मैनेजर योगश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कपंनी की ब्रांच शहर में है। जो गाडियों पर लोन की सुविधा देती है। गांव बालोट निवासी गुलाब सिंह, भिवानी निवासी अजीत तथा भावना ने उनकी कंपनी से फाइनेंस करवाया था। आरोपितों ने लोन लेते समय दस्तावेज दिए थे। जिसके आधार पर लोन किया गया। आरोपित लोन लेने के बाद उसे हडप गए और लोन किश्तों का भुगतान नही किया। जब आरोपितों के दस्तावेजों की जांच की गई तो वे फर्जी पाए गए। शहर थाना पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
September 18, 2025

नशामुक्त युवा, भयमुक्त समाज का संकल्प : एसपी

नशामुक्त युवा, भयमुक्त समाज का संकल्प : एसपी
जिले में 195 गांव काहुआ सर्वे, 144 क्षेत्र नशा मुक्त घोषित
युवाओं से नशे से दूर रह, समाज उत्थान में योगदान की अपील
यातायात नियमों की पालना, साइबर ठगी को लेकर किया जागरूक
जींद : एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि जिला पुलिस का एक ही संकल्प है कि जिला का युवा नशा मुक्त हो और भयमुक्त समाज हो। जिसके लिए सभी लोगो को मिल कर प्रयास करना है। उन्होने युवाओ से अहवान किया कि वे नशे से दूर रह कर समाज उत्थान तथा ग्राम विकास में अपना रचनात्मक सहयोग दें। साइबर ठगी के प्रति जागरूक करते हुए नशे से शरीर तथा समाज को होने वाले नुकसान बारे में बारिकी से बताया और यातायात नियमों की पालना करने को कहा। 
एसपी कुलदीप सिंह बुधवार को गांव रामकली में नशा मुक्ति अभियान के तहत ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर उन्होंने पौधा रोपण के साथ गांव में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का हांैसला भी बढाया।  
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि पुलिस का मकसद कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे की अंधेरी दुनिया से निकाल कर उज्जल भविष्य की राह पर ले जाना है ताकि युवा शिक्षा, सेवा, खेल और सकारात्मकता की राह पर चले। जिससे समाज में शांति, सहयोग और सुरक्षा का माहौल बने। उन्होंने कहा कि नशा शरीर के साथ परिवार तथा समाज को खोखला करता है। जिससे अपराध व हिंसा का माहौल बनता है। जब युवा नशामुक्त होगा तो भयमुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण होगा।
195 गांव का अबतक हुआ सर्वे, 144 क्षेत्र नशा मुक्त
 
जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा अबतक 195 गांवों का सर्वे किया गया है। जिसमें 1523 लोग नशे की गिरफ्त में पाए गए हैं। जिनके इलाज के लिए पांच नशा मुक्ति केंद्र संचालित हैं। जिले में 120 गांव और 24 वार्ड को नशा मुक्त घोषित किए गए हैं। जिसके लिए पुलिस द्वारा 543 कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 25 विशेष कैंप लगाए गए। जिसमें 788 लोगो ने  कैंपो में भाग लिया। जिनमें से 616 नशा पीडि़तों की काउंसलिंग हुई। जिसमे 907 नशा पीडि़तों को दवा उपलब्ध करवाई गई है। जिनमें से 195 युवा पूरी तरह नशा छोड़ चुके हैं।  साइबर अपराधो से निपटने के लिए जागरूक रहना होगा

एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि साइबर अपराधों में बढोत्तरी हुई है। जिस से बचने के लिए जागरूक होना जरूरी है। ठग नए नए तरीके अपना कर लोगों के साथ ठगी कर रहे है। अनजान लिंक पर क्लिक न करें। किसी कॉल पर अपनी निजी जानकारी सांझा न करें। उन्होंने यातायात नियमों की अनदेखी करने वालो को दूसरे लोगों की जान को जोखिम मे डालने वाला बताया। एएसपी सोनाक्षी सिंह ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा ही सही मायने मे  सशक्तिकरण है। पुलिस हर परिस्थिति में महिलाओं के साथ खड़ी है। हमारा संकल्प है कि बेटियों को भयमुक्त माहौल मिले और वे आत्मविश्वास के साथ समाज में आगे बढ़ें। इस अवसर पर नशा मुक्ति टीम के इचार्ज नरेश कुमार, सरपंच रामतीर्थ, राजा नंबरदार, सरंपच एसोसिएशन जिला प्रधान सुधीर बुआना समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
September 18, 2025

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “महाराजा अग्रसेन रेलवे स्टेशन” किए जाने पर हरियाणा के अग्रवाल समाज ने जताया आभार

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “महाराजा अग्रसेन रेलवे स्टेशन” किए जाने पर हरियाणा के अग्रवाल समाज ने जताया आभार
नई दिल्ली/चंडीगढ़ : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ राजकुमार गोयल ने भारतीय रेलवे द्वारा पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “महाराजा अग्रसेन रेलवे स्टेशन” किए जाने के ऐतिहासिक निर्णय का हार्दिक स्वागत और आभार व्यक्त किया है।
राजकुमार गोयल ने कहा कि यह कदम न केवल अग्रवाल समाज बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। महाराजा अग्रसेन जी ने सदैव अहिंसा, समानता और लोककल्याण का संदेश दिया। उनका नाम भारत की महान सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
उन्होंने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा और समाज में भाईचारे व सेवा भाव को और सशक्त बनाएगा।

Wednesday, September 17, 2025

September 17, 2025

राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद में “क्यू-जीआईएस हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण” विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला

राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद में “क्यू-जीआईएस हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण” विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला
जींद : प्लेसमेंट सेल, राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद द्वारा भूगोल विभाग के सहयोग से 15 से 17 सितम्बर 2025 तक तीन दिवसीय कैरियर उन्मुख राष्ट्रीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “क्यू-जीआईएस हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण (Q-GIS Hands-on Training)” था, जिसका उद्देश्य छात्राओं को जियोग्राफिक इन्फॉर्मेशन सिस्टम (GIS) के व्यावहारिक उपयोग एवं तकनीकी ज्ञान से सशक्त बनाना था।
कार्यशाला का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य श्री नरेंद्र धूल जी द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को तकनीकी दक्षता अर्जित करने हेतु प्रेरित किया।
मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित डा. दर्शना वशिष्ठ, सहायक प्राध्यापक, ई-5 महिला महाविद्यालय, गढ़ी हिसार, ने Q-GIS सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली, व्यावहारिक अनुप्रयोगों तथा रोजगार के अवसरों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
भूगोल विभागाध्यक्ष श्री अजीत सिंह जी ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि GIS आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में एक अत्यंत आवश्यक कौशल बन गया है, जो छात्राओं को विभिन्न करियर क्षेत्रों में आगे बढ़ने का मार्ग प्रदान करता है।
प्लेसमेंट सेल के प्रभारी श्री मोहित रांगी जी ने छात्राओं को GIS जैसे तकनीकी क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगारपरक अवसरों के प्रति जागरूक किया एवं ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
भूगोल विभाग के अन्य संकाय सदस्य – डा. संदीप राणा, सुश्री संजु बाला, सुश्री कमलेश, श्री परवीन, सुश्री रेनू बाला एवं श्री सुरेंद्र सिंह – ने कार्यशाला की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तीन दिवसीय इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया और Q-GIS सॉफ्टवेयर के माध्यम से GIS के व्यावहारिक पक्ष को गहराई से समझा। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
September 17, 2025

नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस ने डिप्टी स्पीकर को दिया निमंत्रण

नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस ने डिप्टी स्पीकर को दिया निमंत्रण
सेवा सदन में माता-पिता की याद में 19 को आयोजित कर रहे हैं रक्तदान शिविर
जींद : नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस ने डिप्टी स्पीकर डा. राजेश भोला ने परिवार सहित हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा से मुलाकात की और अपने माता-पिता की याद में 19 सितंबर को हिंदू कन्या महाविद्यालय के निकट सेवा सदन में आयोजित कर रहे रक्तदान शिविर के लिए निमंत्रण दिया। डा. भोला ने कहा कि इस बार रक्तदान शिविर की थीम जीते जी रक्तदान व जाते-जाते नेत्रदान के साथ-साथ पौधारोपण रहेगी। इसके अलावा शिविर में आए लोगों को रक्तदान की महत्ता के साथ-साथ मतदान की महत्ता को लेकर भी जागरूक किया जाएगा। शिविर में बीपी, शुगर व अन्य टैस्ट भी किए जाएंगे। डा. राजेश भोला ने बताया कि हर वर्ष की भांति वह इस वर्ष भी अपने माता-पिता की याद में दूसरा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर रविवार को होगा। शिविर से पहले पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया जाएगा। शिविर में मुख्यअतिथि के तौर पर हरियाणा विधानसभा डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा करेंगे। साथ ही सभी रक्तदाता इस कार्यक्रम के मुख्यअतिथि होंगे और सभी रक्तदाताओं को ही सम्मानित किया जाएगा। डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला, पत्नी सीमा भोला व बेटे कार्तिक भोला ने बताया कि उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नही होता है। रक्तदान करने वालों के साथ उन असहाय और जरूरतमंद लोगों की दुआएं हमेशा साथ रहती हैं, जिनके लिए उनका दिया हुआ खून काम आता है। इस समय रक्त का दूसरा कोई विकल्प नहीं है। रक्त की कमी रक्त से ही पूरी की जा सकती है। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं, युवाओं से आह्वान किया कि स्वयं रक्तदान करने के साथ-साथ अपने साथियों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें। रक्तदान का शरीर पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है।

Monday, September 15, 2025

September 15, 2025

भाजपा द्वारा जीएसटी में छूट दिए जाने की तारिफ हर वर्ग कर रहा : नेहा धवन

भाजपा द्वारा जीएसटी में छूट दिए जाने की तारिफ हर वर्ग कर रहा : नेहा धवन

भाजपा की जब से सरकार है तब से लोगों के आंसू पौंछने का काम किया जा रहा है।
जींद : भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता नेहा धवन ने कहा कि जब कांग्रेस जीएसटी लेकर आ रहे थे तो उसमें अनियमितताएं थी। भाजपा ने गंभीरता से इन अनियमितताओं पर काम किया और स्टडी करने के बाद जीएसटी को लागू किया। इसमें अच्छी चीजें भी डाली गई और फिर जीएसटी लागू किया गया। पहले एक चीज पर अलग-अलग प्रदेशों में अलग-अलग टैक्स लगता था लेकिन जब पूरे देश में एवरेज स्लैब को जीएसटी में चुना गया। अब जीएसटी में और भी छूट दी है। इसकी आमजनमानस तारिफ कर रहा है। भाजपा की जब से सरकार है तब से लोगों के आंसू पौंछने का काम किया है। इसे जनता ने मान लिया है। अगर जनता नही मानती तो तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनाने का काम जनता नही करती। 
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता नेहा धवन सोमवार को पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। नेहा धवन ने कहा कि एक ओर जहां उपभोक्ता को इससे लाभ होगा वहीं उद्योगपतियों को भी लाभ होगा। सरकार ने जीएसटी की दरों में बदलाव कर जनता को काफी लाभ दिया है। केंद्र सरकार ने कर प्रणाली में बड़े स्तर पर सुधार शुरू किया है। इसके तहत जीएसटी को नए स्वरूप में लाया गया है। दैनिक प्रयोग की हर वस्तु का कर कम किया गया है। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता नेहा धवन ने कहा कि कांगे्रस ने तो हमारे भारतीय सैनिकों पर भी प्रश्न चिन्ह खड़े किए हैं। कांग्रेस ने हर बात पर प्रश्र उठाए हैं। जीएसटी तो छोडि़ए प्रधानमंत्री तक पर प्रश्रचिन्ह लगाए तो विपक्ष जीएसटी को क्यों छोड़ेगी। राहुल गांधी ने तो विदेशों में भी भारत की छवि खराब करने का काम किया है।
September 15, 2025

हिंदी के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले शिक्षकों को मिला प्रशस्ति पत्र : राजेश वशिष्ठ

पहला कदम फाउंडेशन ने 50 शिक्षकों को किया सम्मानित
हिंदी के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले शिक्षकों को मिला प्रशस्ति पत्र : राजेश वशिष्ठ
जींद : हिंदी दिवस के अवसर पर शिक्षा और सामाजिक कार्यों में अग्रणी संस्था पहला कदम फाउंडेशन ने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 50 शिक्षकों को सम्मानित किया। यह समारोह हिंदी के महत्व और शिक्षकों के अमूल्य योगदान को समर्पित था। फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश वशिष्ठ ने इन शिक्षकों को सर्टिफिकेट प्रदान कर उनका हौंसला बढ़ाया। राजेश वशिष्ठ ने कहा कि हिंदी हमारी पहचान और गौरव का प्रतीक है और इसे जन-जन तक पहुंचाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पहला कदम फाउंडेशन का उद्देश्य केवल सम्मान करना नही बल्कि उन लोगों को प्रेरित करना है जो समाज को बेहतर बनाने के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। फाउंडेशन का मानना है कि शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। इस अवसर पर पहला कदम फाउंडेशन के अन्य सामाजिक कार्यों पर भी प्रकाश डाला गया। फाउंडेशन शिक्षा के क्षेत्र में अनेक पहलें चलाता है, जिनमें बच्चों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन, नैतिकता और आत्म-विश्वास का विकास, जरूरतमंदों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण शामिल है। राजेश वशिष्ठ ने कहा कि पहला कदम फाउंडेशन एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है और भविष्य में भी शिक्षा तथा सामाजिक कार्यों में सराहनीय योगदान देने वालों को स मानित करता रहेगा। यह सम्मान समारोह न केवल शिक्षकों का स मान था, बल्कि यह हिंदी भाषा और उसके महत्व के प्रति एक प्रतिबद्धता भी थी।
September 15, 2025

जुलाना क्षेत्र में फल एवं सब्जी की खेती नहीं होने के कारण सब्जी मंडी हुई फ्लॉप

जुलाना क्षेत्र में फल एवं सब्जी की खेती नहीं होने के कारण सब्जी मंडी हुई फ्लॉप
सब्जी मंडी में करोड़ों रुपये की दुकान बनी सफेद हाथी
आढ़ती भूखे मरने की कगार पर
जींद : जुलाना क्षेत्र में फल एवं सब्जी की खेती नहीं होने के कारण जुलाना की फल एवं सब्जी मंडी फ्लॉप हो गई है। मंडी में फल एवं सब्जी का काम नही चलने के कारण मंडी में फल एवं सब्जी मंडी की दुकाने सफेद हाथी साबित हो रहे हैं। करोड़ों रुपये दुकान में लगाने के बाद एवं फल एवं सब्जी का काम नहीं चलने के कारण आढ़ती भूखे मरने की कगार पर आ गए हैं। दुकानदारों ने कृषि मंत्री श्यामसिंह राणा से इन दुक ानों पर जब तक फल एवं सब्जी मंडी कामयाब नहीं होती अनाज मंडी के लाइसेंस बनवाने की मांग की है ताकि आढ़ती अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें।  
जुलाना की नई अनाज मंडी में स्थित फल एवं सब्जी मंडी में आढ़त का काम करने के लिए खुली बोली पर वर्ष 2021 में प्लाट आढ़तियों ने लिए थे और उन प्लाटों पर दुकानों का निर्माण करके मार्केट कमेटी से लाइसेंस लेकर सब्जी व फल का काम शुरू आढ़तियों ने किया था। लाइसेंस लिए हुए आढ़तियों ने तीन वर्ष से ज्यादा हो चुके हैं लेकिन सब्जी व फल के कार्य में कोई कामयाबी नहीं मिली। दो वर्ष तक फल एवं सब्जी का कार्य भी किया। मगर जींद, रोहतक, गोहाना, महम की मंडी नजदीक होने व जुलाना क्षेत्र में सब्जी एवं फल की खेती नही होने के कारण इस व्यापार में आढ़तियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जिसके कारण मंडी नहीं चल सकी। आढ़ती अरुण, सतीश कुमार, संदीप कुमार, तेजा, राजपाल, साहिल,  राकेश कुमार व सुरेंद्र ने बताया कि फल एवं सब्जी मंडी के नहीं चलने का कारण जुलाना के क्षेत्र में सब्जी व फल की लोक बिजाई नही होना है। जुलाना एवं इसके आसपास के क्षेत्र में धान व गेहूं की फसल किसान उगाते हैं। फल एवं सब्जी की खेती होती नही, जिसके कारण आढ़तियों का कारोबार नहीं चलने के कारण आढ़ती भूखमरी की कगार पर आ गए हैं। क्योंकि आढ़तियों ने अपनी जमा पूंजी  दुकान तथा कारोबार में लगा दी है। आढ़तियों ने कृषि मंत्री से मिलकर मांग की है कि जब  तक सब्जी एवं फल मंडी कामयाब नहीं होती एवं सब्जी की की दुकानों पर अनाज मंडी के लाइसेंस बनाए जाएं ताकि आढ़ती अपना रोजगार चला सकें। *वर्ष 2012 में शुरू हुई थी जुलाना की फल एवं सब्जी मंडी*

जुलाना की अनाज मंडी में स्थित फल एवं सब्जी मंडी अनाज मंडी के साथ ही  वर्ष 2012 में शुरू हुई थी। जुलाना में नई अनाज मंडी में स्थित सब्जी एंव फल मंडी में टोटल 54 दुकानें एवं बूथ हैं कई बार खुली बोली दुकानों की आई मगर अभी तक केवल सात दुकानें ही बिकी है। अगर   इन दुकानों पर अनाज मंडी की लाइसेंस कुछ समय के लिए जारी कर दिया जाए तो बाकी बची दुकानों मार्केट रेट से करीब 20 लाख रुपये   ज्यादा बिक जाएंगे क्योंकि जुलाना क्षेत्र में चौव्वा ऊपर होने के कारण गेहूं एवं धान की फसल ही किसान उगाते हैं। फल एवं सब्जी मंडी के सभी   सात दुकानदार फल एवं सब्जी मंडी के दुकानों पर अनाज मंडी के लाइसेंस जारी करवाने के लिए सहमत हैं। 
जुलाना क्षेत्र में पिछले पांच वर्ष का फल एवं सब्जी मंडी का क्षेत्र 

जुलाना क्षेत्र में फल एवं सब्जी का एरिया काफी कम है। जिसके कारण फल एवं सब्जी मंडी फ्लॉप हो गई और आढ़तियों ने अपनी जमा पूंजी   दुकान खरीदने व सब्जी का काम करने में लगा दी। जिसके कारण आढ़ती भूखे मरने की कगार पर पहुंच गए हैं। 
बागवानी विभाग के एचडीओ नवीन राणा से लिया गया फल एवं सब्जी का जुलाना क्षेत्र का एरिया। वर्ष 2021 से 2025 तक 
वर्ष सब्जी  बाग  फल (एकड़)
2021-22  250  23 
2022-23   240  16 
2023-24 260   19 
2024-25 270 09 
2025 26 90 07 
जुलाना मंडी एसोसिएशन प्रधान पवन ने बताया कि जुलाना क्षेत्र एवं इसके आसपास के एरिया में धान एवं गेहूं की फसल ज्यादा होती है। फल एवं सब्जी का एरिया नहीं के बराबर है। जुलाना की फल एवं सब्जी मंडी में कुछ आढ़तियों ने दुकान बना कर काम शुरू किया था। एरिया में फल एवं सब्जी का एरिया कम होने के कारण मंडी नही चल सकी। आढ़तियों को लाखों रुपये का नुकासन हो गया। ज्यादातर एरिया में धान एवं गेहूं की फसल किसान उगाते हैं। मंडी में करीब 50 लाख बोरियां धान की एवं 20 लाख बैग गेहूं के आते हैं। फल एवं सब्जी मंडी की दुकानों पर अनाज मंडी का लाइसेंस बना जाए तो जो मार्केट कमेटी के दुकानों के लिए खाली प्लाट पड़े हैं, वो भी बिक सकते हैं। जिससे सरकार की आमदनी भी बढ़ेगी और फल एवं सब्जी मंडी के आढ़तियों को भी रोजगार मिल सकेगा।
September 15, 2025

युवती को ब्लैकमेल कर किया यौन शोषण, मामला दर्ज

युवती को ब्लैकमेल कर किया यौन शोषण, मामला दर्ज
पिछले सवा तीन माह से यौन शोषण करने का आरोप 
जींद : पिल्लूखेड़ा थाना इलाका गांव में युवती को ब्लैकमेल कर यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ यौन शोषण करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। 
पिल्लूखेड़ा थाना इलाका गांव की एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया गत दो जून को गांव के ही अंकित ने अकेलेपन का फायदा उठा कर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश£ील वीडियो बना ली। जिसके बाद आरोपित ने उसेब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब भी वह आरोपित की बात मामने से मना करती तो आरोपित वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देता। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर अंकित के खिलाफ यौन शोषण करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
September 15, 2025

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के जन्मदिन पर जींद में रक्तदान शिविर आज

कांग्रेस पार्टी प्रभावी तरीके से निभा रही विपक्ष की भूमिका: रिषिपाल हैबतपुर
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के जन्मदिन पर जींद में रक्तदान शिविर आज
जींद : कांग्रेस पार्टी के जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर ने रविवार को पिल्लूखेड़ा के कर्ण महल में आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भले ही भाजपा के षडय़ंत्रों के चलते कांग्रेस पार्टी को विपक्ष में बैठने की जिम्मेदारी मिली हो लेकिन कांग्रेस इस भूमिका को बड़े ही जिम्मेदारीपूर्ण और प्रभावशाली तरीके से निभा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को किसी भी तरह से निराश या हताश होने की आवश्यकता नही है। आज समय की मांग है कि कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता तक पहुंचाएं और जनता के सुख-दुख में भागीदारी निभाएं। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि अकेले जींद जिले में अढाई सौ से अधिक गांव बाढ़ एवं जलभराव से ग्रस्त हैं। सरकार पोर्टल-पोर्टल का खेल छोड़़ कर पीडि़त किसानों व अन्य नागरिकों को तुरंत प्रभाव से पर्याप्त मुआवजा प्रदान करें। प्रधान रिषिपाल हैबतपुर ने भी घोषणा की कि कांग्रेस जल्द ही हर घर कांग्रेस अभियान की शुरुआत जींद जिले के गांव-गांव में जाकर करेगी ताकि पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत किया जा सके। उन्होंने बताया कि सोमवार 15 सितंबर को जींद में सफीदों रोड पर स्थित गुरु रविदास धर्मशाला में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के जन्म दिन पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें काफी संख्या में युवा कार्यकर्ता बढ़कर रक्तदान करेंगे। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर का फूलमालाओं, पगड़ी, स्मृति चिन्ह इत्यादि के साथ भव्य स्वागत किया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल चौहान, जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस सुखबीर, दिनेश जामनी, सारंग शमशेर ढाठरथ, राजू राणा, यशपाल रेढू, अमित कुंडू, सतपाल प्रधान, संजीव, विजय मोर, हरपाल, वरुण खर्ब, संसार देशवाल, जेपी रूहिल, इशाक भट्टी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
September 15, 2025

अक्टूबर माह में जिले के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उपभोक्ताओं को राशन में मिलेगा बाजरा

अक्टूबर माह में जिले के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उपभोक्ताओं को राशन में मिलेगा बाजरा
एएवाई परिवार को 10 किलोग्राम व बीपीएल परिवार को प्रति व्यक्ति मिलेगा दो किलो बाजरा
18932 किंव्टल बाजरे का होगा वितरण
जींद : इस बार अक्तूबर माह में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा अपने उपभोक्ताओं को राशन में गेहूं के साथ बाजरे का भी वितरण किया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य में सुधार हो सके। उन्हें सालभर एक ही तरह के भोजन से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाया जा सके। जिले के सभी राशन डिपो धारकों को बाजरा इस बार अंत्योदय परिवार योजना के राशन कार्ड धारकों को प्रति कार्ड दस किलो बाजरे के साथ 25 किलो गेहूं मिलेगा। बीपीएल परिवार के प्रति सदस्य को प्रति सदस्य दो किलो बाजरे के अलावा तीन-तीन किलो गेहूं भी दिया जाएगा। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए विभाग हर साल सर्दी के राशन में बदलाव करता है। साल भर एक ही तरह का खाना उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए बेहतर नहीं होता है। इसलिए सर्दी के मौसम में बाजरा वितरण से उपभोक्ताओं का स्वास्थ्य ठीक रहे। यह विभाग का उद्देश्य होता है। जिलेभर में लगभग एक लाख 45 हजार उपभोक्ता हैं। इसके अलावा विभाग राशन में उपभोक्ताओं को गेहूं भी साथ ही वितरित करेगा। इस बार विभाग के पास 18932 क्विंटल बाजरा मिला है। यह सभी राशन केंद्रों पर पहुंचवाया जा रहा है। जिले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के लगभग साढ़े 500 राशन केंद्र हैं। इन सभी पर यह बांटा जाएगा। उपभोक्ताओं को गेहूं व बाजरा लेना अनिवार्य है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश आर्य ने बताया कि विभाग 18932 क्विंटल बाजरा राशन केंद्रों पर पहुंचाएगा। इसको एक अक्तूबर से ही वितरण करवाना होगाए ताकि उपभोक्ताओं को सर्दी शुरू होने से पहले ही बाजरा मिल सके। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अक्तूबर माह में बाजरे का वितरण करेगा। इस बार मुख्यालय की तरफ से बाजरा वितरण के निर्देश मिले हैं।
September 15, 2025

शहर में भगवान वाल्मीकि भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग

शहर में भगवान वाल्मीकि भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग 
जींद : हरियाणा वाल्मीकि महासभा जींद कार्यकारिणी के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष संजीव वैद बधाना व वाल्मीकि समाज से बीजेपी के वरिष्ठ नेता डा. भारत भूषण टांक की अगुवाई मे जींद शहर में भगवान वाल्मीकि भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराए जाने को लेकर प्रतिनिधि नगर परिषद चेयरमैन डा. राज सैनी को मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र के माध्यम से संजीव वैद बधाना ने अनुरोध किया कि जींद शहर में वाल्मीकि समाज के लिए मीटिंग व किसी भी तरह के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कोई भी स्थान नही है। जींद शहर में वाल्मीकि समाज की लगभग पचास हजार की आबादी है और इतनी बड़ी आबादी होने के बाद भी वाल्मीकि समाज के लिए कोई भी सार्वजनिक जगह न होना चिंता की बात है। बीजेपी नेता भारत भूषण टांक ने बताया कि समाज लंबे समय से भवन निर्माण की मांग कर रहा है। जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सैनी, डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी से मिलकर जींद शहर में वाल्मीकि भवन एवं छात्रावास के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग करेंगे। हरियाणा वाल्मीकि महासभा के प्रधान महासचिव सत्यवान ढिलौड ने कहा कि समय की मांग है कि जींद शहर मे भी वाल्मीकि समाज का भव्य भवन हो। इसके लिए समस्त वाल्मीकि समाज को एकमत के साथ एकजुटता दिखाते हुए आगे बढऩा चाहिए ताकि नगर परिषद से जमीन लेकर भवन व छात्रावास निर्माण कार्य करवाया जा सके। नगर परिषद चेयरमैन डा. राज सैनी ने कहा कि हरियाणा वाल्मीकि महासभा की इस मांग भगवान वाल्मीकि भवन व छात्रावास निर्माण पर गहनता से हाउस मे विचार विमर्श करके, इस मांग को जरूर पूरा किया जाएगा। इस मौके हरियाणा वाल्मीकि महासभा के राज्य प्रधान महासचिव सत्यवान ढिलौड़, बीजेपी नेता डा. भारत भूषण टाक, जिला अध्यक्ष संजीव वैद, उचाना प्रधान सरपंच ओम प्रकाश छातर, वाल्मीकि भवन एवं छात्रावास पालवा उचाना के प्रधान मुकेश सुदकैन आदि मौजूद रहे।

Saturday, September 13, 2025

September 13, 2025

प्रदेश में स्वास्थ्य ढाँचे को किया जाएगा मजबूत : आरती सिंह राव

प्रदेश में स्वास्थ्य ढाँचे को किया जाएगा मजबूत : आरती सिंह राव

-135 स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को मिली हरी झंडी

-74.43 करोड़ रुपए खर्च करने की प्रशासनिक मंजूरी मिली
चंडीगढ़-- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 135 नए स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इन संस्थानों के निर्माण पर लगभग 74.43 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। 

स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि इनमें 126 "सब हेल्थ सेंटर" शामिल हैं, जिन पर लगभग 6993 लाख रुपये की लागत आएगी। इसी के साथ 9 "ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स" के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिन पर कुल 450 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने विस्तार से बताया कि जिन जिलों में "सब हेल्थ सेंटर" स्थापित किए जाएंगे, उनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पलवल, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं। वहीं "ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स" का निर्माण सिरसा, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर और पानीपत जिलों में किया जाएगा।

आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को उन्नत बनाने के लिए कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि राज्य का कोई भी नागरिक बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। इसी दिशा में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने, आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिस भी गांव या शहर में स्वास्थ्य संस्थान की आवश्यकता महसूस होगी, वहां यथाशीघ्र नए संस्थान का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।
September 13, 2025

सेवा पखवाड़ा और “नमो युवा रन” के आयोजन से हरियाणा को नशामुक्त करने का है संकल्प-राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम

सेवा पखवाड़ा और “नमो युवा रन” के आयोजन से हरियाणा को नशामुक्त करने का है संकल्प-राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम

17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा की होगी शुरुआत

21 सितंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और गुरुग्राम में केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल नमो युवा रन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि करेंगे शिरकत
चंडीगढ़- हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा की शुरुआत की जाएगी। इस पखवाड़े का 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर समापन होगा।

मंत्री आज चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता कर रहे थे।

मंत्री श्री गौरव गौतम ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत समाज सेवा और जनजागरण से जुड़े अनेक कार्यक्रम होंगे। इनमें नमो युवा रन, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर और एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण पूरे विश्व की एक गंभीर चुनौती है, जिसका समाधान जनभागीदारी से ही संभव है। इसीलिए पखवाड़ा अवधि में पूरे प्रदेश में पौधारोपण किया जाएगा और इसमें प्रदेशवासियों की अहम भागीदारी रहेगी।

मंत्री ने कहा कि 21 सितंबर को कुरुक्षेत्र और गुरुग्राम में नशे के खिलाफ नमो युवा रन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और गुरुग्राम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल इस युवा दौड़ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। प्रदेश के लगभग 7500 युवा इस आयोजन में भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का सपना है कि हरियाणा पूरी तरह से नशामुक्त बने और यह नमो युवा रन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री श्री गौरव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बाढ़ पीड़ित किसानों के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल शुरू किया है, जहां आवेदन करने पर फसल खराबे का मुआवजा शीघ्र मिलेगा। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित खेल मैदानों को भी जल्द दुरुस्त करवाया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों की तैयारी प्रभावित न हो।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए अब तक 1500 खेल नर्सरियां खोली गई हैं और शीघ्र ही 500 नई नर्सरियां भी शुरू की जाएंगी। इन नर्सरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए खिलाड़ियों की बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य की गई है।

उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन करना नहीं है, बल्कि जनता को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति के महाअभियान से जोड़ना है। हरियाणा सरकार इस अभियान को सफल बनाएगी, ताकि प्रदेश के हर नागरिक को समाज सेवा का महत्व समझ आए और युवा वर्ग सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े।
September 13, 2025

सूखे से समृद्धि की ओर दक्षिणी हरियाणा किसानों के लिए सरकार बना रही सार्वजनिक व व्यक्तिगत तालाब

सूखे से समृद्धि की ओर दक्षिणी हरियाणा

किसानों के लिए सरकार बना रही सार्वजनिक व व्यक्तिगत तालाब

जल संरक्षणऊर्जा बचत और पर्यावरण संतुलन की मिसाल बने खेत-जलघर

चंडीगढ़--दक्षिणी हरियाणा जो कभी जल संकट से जूझ रहा थावहां का किसान आज आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर एक नई क्रांति की मिसाल पेश कर रहा है। प्रदेश सरकार की खेत-जलघर योजना तथा सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं ने महेंद्रगढ़ जिला के अनेक किसानों की जिंदगी बदल दी है। इस जिला के गांव बुडीन व दुलोठ के आसपास के किसानों ने बताया कि अब उन्हें बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

गांव दुलोठ के किसान हितेश यादव ने बताया कि सरकारी सब्सिडी से सार्वजनिक तथा व्यक्तिगत तालाब बनाने के बाद अब किसान सिर्फ परंपरागत तरीकों पर निर्भर नहीं हैंबल्कि वे ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी तकनीकें अपनाकर कम पानी में भी अधिक पैदावार ले रहे हैं।

यह बदलाव केवल किसानों की आय तक सीमित नहीं हैबल्कि इसने जल संरक्षणऊर्जा बचत और पर्यावरण संतुलन जैसे बड़े लक्ष्यों को भी साधा है। खेत-जलघर से किसान सोलर पंपिंग सिस्टम के जरिए अपने खेतों को सींच रहे हैं। सभी किसानों के लिए सिंचाई का समय निर्धारित किया हुआ है। बारी-बारी से किसान अपनी खेती को सींच रहे हैं।

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत माइक्रो इरिगेशन कमांड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (मिकाडा) की पहल ने किसानों को एक नई राह दिखाई है। इन तालाबों से किसानों के खेतों तक पाइप लाइनों के जरिए सिंचाई की जा रही है।

जूनियर इंजीनियर उत्तम सिंह ने बताया कि पहले किसान पानी की कमी के कारण एक फसल भी मुश्किल से ले पाते थे। जलघर योजना के बाद अब ड्रिप और स्प्रिंकलर सिस्टम से 40-60 प्रतिशत तक पानी की बचत हो रही है। इससे ना केवल सिंचाई का खर्च कम हुआ है बल्कि उपज भी बढ़ी है।

खेत जलघर एक टिकाऊ कृषि प्रणाली : सोनित राठी

मिकाडा के एक्सईएन सोनित राठी ने बताया कि हरियाणा सरकार की खेत जलघर योजना सिर्फ किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य नहीं रखतीबल्कि एक टिकाऊ कृषि प्रणाली का निर्माण कर रही हैं। इस तरह की सही नीतियों और आधुनिक तकनीकों के सहारेसूखे और जल संकट जैसी चुनौतियों को भी अवसर में बदला जा सकता है।

सरकार इस तरह दे रही सब्सिडी

किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर प्रणाली पर 75 प्रतिशत तक की सब्सिडी मिल रही है।

खेत तालाब योजना के तहत सामुदायिक तालाब बनाने के लिए 80 प्रतिशत तक और व्यक्तिगत तालाब के लिए 70 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है।

सोलर पंप के मामले में 3 एचपी से 10 एचपी तक के पंपों पर 75 प्रतिशत तक की सब्सिडी मिल रही है। इससे किसान बिजली और डीजल पर अपनी निर्भरता कम कर रहे हैं।


September 13, 2025

इग्नू ने 15 सितंबर तक फिर बढ़ाई दाखिलों की तिथि

इग्नू ने 15 सितंबर तक फिर बढ़ाई दाखिलों की तिथि

चंडीगढ़ -- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2025 सत्र के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन और ओडीएल माध्यम से दाखिले की अंतिम तिथि को 31 अगस्त से बढ़ाकर अब 15 सितंबर 2025 कर दिया है। यह निर्णय उन छात्रों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है जिन्हें मेरिट या अन्य कारणों के चलते पूर्व में दाखिला नहीं मिल सका था।इग्नू के प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इग्नू द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र उच्च शिक्षातकनीकी शिक्षा और परंपरागत शिक्षा को सरल एवं सुलभ तरीके से प्राप्त कर सकते हैं। इग्नू केवल डिग्री आधारित कोर्सेस ही नहींबल्कि कौशल विकास और रोजगार उन्मुख पाठ्यक्रमों की भी पेशकश कर रही है जो विशेष रूप से स्वरोजगार और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए डिजाइन किए गए हैं। ये कोर्स ओडीएल और ऑनलाइन दोनों मोड में उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि इग्नू के अध्ययन केंद्र ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में कार्यरत हैं। इग्नू की ओपन एवं डिस्टेंस लर्निंग प्रणाली के अंतर्गत विद्यार्थी अपने घर के आस-पास रहकर ही पढ़ाई पूरी कर सकते हैं और परीक्षाएं भी नजदीकी परीक्षा केंद्रों पर दे सकते हैं। इग्नू लगभग 350 से अधिक कार्यक्रम संचालित करता हैजिनमें डिप्लोमायूजीपीजी एवं पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम शामिल हैं। इग्नू देशभर में गुणवत्तापूर्णसुलभ एवं लचीली शिक्षा प्रदान करता हैजिससे कार्यरत पेशेवरगृहिणियांग्रामीण छात्रवरिष्ठ नागरिक एवं शिक्षा से वंचित कोई भी व्यक्ति अपनी पढ़ाई को पुन: आरंभ कर सकता है।

September 13, 2025

#जींद CIA #पुलिसकर्मी पर #हरिद्वार में #फायर, #गंभीर रूप से #घायल, वारदात को अंजाम दे हमलावर हुआ फरार

#जींद CIA #पुलिसकर्मी पर #हरिद्वार में #फायर, #गंभीर रूप से #घायल
वारदात को अंजाम दे हमलावर हुआ फरार
जींद : हरिद्वार शहर के कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डा के निकट शनिवार को उस समय हडकंप मच गया जब जींद पुलिस के एक फरार आरोपित ने पुलिस कर्मी पर फायर कर दिया। जिसमें पुलिसकर्मी घायल हो गया।  गोली पुलिसकर्मी सुरेंद्र की कोहनी और कमर में लगी। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत प्रभाव से हरिद्वार से रिषिकेश एम्स रेफर किया गया है। हरिद्वार पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हरिद्वार पुलिस के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने गोली चलने की पुष्टि की है। 
पुलिस अधीक्षक के खिलाफ ईमेल के माध्यम से दुष्प्रचार करने के मामले में जींद का अशरी गेट निवासी सुनील कपूर फरार चल रहा है। जींद पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि वह हरिद्वार आया हुआ है। इसके बाद टीम ने रोडवेज बस अड्डे पर उसे घेर लिया।अचानक सुनील ने पिस्तौल निकाल कर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी और अफरा-तफरी के बीच मौके से फरार हो गया।
September 13, 2025

जींद सीआईए पुलिस पर हरिद्वार में फायरिंग, आरोपी सुनील कपूर को पकड़ने गई थी टीम, एसआई को लगी गोली, एम्स में भर्ती

जींद सीआईए पुलिस पर हरिद्वार में फायरिंग
आरोपी सुनील कपूर को पकड़ने गई थी टीम, एसआई को लगी गोली, एम्स में भर्ती 
जींद : जींद में एसपी पर यौन शोषण के आरोपों की चिट्ठी वायरल मामले में फरार चले रहे आईटी एक्ट के आरोपी सुनील कपूर को पकड़ने गई जींद सीआईए पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसमें एक SI सुरेंद्र को गोली लगी है और उसे ऋषिकेश एम्स में भर्ती किया गया है। आरोपी सुनील कपूर फायरिंग के बाद फरार हो गया। 
जींद सीआईए पुलिस को सुनील कपूर की हरिद्वार की लोकेशन मिली थी। इस पर पुलिस बस अड्डे के आसपास उसे ढूंढ रही थी। तभी एसआई सुरेंद्र को सुनील कपूर दिखा तो उसने उसका पीछा किया तो सुनील कपूर ने सुरेंद्र की तरफ फायरिं कर दी। इसमें सुरेंद्र को गोली लग गई और वह गिर गया तो सुनील कपूर वहां से फरार हो गया। साथी पुलिस कर्मी उसे नजदीकी अस्पताल लेकर गए और वहां से उसे ऋषिकेश रेफर कर दिया। हरिद्वार पुलिस के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने गोली चलने की पुष्टि की है। 
जींद में एसपी रहे सुमित कुमार के खिलाफ ईमेल के माध्यम से दुष्प्रचार करने के मामले में अशरी गेट निवासी सुनील कपूर फरार चल रहा है। जींद पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि वह हरिद्वार आया हुआ है। इसके बाद टीम ने रोडवेज बस अड्डे पर उसे घेर लिया। अचानक सुनील ने पिस्तौल निकाल कर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी और अफरा-तफरी के बीच मौके से फरार हो गया। 
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि आईटी एक्ट और धोखाधड़ी के मामले में फरार सुनील कपूर ने पुलिस SI पर फायरिंग कर दी थी। इसमें एसआई सुरेंद्र को गोली लगी है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।