- सरदार वल्लभ भाई पटेल ने किया देश को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य: डिप्टी स्पीकर कृष्ण लाल मिढ़ा
- सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर हुआ रन फाॅर यूनिटी का आयोजन, डिप्टी स्पीकर कृष्ण लाल मिढ़ा ने हरी झंडी दिखाकर किया रन फाॅर यूनिट दौड़ को रवाना
जींद : भारत की एकता एवं अखंडता के शिल्पकार और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जींद में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रानी तालाब से शहीदी स्मारक तक एकता दौड़ का आयोजन किया गया। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे तथा देशवासियों के बीच एकता और सद्भाव का संदेश फैलाने का भरसक प्रयास करेंगे। शपथ में सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता और उनके योगदान को याद करते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का भी संकल्प लिया गया।
- सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का किया ऐतिहासिक कार्य
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता से देश को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया। आज उनकी जयंती पर आयोजित एकता दौड़ हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि देश की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का एकजुट रहना बेहद जरूरी है।
-युवाओं को नशे से बचाने के लिए सरकार चला रही है अनेक जागरूकता अभियान
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को नशे की बुराई से बचाने के लिए अनेक गतिविधियां आयोजित कर रही है। युवाओं को खेलों, सामाजिक गतिविधियों और अन्य सकारात्मक कार्यों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के युवाओं में नशे की समस्या चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं को ऐसी बुराइयों से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को अपनी ऊर्जा खेलों, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
-2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा निभाएं अहम भूमिका
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और प्रगति की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। आज भारत की पहचान विश्व स्तर पर मजबूत हुई है और देश की अर्थव्यवस्था भी लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। युवा शिक्षा, खेल, तकनीक, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि जब देश के नागरिक जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर एकता एवं भाईचारे की भावना के साथ कार्य करेंगे, तभी एक मजबूत और विकसित भारत का निर्माण संभव होगा।
अधिकारियों ने भी लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प
इस अवसर पर डीसी डॉ. वैशाली शर्मा, पुलिस अधीक्षक उपासना यादव, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार, नगराधीश मोनिका रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और देश की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
No comments:
Post a Comment