जाट महासभा साउथ ऑस्ट्रेलिया की 12वीं वार्षिक आम बैठक आयोजित, जींद के सुरेंद्र चहल लगातार 12वीं बार बने प्रधान
एडिलेड,ऑस्ट्रेलिया/ जींद : साउथ ऑस्ट्रेलिया में जाट समाज की प्रमुख संस्था जाट महासभा साउथ ऑस्ट्रेलिया की 12वीं वार्षिक आम बैठक वेस्ट एडिलेड फुटबॉल क्लब में आयोजित की गई। बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। कार्यक्रम में सिटी ऑफ वेस्ट टोरेंस के मेयर माननीय माइकल कॉक्सन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में हरियाणा के जींद जिले के गांव जाजवान निवासी काउंसिलर सुरेंद्र चहल को लगातार 12वीं बार सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। इसके अलावा दिवाकर सिरोही (उत्तर प्रदेश) को उप-प्रधान, अजिंदरदीप सिंह आहलूवालिया (पंजाब) को महासचिव तथा सुखविंदर धालीवाल (गुजरात) को पब्लिक रिलेशन ऑफिसर नियुक्त किया गया।
मुख्य कार्यकारिणी में गौरव फोर निर्जन, राजेश चहल रधाना, अमित पौड़िया (सोनीपत), राकेश ढुल (सेरढा), जंगबहादुर ग्रेवाल (चंडीगढ़) को शामिल किया गया। वहीं यूथ एडवाइजरी समिति में डॉ. निशान चहल (जींद), वजीश्वर सिंह आहलूवालिया (पंजाब), मुस्कान बांगड़ (जींद) एवं जाह्नवी सिरोही (नोएडा) को जिम्मेदारी दी गई।
ज्ञात रहे कि जाट महासभा साउथ ऑस्ट्रेलिया का गठन 12 जून 2014 को भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं राज्यसभा सांसद दिलीप टिर्की की उपस्थिति में किया गया था। संस्था का मुख्य उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया पहुंचने वाले भारतीय परिवारों, विशेषकर युवाओं को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करना है। महासभा ने अब तक सैकड़ों युवाओं को रोजगार एवं बसने में सहायता दी है।
इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा कॉमनवेल्थ गेम्स, पैसिफिक स्कूल गेम्स, एशियन-ओशियाना कॉर्फबॉल चैंपियनशिप सहित विभिन्न खेलों और सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों को आवास, परिवहन एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रही हैं।
महासभा के सदस्यों की संख्या अब 400 से अधिक हो चुकी है, जो भारत के विभिन्न राज्यों से संबंधित हैं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस वर्ष एडिलेड में भारतीय स्वतंत्रता दिवस बड़े स्तर पर मनाया जाएगा, जिसमें भारत से गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा।
इस अवसर पर हरियाणा से पूर्व राज्यसभा सांसद लेफ्टिनेंट जनरल डी.पी. वत्स, पूर्व कमिश्नर जगदीप सिंह, अधिवक्ता एवं स्वतंत्र पत्रकार राजनारायण पंघाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
गौरतलब है कि प्रधान सुरेंद्र चहल साउथ ऑस्ट्रेलिया में ऐसे पहले भारतीय हैं, जो लगातार दो बार मेट्रोपॉलिटन काउंसिल में काउंसिलर निर्वाचित हुए हैं और भारतीय समुदाय की सहायता में सदैव अग्रणी रहते हैं।
जाट महासभा साउथ ऑस्ट्रेलिया की नई कार्यकारिणी—बाएं से दिवाकर सिरोही (उप-प्रधान), सुखविंदर धालीवाल (पीआरओ), सिटी ऑफ वेस्ट टोरेंस के मेयर माइकल कॉक्सन, अजिंदरदीप सिंह आहलूवालिया (महासचिव) एवं सुरेंद्र चहल (प्रधान)।
No comments:
Post a Comment