*इंदिरा गांधी के फैसलों ने देश की दिशा और दशा बदलने में निभाई अहम भूमिका : ऋषिपाल हैबतपुर*
*-जयंती पर किया पूर्व प्रधानमंत्री को नमन, भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोपों को लेकर साधा निशाना*
जींद : कांग्रेस के जिला कार्यालय में बृहस्पतिवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने की। उन्होंने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और देशहित में लिए गए फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में ऐसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनका देश की राजनीति, अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय पहचान पर व्यापक प्रभाव पड़ा।
ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि इंदिरा गांधी ने कठिन परिस्थितियों में देश का नेतृत्व किया और राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए। उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, बांग्लादेश मुक्ति संग्राम और देश की सुरक्षा से जुड़े फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का राजनीतिक जीवन साहसिक फैसलों, संघर्ष और चुनौतियों से भरा रहा। उनके विचार और देश के प्रति समर्पण आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर ने अपने संबोधन में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा की।उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने एक वोट रक्षक वेबसाइट (www.iamvoterakshak.in) लॉन्च की है जिस पर देश के नागरिकों को अपनी डिटेल भरकर कटे हुए वोटों की जानकारी मिल जाएगी। गलत कटे हुए वोट की सीधे वेबसाइट मे अपील कर सकते है।उन्होंने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कथित वोट चोरी के मुद्दे को लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव व्यवस्था लोकतंत्र की बुनियाद है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आती हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार पक्षों को जवाब देना चाहिए।
ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक को बिना किसी दबाव या हस्तक्षेप के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सजग रहने तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेने तथा उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर महावीर गुप्ता, राममेहर निढ़ाना, राजा कंडेला, वजीर पान्नू, पवन गर्ग, संदीप पांचाल,धर्मपाल प्रधान, सत्तू ढांडा, मदन धनवाल, कमल चौहान, कुलदीप पीपलथा, विजय मोर, सुमेर नायक, सुनील भट्टी, सुरेश शर्मा, दलबीर फ़ौजी, एडवोकेट सरिता, मंजीत दहिया,नारायण जांगड़ा, रमेश जोगी, महेंद्र जुलानी फूल बरसोला, मयंक गर्ग, बलजीत मालसरी, बाला शर्मा, जगदीश भनवाला, विनोद रेढू, जेपी रूहील, सुशील शर्मा,राजकुमार बाल्मीकि, ईश्वर अलेवा, राजेंद्र श्योकंद, धर्मेंद्र दिलोड, अमित टांक,अजय निर्जन, जोगिंदर मास्टर, जसवंत गिल, रामकुमार धानक,हसीन खान,
राजकपुर पातलान,कृष्ण फ़ौजी,साहिल खान,सोनू खर्ब, आजाद दरियावला, संदीप लोहान, इशाक भट्टी आदि मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment