किरायेदारों और नौकरों की जल्द वेरिफिकेशन कराएं, नहीं तो होगी कार्रवाई: सिद्धांत जैन
हिसार : पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों में बाहर से आए किरायेदारों और नौकरों की पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। उन्होंने कहा कि असामाजिक और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग कई बार किराये पर रहकर वारदात को अंजाम देते हैं और बाद में फरार हो जाते हैं, जिससे उनका कोई रिकॉर्ड न मकान मालिक के पास रहता है और न ही पुलिस के पास।
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए यह जरूरी है कि बाहर से आए किरायेदारों की सत्यापन रिपोर्ट संबंधित थाना में जमा कराई जाए। उन्होंने बताया कि पुलिस समय-समय पर किरायेदारों और नौकरों की वेरिफिकेशन के लिए विशेष अभियान चलाती रही है। ऐसे में लोगों को जल्द से जल्द अपने किरायेदारों और नौकरों की पुलिस वेरिफिकेशन करानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वेरिफिकेशन से यह पता चल सकेगा कि संबंधित व्यक्ति किसी आपराधिक मामले में शामिल तो नहीं है या किसी अपराध को अंजाम देने के बाद यहां रह तो नहीं रहा। एसपी ने यह भी कहा कि हिसार के सभी व्यापारिक संस्थान, औद्योगिक इकाइयां, फैक्ट्रियां, ढाबे, रेस्टोरेंट और ठेकेदार अपने यहां काम करने वाले बाहरी राज्यों के कर्मचारियों की पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं और उसका रिकॉर्ड संबंधित थाना या चौकी में जमा कराएं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति इस प्रक्रिया में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय कर्मचारियों का आधार कार्ड भी मालिक के पास होना चाहिए।
#hisarnews #hisarSP #kiraedar #HaryanaBulletinNews
No comments:
Post a Comment