Breaking

Monday, April 13, 2020

दूल्हा-दुल्हन समेत पूरी बरात क्वारंटाइन

रेवाड़ी, 13 अप्रैल।
दुल्हा-दुल्हन और पूरी बरात ही क्वारंटाइन। सुनकर हैरान होंगे,लेकिन यह वाकिया सोमवार को जाटूसाना क्षेत्र में हुआ,जहां पुलिस ने पंजाब के संगरूर से आ रही एक बरात को रोक लिया। दूल्हा-दुल्हन सहित पूरी बरात को ही जांच के बाद क्वारंटाइन कर दिया गया है। दूल्हा और बराती दिल्ली के रहने वाले हैं।
-लॉकडाउन से पहले हो गई थी शादी
जाटूसाना थाना पुलिस ने सोमवार को क्षेत्र से आगे पीछे गुजर रही छह गाड़ियों को रुकवा लिया। गाड़ियों को रुकवाकर जांच की गई तो उनमें से 28 लोग बाहर निकले। इन लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वे लोग पंजाब के संगरूर में अपने बेटे की शादी करने के लिए गए थे। वहां से दुल्हन लेकर ही लौट रहे हैं। पुलिस को बताया गया है कि 17 मार्च की शादी थी और इसके बाद वे पंजाब में ही रूक गए थे। 25 मार्च को लॉकडाउन हो गया,जिसके चलते वे आगे नहीं बढ़ पाए। अब मौका पाकर वे वहां से निकले हैं। दूल्हा और दुल्हन भी बरात के साथ ही थे। जाटूसाना थाना पुलिस ने तुरंत ही इसके बारे में स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दूल्हा-दुल्हन सहित सभी 28 लोगों को क्वारंटाइन कर दिया है। मंगलवार को उनके सैंपल लिए जा सकते हैं। पूरी बरात का ही क्वारंटाइन होने का यह अपने आप में रोचक मामला है।
वर्जन
छह गाड़ियों में 28 लोग सवार थे जिनसे पूछताछ की गई तो बताया गया कि वे पंजाब के संगरूर से अपने बेटे की शादी करके लौट रहे हैं। दूल्हा-दुल्हन समेत पूरी बरात को ही क्वारंटाइन कर दिया गया है। अभी आगे पूछताछ की जाएगी तो सारा सच सामने आएगा।
-सर्वेष्ठा, जाटूसाना थाना प्रभारी

No comments:

Post a Comment