*शिक्षक वह दीप हैं, जो ज्ञान से जीवन का मार्ग प्रकाशित करते हैं।*
जींद: वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर हर्षोल्लास एवं उत्साह से भरपूर विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विद्यालय के सभी विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ विद्यालय के *निदेशक डॉ. नरेंद्र नाथ शर्मा जी, उपनिदेशक श्री आशुतोष शर्मा जी एवं प्रधानाचार्या सुकीर्ति गौतम जी* द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन ने ज्ञान, संस्कार और शिक्षा के प्रकाश का सुंदर संदेश दिया।
इस अवसर पर कक्षा *द्वितीय एवं तृतीय* के विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। *धन्यवाद शिक्षक” तथा “गुरु बिन ज्ञान कहाँ” जैसे गीतों पर विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों* ने सभी का मन मोह लिया।समारोह का सबसे मनोरंजक एवं उत्साहपूर्ण हिस्सा रहा शिक्षकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ। *शिक्षकों ने हरियाणवी नृत्य, पंजाबी गिद्धा, भाषण एवं कविता* प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही शिक्षकों के लिए *विभिन्न रोचक एवं मनोरंजक खेल* प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें गोलगप्पे खाने की प्रतियोगिता, कुर्सी खेल, मुखौटा सज्जा, तिनके चिपकाने की गतिविधि तथा माचिस की डिब्बी से जुड़ी गतिविधियाँ प्रमुख रहीं।इन गतिविधियों ने पूरे वातावरण को हँसी-खुशी और उमंग से भर दिया।
समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम एवं उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रशंसा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिक्षकों को उनकी विशेष खूबियों के आधार पर आकर्षक उपाधियाँ तथा क्राउन पहनाकर सम्मानित किया गया। यह विशेष सम्मान समारोह शिक्षकों के लिए गर्व, प्रसन्नता और उत्साह से भरा रहा। शिक्षकों का सम्मान विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक क्षण रहा। विद्यालय निदेशक *डॉ. नरेंद्र नाथ शर्मा* जी ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य को दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों के समर्पण और मेहनत की सराहना की।स्कूल उपनिदेशक *श्री आशुतोष शर्मा* जी ने कहा कि एक शिक्षक का प्रभाव कक्षा की सीमाओं से कहीं आगे तक जाता है। शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का निर्माण करते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को उनके निरंतर प्रयासों के लिए शुभकामनाएँ दीं। प्रचार्या श्रीमती *सुकीर्ति गौतम* जी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय की सफलता में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों के उत्साह, समर्पण एवं रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए उन्हें इसी ऊर्जा के साथ विद्यार्थियों को प्रेरित करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। समारोह का समापन भारत के महान *शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी* की स्मृति को नमन करते हुए केक काटकर किया गया। इस अवसर पर सभी शिक्षकों ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं और इस विशेष दिन को हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया।इस प्रकार वुडस्टॉक पब्लिक स्कूल में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह सम्मान, आनंद, उत्साह एवं कृतज्ञता से सराबोर रहा। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान एवं संस्कार का प्रकाश फैलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।
No comments:
Post a Comment