सही जानकारी और जागरूकता से ही वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव संभव : राजकुमार भोला
जींद : महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन, जींद द्वारा भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के सहयोग से वित्तीय जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को सुरक्षित निवेश, वित्तीय प्रबंधन, साइबर सुरक्षा तथा बढ़ते वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में सेबी के मुख्य प्रशिक्षक आलोक ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने की। सेमिनार में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर वित्तीय साक्षरता एवं सुरक्षित निवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
मुख्य वक्ता आलोक ने कहा कि आज के डिजिटल युग में वित्तीय साक्षरता प्रत्येक नागरिक के लिए अनिवार्य है। निवेश से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करना, केवल अधिकृत संस्थानों एवं पंजीकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही निवेश करना तथा किसी भी प्रकार के लालच, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और अनधिकृत निवेश योजनाओं से बचना आवश्यक है। जागरूक निवेशक ही सुरक्षित निवेशक बन सकता है।उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय धोखाधड़ी, ऑनलाइन फ्रॉड, सुरक्षित निवेश, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार की मूलभूत जानकारी, डिजिटल भुगतान की सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा निवेश से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक उत्तर भी दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था अध्यक्ष राजकुमार भोला ने कहा कि वित्तीय जागरूकता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन निवेश के बढ़ते दौर में प्रत्येक युवा को वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षित निवेश और साइबर सुरक्षा की जानकारी होना आवश्यक है। सही जानकारी ही आर्थिक सुरक्षा का आधार है। महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवनोपयोगी, रोजगारोन्मुखी एवं व्यवहारिक ज्ञान से भी सशक्त बनाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बन सकें।
इस अवसर पर संस्था की आईटी हेड अंकिता खटकड़, अजय वर्मा, मीना, सिमरन, अन्नू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सेबी एवं महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि युवा वित्तीय रूप से जागरूक, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बन सकें।
No comments:
Post a Comment