*भाजपा सरकार आम आदमी की जेब पर डाल रही डाका : ऋषिपाल हैबतपुर*
*-मंहगाई के खिलाफ 20 मई को जींद जिला मुख्यालय पर होगा कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन*
जींद : कांग्रेस के जिला कार्यालय में शनिवार को जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस के जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने की। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए आगामी 20 मई को जींद जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, रसोई गैस सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में बढ़ोतरी करके आम आदमी की कमर तोड़ने का काम कर रही है। महंगाई की मार से गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों से पूरी तरह बेखबर बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि आज हर घर का बजट बिगड़ चुका है। रसोई गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं, पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ गया है, जिसका असर हर वस्तु की कीमत पर पड़ रहा है। भाजपा सरकार ने जनता से राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज स्थिति यह है कि लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इस अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि भाजपा सरकार केवल प्रचार और दिखावे की राजनीति कर रही है, जबकि वास्तविक मुद्दों से उसका कोई सरोकार नहीं है। बेरोजगारी और महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और किसान अपनी फसलों के उचित दाम के लिए परेशान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक जाकर जनता को सरकार की नीतियों के बारे में जागरूक करें तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
बैठक में आगामी चुनावों को लेकर भी रणनीति बनाई गई। जींद विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर पर एजेंट नियुक्त करने की जिम्मेदारी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सौंपी गई।
ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि 20 मई को जिला मुख्यालय पर होने वाले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन भाग लेंगे। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस पार्टी बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगी।
बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment