Breaking

Monday, July 13, 2026

पीएम मोदी जींद को दें टैक्स फ्री विशेष आर्थिक जोन की सौगात, रुद्रपुर और बद्दी मॉडल पर जींद को मिले विशेष आर्थिक जोन का दर्जा

पीएम मोदी जींद को दें टैक्स फ्री विशेष आर्थिक जोन की सौगात, रुद्रपुर और बद्दी मॉडल पर जींद को मिले विशेष आर्थिक जोन का दर्जा, 

हजारों उद्योगों और लाखों रोजगार का खुलेगा रास्ता, माँगो की श्रृंखला में प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने रखी जींद के लिए एक और अहम मांग
जींद : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजकुमार गोयल पिछले कई दिनों से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जींद के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण घोषणाओं की मांग करते आ रहे हैं। इसी कड़ी में गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी से 17 जुलाई के प्रस्तावित जींद दौरे के दौरान जिले को टैक्स फ्री विशेष आर्थिक जोन घोषित करने की ऐतिहासिक घोषणा करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि उत्तराखंड के रुद्रपुर और हिमाचल प्रदेश के बद्दी की तर्ज पर जींद को भी विशेष आर्थिक जोन का दर्जा मिलता है तो यह जिला औद्योगिक, आर्थिक और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
राजकुमार गोयल ने कहा कि हरियाणा के मध्य में स्थित होने के बावजूद जींद आज भी बड़े औद्योगिक निवेश से वंचित है। हरियाणा गठन के बाद 55 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद यहां बड़े उद्योग स्थापित नहीं हो सके। यदि जींद को टैक्स फ्री विशेष आर्थिक जोन घोषित किया जाता है तो देश-विदेश के उद्योगपतियों का निवेश आकर्षित होगा, हजारों नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी और जिले में बड़े पैमाने पर आर्थिक गतिविधियां शुरू होंगी। इससे हजारों करोड़ रुपये का निवेश आने के साथ-साथ लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि यदि 17 जुलाई के जींद दौरे के दौरान जींद को विशेष आर्थिक जोन की सौगात मिलती है तो यह केवल जींद ही नहीं बल्कि पूरे मध्य हरियाणा के आर्थिक विकास का नया अध्याय होगा। गोयल ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से प्रधानमंत्री के जींद दौरे के मद्देनजर जिले के लिए बड़ी विकासात्मक घोषणाओं की मांग लगातार उठा रहे हैं। इसी क्रम में अब उन्होंने जींद को टैक्स फ्री विशेष आर्थिक जोन घोषित करने का प्रस्ताव रखा है। उनका कहना है कि यदि यह मांग स्वीकार होती है तो जींद राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बनाएगा और प्रदेश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले जिलों में शामिल हो सकता है।
राजकुमार गोयल ने बताया कि विशेष आर्थिक जोन घोषित होने पर उद्योगों को कर संबंधी रियायतें, पूंजी निवेश पर प्रोत्साहन, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बद्दी और उत्तराखंड के रुद्रपुर में विशेष प्रोत्साहन नीति लागू होने के बाद हजारों उद्योग स्थापित हुए और लाखों लोगों को रोजगार मिला। यदि इसी मॉडल को जींद में लागू किया जाता है तो यह जिला भी देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्रों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।

No comments:

Post a Comment