‘शक्ति प्रोजेक्ट’ से 30 बेटियों को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
एआई, ब्लॉकचेन, वेब 3.0, डिजिटल कौशल, महिला उद्यमिता एवं नेतृत्व का दिया जाएगा प्रशिक्षण
शक्ति प्रोजेक्ट से कौशल, नेतृत्व और उद्यमिता से सशक्त होंगी बेटियां :- राजकुमार भोला
जींद : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन, जींद द्वारा महिलाओं एवं बेटियों को कौशल, आधुनिक तकनीक, उद्यमिता एवं नेतृत्व के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में ‘शक्ति प्रोजेक्ट’ की नई पहल शुरू की जा रही है।
इस पहल के अंतर्गत 30 बेटियों को 60 घंटे का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण में एआई, ब्लॉकचेन, वेब 3.0, डिजिटल कौशल, महिला उद्यमिता, वैश्विक अवसरों की जानकारी, नवाचार एवं नेतृत्व सहित भविष्य के लिए उपयोगी आधुनिक कौशल सिखाए जाएंगे।
आईटी कंपनी ट्रिपल डैश इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से बेटियों को व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस सहयोग के माध्यम से महिलाओं को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकी ज्ञान एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान किए जाएंगे।
महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने कहा कि,शक्ति प्रोजेक्ट केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाने की एक सार्थक पहल है। आज तकनीक तेजी से बदल रही है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ब्लॉकचेन तथा वेब 3.0 जैसे क्षेत्र युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आ रहे हैं। हमारा प्रयास है कि बेटियां इन तकनीकों को केवल समझें ही नहीं, बल्कि इनका उपयोग करके अपने लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए रास्ते भी तैयार करें। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य “हुनर से आत्मविश्वास और आत्मविश्वास से सफलता” की सोच को धरातल पर उतारना है। बेटियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, उद्योग जगत का अनुभव, उद्यमिता की समझ और नेतृत्व क्षमता प्रदान करना समय की आवश्यकता है। शक्ति प्रोजेक्ट के माध्यम से बेटियों को सीखने, अपनी प्रतिभा को निखारने और भविष्य में स्वयं के अवसर पैदा करने के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध करवाया जाएगा।
ट्रिपल डैश इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मनदीप गुप्ता ने कहा कि,आज के बदलते तकनीकी दौर में केवल पारंपरिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल से जोड़ना आवश्यक है। हमें खुशी है कि ट्रिपल डैश इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन के साथ मिलकर बेटियों को एआई, ब्लॉकचेन, वेब 3.0, डिजिटल तकनीक एवं उद्यमिता जैसे उभरते क्षेत्रों की जानकारी प्रदान करने में सहयोग कर रहा है।
*इन क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण*
1 एआई एवं ब्लॉकचेन कौशल
2 वेब 3.0 एवं डिजिटल अवसर
3 डिजिटल कौशल एवं आधुनिक तकनीक
4 महिला उद्यमिता एवं स्वरोजगार
5 वैश्विक अवसरों एवं बाजार की जानकारी
6 नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता
7 उद्योग आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण
No comments:
Post a Comment