Breaking

Sunday, July 12, 2026

हरियाणा कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर मंथन, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त से मिले रघबीर भारद्वाज

हरियाणा कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर मंथन, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त से मिले रघबीर भारद्वाज
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, सेक्टर-9 (कोठी नंबर-140) में हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त से हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं चुनाव समिति के सदस्य रघबीर भारद्वाज ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हरियाणा की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच उठाने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आगामी संगठनात्मक और राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई, ताकि कांग्रेस की गतिविधियों को प्रदेशभर में और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

रघबीर भारद्वाज ने कहा कि हरियाणा में तेजी से बदल रहे राजनीतिक हालात और जनता की अपेक्षाओं को देखते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा सह-प्रभारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में पार्टी को नई मजबूती मिलेगी और कांग्रेस प्रदेश के हर वर्ग तक अपनी बात प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सफल होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और प्रदेशभर में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाकर जन-जन तक अपनी पहुंच बढ़ाएगी। उनका कहना था कि पार्टी का लक्ष्य जनता के सहयोग से आगामी चुनावों में मजबूत प्रदर्शन करना और प्रदेश में वैकल्पिक सरकार देने का है।

रघबीर भारद्वाज ने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, घोटालों और जनविरोधी नीतियों को लेकर जनता में असंतोष है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच लगातार उठाती रहेगी।

No comments:

Post a Comment