झज्जर : जिले के गांव सौंधी के सरपंच गोविन्द ने आरोप लगाया है कि बादली उपमंडल व ब्लॉक के गांव सोंधी में ग्राम पंचायत की शामलात भूमि पर सोंधी गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। उनका कहना था कि ग्राम पंचायत की शामलात जमीन पर आरसीसी, चारदीवारी व तारबंदी कर दी है।
सरपंच ने बताया कि इस अवैध कब्जे के खिलाफ सौंधी ग्राम पंचायत ने बीडीपीओ, डीसी व पुलिस प्रशासन थाना बादली में भी दरखास्त भी दी थी लेकिन सब को शिकायत देने के बाद भी आज तक न अवैध कब्जा हटवाया गया और न ही दबंगों के खिलाफ कोई कार्यवाही अमल में लाई गई। लगभग 1 महीने का समय गुजरने के बाद भी चारदीवारी व अवैध कब्जे को प्रशासन हटवाने में नाकाम रहा है।
गोविंद ने बताया कि अवैध कब्जों व कब्जा धारियों पर कोई कार्यवाही न होते देख अब गांव में इन अवैध कब्जों को देखते हुए लोगों में जमीन पर कब्जा करने की होड़ सी लग गई है। मामले को देखते हुए बीपीडीओ बादली ने खुद गांव में जाकर लोगों से अवैध कब्जे न करने का आह्वान किया और इसे कानूनी अपराध बताया लेकिन कुछ दबंग लोग पंचायत की जमीन को छोड़ने के लिए बिल्कुल राजी नहीं।
सरपंच के अनुसार प्रशासन की अनदेखी को देखते हुए लोगों के कब्जे दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। गांव में हालात दिनों दिन खराब होते जा रहे हैं। उनका कहना था कि अगर प्रशासन ने तत्काल कदम नहीं उठाया तो गांव में किसी अनहोनी होने के पूरे आसार बने हुए हैं। ग्राम सरपंच व पंचायत ने जिला प्रशासन, उपायुक्त, पंचायत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मामले पर संज्ञान लें व उक्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाए।
No comments:
Post a Comment