जींद : जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजा सरपंच ने की। श्रद्धांजलि सभा में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, महिला कांग्रेस प्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि पंडित नेहरू ने स्वतंत्र भारत को लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच के आधार पर आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने देश में आधुनिक शिक्षा, औद्योगिक विकास और वैज्ञानिक संस्थानों की स्थापना कर भारत को नई दिशा देने का काम किया।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश को एकजुट रखने और विकास की राह पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में बड़े बांधों, सार्वजनिक उपक्रमों, आईआईटी, वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थानों तथा आधुनिक उद्योगों की नींव रखी गई, जिसका लाभ आज भी देश को मिल रहा है। नेताओं ने कहा कि नेहरू जी केवल एक राजनेता नहीं बल्कि दूरदर्शी विचारक और लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी थे।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में पंडित नेहरू के विचारों और सिद्धांतों को अपनाने की आवश्यकता है, ताकि देश में भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने तथा कांग्रेस पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment