*हुड्डा ग्राउंड में 108 कुंडी महायज्ञ का भव्य आयोजन, चित्रकार दीपक कौशिक ने भेंट की विशेष कलाकृति*
जींद : हुड्डा ग्राउंड में चल रहे शिव शक्ति 108 कुंडी महायज्ञ का आयोजन “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की परिकल्पना को सार्थकता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस भव्य यज्ञ का आयोजन यज्ञ सम्राट हरिओम जी महाराज के सान्निध्य में जींद की पावन धरा पर संपन्न हो रहा है, जिसमें 108 कुंडियों की स्थापना की गई है।
कार्यक्रम के दौरान जींद के युवा चित्रकार दीपक कौशिक ने अपनी कला का अनूठा प्रदर्शन करते हुए यज्ञ सम्राट हरिओम जी महाराज का इंद्रधनुषीय कल्पना से सुसज्जित जीवंत चित्र कैनवास पर प्रस्तुत किया। यह विशेष चित्र आयोजन स्थल के मुख्य मंच पर हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली की उपस्थिति में महाराज जी को भेंट किया गया।
यज्ञ सम्राट हरिओम जी महाराज ने चित्र की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि जब कलाकार की कला सार्थक स्वरूप में निरंतर गतिमान रहती है, तो उसके परिणाम भी समाज को आनंद और प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने युवा चित्रकार को विशेष आशीर्वाद भी प्रदान किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने भी दीपक कौशिक की कलाकृति की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि दीपक कौशिक इससे पूर्व भी राम मंदिर, धारा 370 सहित अनेक सामाजिक जन-जागरण अभियानों और ज्वलंत मुद्दों पर अपनी कलाकृतियों के माध्यम से राष्ट्र एवं समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते रहे हैं।
दीपक कौशिक ने बातचीत में बताया कि जब उनकी कला देश और समाज के काम आती है, तो उन्हें कलाकार होने पर गर्व का अनुभव होता है। उन्होंने युवा कलाकारों से भी आह्वान किया कि वे अपनी तूलिका को सार्थक सोच के साथ प्रयोग में लाएं, ताकि उनकी कलाकृतियों से आम जनमानस को प्रेरणा और सीख मिल सके।
No comments:
Post a Comment