Breaking

Sunday, November 23, 2025

November 23, 2025

हरियाणा में अतिरिक्त खाद-कीटनाशक की जबरन बिक्री पर सख्ती: कृषि मंत्री ने जारी की कड़ी चेतावनी

हरियाणा में अतिरिक्त खाद-कीटनाशक की जबरन बिक्री पर सख्ती: कृषि मंत्री ने जारी की कड़ी चेतावनी

श्याम सिंह राणा ने डीएपी और यूरिया के साथ अतिरिक्त उत्पाद थोपने वाले अधिकारियों व निजी डीलरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के दिए आदेश 
चंडीगढ़ -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने सभी सरकारी अधिकारियों और निजी उर्वरक–कीटनाशक डीलरों को सख्त निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट कहा कि किसानों को डीएपी या यूरिया के साथ अतिरिक्त खाद, जिंक, कीटनाशक या किसी अन्य कृषि सामग्री को जबरन खरीदने के लिए बाध्य करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी किसी भी जबरदस्ती पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

श्री राणा ने कहा कि किसानों को अवांछित उत्पाद खरीदने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। इस तरह की प्रथाएं अनैतिक हैं और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों का सीधा उल्लंघन हैं। उर्वरक वितरण संबंधी स्पष्ट दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। कोई भी अधिकारी या डीलर इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

कृषि मंत्री ने सभी जिला के कृषि उपनिदेशकों (DDA) को ऐसे मामलों पर तुरंत संज्ञान लेने, मौके पर जांच करने और दोषियों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन से लेकर आपराधिक मुकदमा दर्ज करने तक की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उल्लंघन करने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष मॉनिटरिंग व्यवस्था सक्रिय कर दी गई है।

उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई अधिकारी या डीलर डीएपी या यूरिया के साथ अतिरिक्त उत्पाद खरीदने का दबाव डालता है, तो किसान तुरंत टोल-फ्री नंबर 1800-180-1551 पर कॉल करें या जिला कृषि कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं। किसान ब्लॉक या जिला स्तर पर कृषि अधिकारियों को भी अपनी शिकायत दे सकते हैं। सरकार तुरंत कार्रवाई करेगी और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

उर्वरक उपलब्धता को लेकर चिंता दूर करते हुए श्री राणा ने कहा कि राज्य में रबी सीजन के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि हरियाणा को डीएपी और यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति मिल चुकी है। केंद्र सरकार से नियमित रूप से सप्लाई जारी है और सभी जिलों में पर्याप्त बफर स्टॉक बनाए रखा गया है।

कृषि मंत्री ने कहा कि उर्वरक का वितरण पैक्स , निजी डीलरों और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के केंद्रों के माध्यम से किया जा रहा है। पीओएस मशीनों पर अनिवार्य बायोमेट्रिक सत्यापन ने कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाई है।

हाल ही में जबरन बिक्री की मिली शिकायतों का जिक्र करते हुए श्री राणा ने बताया कि तत्काल कार्रवाई की गई, संबंधित डीलरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई और उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

किसानों को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की हर समस्या को प्राथमिकता से हल करने के लिए तत्पर है। किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। किसानों को समय पर और जरूरत के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी डीलर या अधिकारी को किसानों का शोषण करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
November 23, 2025

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा के बेटे ऋषि मिड्ढा की शादी में शामिल होकर नववर को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा के बेटे ऋषि मिड्ढा की शादी में शामिल होकर नववर को दिया आशीर्वाद
जींद : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को जींद पहुंचे, इस मौके पर उन्होंने हरियाणा विधान सभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा के सुपुत्र ऋषि मिड्ढा के विवाह समारोह में शामिल होकर नववर को आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने उनको सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह जीवन का एक पवित्र और महत्वपूर्ण संस्कार है, जो दो परिवारों को प्रेम और विश्वास के बंधन में जोड़ता है। उन्होंने कामना की कि ऋषि मिड्ढा और उनकी जीवनसंगिनी  का दांपत्य जीवन खुशियों, समृद्धि और आपसी स्नेह से परिपूर्ण रहे।
इस अवसर पर विधान सभा स्पीकर हरविंदर कल्याण,कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा,बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़,उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल गणेश लाल, नेता प्रति पक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, लोक सभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी,राज्यसभा के उपाध्यक्ष हरिवंश, पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा, पुंडरी विधायक सतपाल जांबा ,चंद्र प्रकाश, पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली, सीमा त्रिखा,पूर्व विधायक दीपक मंगला, भारत भूषण बत्रा, रणधीर गोलन, हरजिंदर सिंह, विधायक जस्सी पेटवाड , बीजेपी जिलाध्यक्ष तिजेंद्र ढुल के अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, पार्टी पदाधिकारी तथा जींद विधानसभा क्षेत्र से हजारों की संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
November 23, 2025

जींद शहर के फार्मासिस्ट एवं केमिस्ट समुदाय व ईएम टी एसोसिएशन ने वाइस चेयरमैन टीपू पौड़िया का किया भव्य स्वागत

*जींद शहर के फार्मासिस्ट एवं केमिस्ट समुदाय व ईएम टी एसोसिएशन ने वाइस चेयरमैन टीपू पौड़िया का किया भव्य स्वागत*

*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के डिजिटल विज़न और चेयरमैन बी.बी. सिंगल के ई-रिफॉर्म्स को बताया देश में अग्रणी मॉडल*
जींद :  हरियाणा स्टेट फ़ार्मेसी काउंसिल के नव-नियुक्त वाइस चेयरमैन टीपू पौड़िया आज राज नगर कैथल रोड स्थित डॉ. विजय पाल आर्य के निवास स्थान पर पहुंचे। जहाँ जींद शहर के सैकड़ों फार्मासिस्ट एवं केमिस्ट समुदाय ने उनका जोरदार और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। सभी ने पुष्पमालाएँ बुके और सम्मान स्वरूप चदर भेंट कर उनका अभिनंदन किया। वरिष्ठ पदाधिकारियों और युवा साथियों की बड़ी संख्या ने इस कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया।
अपने संबोधन में वाइस चेयरमैन टीपू पौड़िया ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सुशासन पारदर्शिता और डिजिटलाइजेशन की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के डिजिटल विज़न ने जनता को तेज़ विश्वसनीय और सहज सेवाएँ उपलब्ध करवाई हैं और यही बदलाव फार्मेसी सेक्टर को भी नई गति प्रदान कर रहा है। प्रदेश आज स्वास्थ्य और फार्मेसी सेवाओं में राष्ट्रीय पटल पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने हरियाणा स्टेट फ़ार्मेसी काउंसिल के चेयरमैन बी.बी. सिंगल के ई-रिफॉर्म्स को क्रांतिकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि फ़ार्मेसी काउंसिल के चेयरमैन की सोच के मुताबिक़ लिए गए फैसलो के कारण अब काउंसिल द्वारा पंजीकरण और अन्य सभी सेवाओं को शत- प्रतिशत ऑनलाइन किया जाएगा । पूरी कार्यप्रणाली पारदर्शी निष्पक्ष और समयबद्ध बन रही है। शिकायतों का त्वरित समाधान और फार्मासिस्ट हितों की सुरक्षा आज काउंसिल की प्राथमिकता है। यह मॉडल पूरे देश के लिए एक आदर्श रूप में उभरेगा। 
टीपू पौड़िया ने विश्वास दिलाया कि वाइस चेयरमैन के रूप में उनकी पहली जिम्मेदारी फार्मासिस्ट समुदाय के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए सेवाओं को और अधिक सरल और डिजिटल बनाना है। उन्होंने कहा कि आपका विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है और मैं उसकी मर्यादा का सदैव पालन करूँगा।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने आशा व्यक्त की कि टीपू पौड़िया के नेतृत्व में हरियाणा का फार्मासिस्ट समुदाय और अधिक संगठित सशक्त और प्रभावी रूप से आगे बढ़ेगा।
यह आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ और इसकी सफल व्यवस्था एवं संचालन डॉ. विजय पाल आर्य द्वारा किया गया। इस मौके पर कुलदीप आर्य, केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान अरविंद जैन, नरेन्द्र बिंदल, मनीष जैन, निमा एसोसिएशन के प्रधान डा. कमल गिरोत्रा , डा. रविंद्र गोयल, डा. आर के सहगल, विनोद वर्मा, योगेश राणा, विशाल देशवाल, अमरीक आदि मौजूद रहे।
November 23, 2025

अर्धशताब्दी सेवा यात्रा : गोपाल विद्या मंदिर की स्वर्ण गाथाएं

अर्धशताब्दी सेवा यात्रा : गोपाल विद्या मंदिर की स्वर्ण गाथाएं

स्वर्ण जयंती वार्षिकोत्सव में छात्रों ने बिखेरे संस्कृति और सृजन के रंग
जींद : गोपाल विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जींद ने अपने गौरवशाली स्वर्ण जयंती वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया। विद्यालय प्रांगण इस अवसर पर राष्ट्रीय रंगों, सांस्कृतिक उत्साह और बाल-सृजनशीलता से सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और भारत माता वंदना के साथ हुआ।मुख्य अतिथि पद पर हिंदू शिक्षा समिति, हरियाणा के महामंत्री श्री संपूर्ण सिंह जी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि विद्या भारती का ध्येय केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि ऐसी शिक्षा प्रदान करना है जो विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में संस्कारित, सक्षम और समाजोपयोगी बनाए। उन्होंने कहा, “शिक्षा तभी सार्थक है जब विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपना योगदान दें और जीवन में मातृभूमि तथा संस्कृति के प्रति प्रेम बनाए रखें।”विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर विराजमान श्री देवेंद्र अत्री ने विद्यालय की पचास वर्षीय गौरवपूर्ण यात्रा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और समर्पित नागरिक तैयार करने की प्रक्रिया है। विद्यालय ने पांच दशकों में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय घीसा संत महामंडल के अध्यक्ष, परम श्रद्धेय स्वामी राघवानंद जी महाराज ने की। स्वामी जी ने अपने मंगल आशीर्वचनों में कहा कि सच्ची शिक्षा वही है जिसमें बौद्धिक, नैतिक और आध्यात्मिक विकास समाहित हो। उन्होंने कहा, “जीवन जीने की कला और समाज सेवा की भावना विद्या के मंदिरों से ही उत्पन्न होती है।”नगर परिषद जींद की चेयरपर्सन श्रीमती अनुराधा सैनी जी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। सभी ने विद्यालय के सांस्कृतिक, सामाजिक और नैतिक योगदान की सराहना की।प्रमुख आकर्षणकार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, योगाभ्यास, लोकनृत्य, नाट्य प्रस्तुति और भारतीय संस्कृति पर आधारित रचनाएँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। हर प्रस्तुति ने दर्शकों के भीतर गौरव, संवेदना और उत्साह की भावना जगाई।विद्यालय परिसर में स्थापित थीम आधारित “गाँव की बात – हरियाणा की सौगात” सेल्फी प्वाइंट पूरे आयोजन की प्रमुख झलक रहा। इस कला-स्थल पर हरियाणवी ग्रामीण जीवन की झलक झोपड़ी, मिट्टी के बर्तनों, पारंपरिक वेशभूषा और रंगोली के माध्यम से साकार की गई। विद्यालय के कला अध्यापक श्री दीपक जी द्वारा तैयार की गई इस हस्तनिर्मित झांकी ने दो दिनों में दो हजार से अधिक आगंतुकों को आकर्षित किया। इस विशेष अवसर पर केशव किरण पत्रिका जो कि स्वर्ण जयंती वार्षिकोत्सव पर आधारित है की टाइटल पेज का अनावरण भी किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री जगन्नाथ शर्मा और प्राचार्य श्री अजय कुमार जी ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल विद्यालय के लिए नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बना है।समापन और संदेशसमारोह का समापन राष्ट्रगान और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। स्वामी राघवानंद जी ने अंत में कहा कि “भौतिक उन्नति और डिग्रियों से परे, शिक्षा का सच्चा उद्देश्य प्रेम, सेवा, अनुशासन और संस्कृति के प्रति निष्ठा विकसित करना है।”पचास वर्षों की यह अर्धशताब्दी सेवा यात्रा गोपाल विद्या मंदिर की शिक्षा, संस्कार और समाज-सेवा की समर्पित परंपरा को उजागर करती है। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में शिक्षा और संस्कृति के प्रति नई प्रेरणा और सकारात्मकता का संदेश प्रसारित किया।

Saturday, November 22, 2025

November 22, 2025

गोपाल विद्या मंदिर : संस्कारों की आधारशिला — राजन चिलाना

गोपाल विद्या मंदिर : संस्कारों की आधारशिला — राजन चिलाना
जींद : गोपाल विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने अपनी स्थापना के 50 गौरवमयी वर्षों का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाना प्रारंभ किया। स्वर्ण जयंती समारोह के पहले दिन विद्यालय प्रांगण में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले सहित प्रदेश के अनेक गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण रहा विद्यालय के 50 वर्ष की उपलब्धियों का स्मरण, जिसमें छात्रों की शैक्षिक, सांस्कृतिक, खेल एवं विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजन चिलाना ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि “गोपाल विद्या मंदिर की उपलब्धियों की नींव उसके मजबूत संस्कारों पर टिकी है।" उन्होंने आगे कहा कि बीते पांच दशकों में इस विद्यालय ने न केवल शैक्षिक गुणवत्ता में अग्रणी स्थान कायम किया है बल्कि खेल, संगीत, विज्ञान और कला के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त करके एक लंबी श्रृंखला स्थापित की है। यह सफलता विद्यालय की समर्पित शिक्षण टीम, विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं समाज के सहयोग से ही संभव हो पाई है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीआरएसयू, जींद की कुलसचिव प्रो. लवलीन मोहन ने की। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया तथा छात्रों की कलाकृतियों को अत्यंत सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों में रचनात्मकता को प्रोत्साहन देने की यह पहल वास्तव में सराहनीय है और इसी प्रकार के आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशिष्ठ अतिथि के रूप में राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी ने समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और कहा कि ऐसी शिक्षण संस्थाएँ समाज को दिशा देने का कार्य करती हैं।
विद्या भारती हरियाणा प्रांत के सह-संगठन मंत्री श्री नीरज नागपाल ने अपने संबोधन में विद्या भारती के उद्देश्यों और शिक्षा के साथ संस्कारों के समन्वय पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार एवं विद्यालय प्रबंधक समिति के अध्यक्ष श्री जगन्नाथ शर्मा ने सभी आगंतुको का हार्दिक स्वागत किया और पूर्व आचार्यों, पूर्व प्राचार्यों, भूतपूर्व विद्यार्थियों एवं नगर के अन्य गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रथम प्रबंधक समिति के वरिष्ठ सदस्य संतलाल चुग ने भावुक होते हुए कहा कि “गोपाल विद्या मंदिर सिर्फ एक शिक्षण संस्था भर नहीं, बल्कि हमारी आत्मा का घर है। समाज और व्यवस्थापन के संयुक्त प्रयासों से ही हम आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं और भविष्य में भी राष्ट्र निर्माण के महान उद्देश्य के लिए इसी समर्पण के साथ कार्यरत रहेंगे।”
उत्सव के प्रथम दिन विद्यालय के 50 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा को समर्पित सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनी ने सभी का मन मोह लिया। आगे आने वाले दिनों में भी स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत अनेक सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

Tuesday, November 18, 2025

November 18, 2025

श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, कार्यों से होंगी नई पीढियां प्रेरित- मुख्यमंत्री

श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, कार्यों से होंगी नई पीढियां प्रेरित- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने श्री गुरू तेग बहादुर जी के नाम वन, वन्य जीव एवं जैव विविधता संरक्षण ब्लॉक का किया उद्घाटन

यमुनानगऱ में बनने वाले कृषि महाविद्यालय का नाम श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर रखने की घोषणा
चण्डीगढ - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश व धर्म की रक्षा के लिए बलिदान देने वालों का जब भी जिक्र होता है तो श्री गुरु तेग बहादुर जी का नाम सबसे ऊपर लिया जाता है। उनके जीवन और कार्यों से नई पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए 350वें बलिदान वर्ष को पूरे राज्य में मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी यमुनानगर के कलेसर में श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में उनके नाम पर वन, वन्य जीव एवं जैव विविधता संरक्षण ब्लॉक का उद्घाटन कर रहे थे। 
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी वन एवं वन्य जीव संरक्षण ब्लॉक में विद्यार्थियों के साथ 350 पौधे लगाए और इस राष्ट्रीय    उद्यान में सफारी ट्रेल का शुभारंभ और श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वार का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने ए.आई. आधारित मॉनिटरिंग टावर, ट्री कैनोपी वॉक और तीन स्तरीय वॉच टावरों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने यमुनानगर के प्रतापनगर, किशनपुरा के 45 एकड़ में बनने वाले कृषि महाविद्यालय का नाम श्री गुरू तेग बहादुर जी के नाम पर रखने तथा यमुनानगर कपालमोचन सड़क बाईपास की फिजिबलिटी चैक कर उसके निर्माण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेसर की इस हरी-भरी धरा पर एक असीम ऊर्जा का अनुभव हो रहा है। हम सभी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन रहे हैं, जिसमें यह ब्लॉक, प्रकृति, आध्यात्मिकता और मानवीय मूल्यों के संगम का प्रतीक बनेगा। उन्होंने हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी को शीश झुकाकर नमन किया। उन्होंने कहा कि यह वन प्रदेश के वन संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन में मील का पत्थर साबित होगा, जो श्री गुरु तेग बहादुर जी के पर्यावरण के प्रति प्रेम की विरासत को आगे बढ़ाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंद की चादर नवमें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी त्याग, करुणा साहस की मिसाल हैं। उन्होंने दुनिया को सिखाया है कि सच्ची शक्ति दूसरों की रक्षा में छिपी होती है। सच्चा धर्म वही है, जिसमें प्रकृति, प्राण और मनुष्य तीनों के प्रति समान प्रेम हो। प्रकृति उनके व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा है। शांत जल की गहराई, घने पेड़ों की विनम्रता और पर्वतों जैसी दृढ़ता श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन में झलकती है। इसलिए, आज कलेसर में गुरुजी के नाम पर यह वन, वन्य जीव एवं जैव विविधता संरक्षण ब्लॉक स्थापित होना, उनकी शिक्षांओं का जीवंत रूप है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वन, शिक्षा, साधना और लोक कल्याण के केंद्र रहे हैं। आश्रम परंपरा, गुरु परंपरा, इन सबका आधार प्रकृति ही रही है। सिख इतिहास में भी कई ऐसे वृक्ष जुड़े हैं, जो गुरुजी के जीवन से संबंध रखते हैं। इनमें दुखभंजन बेरी वृक्ष तो संकट के समय शांति और आश्रय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर, हमें चुनौतियों से निपटने के लिए स्वच्छता, पौधारोपण और जीव संरक्षण को प्राथमिकता देनी होगी। इसलिए राज्य में वनो को बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के हर कोने को हरा-भरा बनाने का लक्ष्य है। हम केवल पेड़ नहीं लगा रहे, बल्कि जीवन लगा रहे हैं, जो हवा को शुद्ध करने वाले फिल्टर का काम करेंगें। हम उन जड़ों को मजबूत कर रहे हैं, जो हमारी धरती को बांधकर रखती हैं और उसे बंजर होने से बचाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 5 जून, 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर शुरू किए गए एक पेड़ मां के नाम रूपी अनूठे अभियान के तहत 1.87 करोड़ पौधे लगाए गए। इस वर्ष दूसरे चरण के तहत 2.10 करोड पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक 18 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी वानिकी को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष योजनाएं शुरू की हैं, ताकि शहरों में भी हरियाली बढ़े। सरकार ने पेड़ों की अवैध कटाई को रोकने और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए कड़े कदम उठाए हैं। दक्षिण हरियाणा में हरित अरावली कार्य योजना भी शुरू की है। केन्द्र व राज्य सरकारों द्वारा बनाई गई यह परियोजना अरावली पहाड़ियों के चार राज्यों में लागू की जा रही है, जिसमें हरियाणा के पांच जिले शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विभाग द्वारा लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए आधुनिक तकनीक का भी प्रयोग किया जा रहा है। इसमें पहले से लगे हुए और हर वर्ष होने वाले पौधारोपण की 5 वर्ष तक हुई उनकी ग्रोथ पर कड़ी नजर रखी जाती है। इसके अलावा औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विभिन्न जिलों में हर्बल पार्क विकसित किये गए हैं। मोरनी क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का औषधीय वन तथा करनाल, पंचकूला व सोनीपत जिलों में ऑक्सीवन भी बनाए गए हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही प्रकृति से जोड़ना होगा, ताकि वे बड़े होकर पेड़ों के महत्व को आसानी से समझ सकें। इसके लिए हर स्कूल प्रकृति शिक्षा को अपनाए और हर परिवार एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि हर युवा एक पेड़ को संरक्षक की तरह गोद ले और हर संस्था इस फॉरेस्ट को जन-आंदोलन का रूप दें, तभी प्रदेश को हरा भरा बनाया जा सकेगा।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, विधायक श्री घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पूर्व मंत्री श्री कंवरपाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, विनीत गर्ग, मुख्य वन सरंक्षक डा. विवेक सक्सेना, हरियाणा राज्य जैव विविधिता बोर्ड के अध्यक्ष रणदीप सिंह जोहर, ओएसडी डा. प्रभलीन सिंह, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Sunday, November 16, 2025

November 16, 2025

वुडस्टॉक स्कूल में आयोजित की गई छात्र चरित्रनिर्माण की कार्यशाला

वुडस्टॉक स्कूल में आयोजित की गई छात्र चरित्रनिर्माण की कार्यशाला 
जींद : जींद के वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल में चरित्र निर्माण को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के द्वारा किया गया जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में  संयोजक उतर भारत शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास श्री जगराम जी शिरकत की। जिनका विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय के संस्थापक डायरेक्टर और प्रिंसिपल ने स्मृति चिन्ह, फटका पहनाकर और नारियल भेंट कर हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया। 
मुख्य अतिथि के रूप में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ सुनील शर्मा जी ने शिरकत की। 
मंच संचालन श्री आशुतोष शर्मा जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वुड स्टॉक स्कूल के ससंस्थापक डॉ नरेंद्र नाथ शर्मा जी द्वारा की गयी।
इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री जगराम जी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि
चरित्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक न केवल छात्रों को ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि उनके चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में नए केवल गुरु की भूमिका बल्कि उनके माता-पिता और समाज की भी भूमिका अहम होती है। 
*चरित्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका*

1. *मॉडल के रूप में*: शिक्षक छात्रों के लिए मॉडल के रूप में कार्य करते हैं। छात्र शिक्षकों के व्यवहार, आदतों और मूल्यों को देखकर सीखते हैं।
2. *मूल्यों का प्रसार*: शिक्षक छात्रों में अच्छे मूल्यों जैसे कि सच्चाई, ईमानदारी, सहानुभूति और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।
3. *व्यक्तिगत ध्यान*: शिक्षक छात्रों को व्यक्तिगत ध्यान देते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करने में मदद करते हैं।
4. *प्रेरणा और प्रोत्साहन*: शिक्षक छात्रों को उनके लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करते हैं।

*चरित्र निर्माण के लिए शिक्षकों के गुण*

1. *अच्छा चरित्र*: शिक्षक का अपना चरित्र अच्छा होना चाहिए।
2. *सहानुभूति*: शिक्षक को छात्रों के प्रति सहानुभूति रखनी चाहिए।
3. *धैर्य*: शिक्षक को धैर्यवान होना चाहिए और छात्रों की समस्याओं को सुनने के लिए तैयार रहना चाहिए।
4. *निष्पक्षता*: शिक्षक को निष्पक्ष और न्यायप्रिय होना चाहिए।
5. 
चरित्र निर्माण में माता-पिता की भूमिका-

1. माता-पिता को बच्चों का आदर्श स्वयं बनना चाहिए और दूसरों के उदाहरण देकर उन्हें  भ्रमित नहीं करना चाहिए क्योंकि एक बच्चे के लिए उसके माता-पिता ही उसके पहले गुरु होते हैं। 
2. माता-पिता मैं बच्चों के लिए घर का वातावरण ही संस्कार और सद्भावना योग्य बनाना चाहिए। 
3. बच्चों को हमेशा अनुशासन  की शिक्षा देनी चाहिए और बड़ों का आदर सत्कार करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। 
4. बच्चों से बात करने का तरीका सद्भाव पूर्ण होना चाहिए उनकी सद्भावना नहीं टूटनी चाहिए और हमेशा सत्य के मार्ग पर चलने की शिक्षा देनी चाहिए।
इस मौके पर विद्यालय की सभी शिक्षक गण वन्य विद्यालय में संस्थाओं से आए हुए प्रिंसिपल व शिक्षक गण सभी कार्यक्रम में मौजूद रहे
शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था जींद क्षेत्र टोली की तरफ से श्री संदीप शर्मा,  श्री जितेंद्र शर्मा , श्री रमेश दलाल , श्री गौरव जी,  आशुतोष शर्मा , श्री मनोज जी आदि सदस्य मुख्य रूप से कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Friday, November 14, 2025

November 14, 2025

*बाल दिवस समारोह – वुडस्टॉक स्कूल में उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया*

*बाल दिवस समारोह – वुडस्टॉक स्कूल में उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया* 
जींद : वुडस्टॉक स्कूल में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। यह विशेष दिन बच्चों की मासूमियत, ऊर्जा और रचनात्मकता को समर्पित रहा। विद्यालय परिसर पूरे दिन बच्चों की हंसी और खुशियों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद पूरे विद्यालय में कक्षा-वार विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कक्षा *सातवीं से बारहवीं* तक के विद्यार्थियों के लिए *हाउस वाइज क्विज़* प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्विज़ का विषय “हरियाणा राज्य” रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने *हरियाणा के इतिहास, संस्कृति, खेल, भूगोल और महान व्यक्तित्वों* से संबंधित प्रश्नों का उत्तर दिया। बच्चों ने अद्भुत ज्ञान और तत्परता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता बेहद रोचक रही और तीनों सदनो (लीडर, इनोवेटर, चैलेंजर) आदि सभी के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिनमें *चैलेंजर हाउस* ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए *प्रथम स्थान* प्राप्त किया। चैलेंजर हाउस के जिन विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, वे हैं— *काकुल (कक्षा 12वीं), ख्याति (कक्षा 11वीं), मानसी (कक्षा 10वीं), सिद्धि (कक्षा 9वीं), मिहिर (कक्षा 8वीं) तथा श्रेया (कक्षा 7वीं)*। सभी विजेताओं को मैनेजमेंट द्वारा शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। *द्वितीय स्थान पर लीडर हाउस* रहा। इस हाउस के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में शामिल रहे *सयंम (कक्षा 12वीं), अरमान सिंह (कक्षा 11वीं), तान्वी (कक्षा 10वीं), छवि (कक्षा 9वीं), पल्लवी (कक्षा 8वीं) तथा पाखी (कक्षा 7वीं)*। सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। *तृतीय स्थान पर इनोवेटर हाउस* ने अपनी जगह बनाई। इस हाउस के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रतिभा का परिचय दिया, जिनमें शामिल रहे *तान्या(कक्षा 12वीं), खुशी (कक्षा 11वीं), सनमीत कौर (कक्षा 10वीं), हर्ष (कक्षा 9वीं), सीरत (कक्षा 8वीं) तथा संजू (कक्षा 7वीं)* सभी को प्रबंधन द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरा दिन बच्चों की प्रतिभा, उल्लास और उत्साह से भरपूर रहा। विद्यालय प्रांगण में उत्सव का वातावरण देखने योग्य था।स्कूल निदेशक डॉक्टर नरेंद्र नाथ शर्मा जी ने अपने संदेश में कहा —“बच्चे हमारे समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उनकी मुस्कान में ही भविष्य की रोशनी छिपी है। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं बल्कि अच्छे संस्कारों की नींव रखना भी है।” और उपनिदेशक श्री आशुतोष शर्मा जी ने कहा कि “हर बच्चा एक अनोखी प्रतिभा का धनी है। हमें उन्हें अवसर, मार्गदर्शन और प्रेरणा देनी चाहिए ताकि वे अपने जीवन में ऊँचाइयाँ छू सकें। प्राचार्या श्रीमती सुकीर्ति गौतम जी ने अपने संदेश में कहा कि “बाल दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हर बच्चे में एक उज्जवल कल छिपा है। हमें उनकी जिज्ञासा, सृजनशीलता और आत्मविश्वास को सदा प्रोत्साहित करना चाहिए।”
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। और सभी उपस्थित छात्रों, शिक्षकों और अतिथियों ने राष्ट्रीय गान गायन में भाग लेकर समारोह का समापन किया