Breaking

Thursday, November 19, 2026

जींद के सफीदों में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ*त, सुसा#इड नोट में इंस्टाग्राम फ्रेंड पर ब्लैकमेलिंग के आरोप

जींद के सफीदों में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ*त, सुसा#इड नोट में इंस्टाग्राम फ्रेंड पर ब्लैकमेलिंग के आरोप

हॉस्टल में मृत मिली झज्जर की शिवानी, पिता की शिकायत पर राजस्थान निवासी युवक और युवती के खिलाफ केस दर्ज; पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में लेकर शुरू की जांच
जींद: हरियाणा के जींद जिले के सफीदों स्थित एक नर्सिंग कॉलेज के हॉस्टल में जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान झज्जर जिले के गांव कुजियां निवासी शिवानी के रूप में हुई है। छात्रा की मौत के बाद मिले सुसाइड नोट में उसने अपने एक इंस्टाग्राम फ्रेंड पर निजी चैट के स्क्रीनशॉट पिता को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट में एक युवती का नाम भी सामने आया है, जिस पर छात्रा ने मानसिक तनाव देने के आरोप लगाए हैं।

मामले में सदर थाना पुलिस ने मृतका के पिता अशोक कुमार की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर राजस्थान के भरतपुर निवासी दीपक मीणा और नीतू मीणा नाम की युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

कॉलेज से पिता के पास आया था फोन

झज्जर जिले के गांव कुजियां निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी शिवानी सफीदों के नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। 18 नवंबर की रात उनके पास कॉलेज की एक मैडम का फोन आया। उन्होंने बताया कि शिवानी की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है।

इसके बाद अशोक कुमार ने सफीदों के नजदीक रहने वाले अपने साले सावन को फोन कर अस्पताल पहुंचने के लिए कहा। उनका साला करीब आधे घंटे में अस्पताल पहुंच गया। रात करीब 12 बजे थाना प्रभारी का फोन आया और उन्हें जल्द सफीदों पहुंचने के लिए कहा गया। अशोक कुमार के अनुसार, वह करीब तीन घंटे बाद सफीदों पहुंचे, जहां उनकी बेटी मृत अवस्था में मिली।

सुसाइड नोट में इंस्टाग्राम चैट से ब्लैकमेल करने के आरोप

जानकारी के अनुसार, पुलिस को छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने वर्ष 2023 से जुड़ी घटनाओं का भी जिक्र किया है। छात्रा ने अपने इंस्टाग्राम फ्रेंड पर आरोप लगाया कि युवक ने उसकी इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड हासिल कर लिया था और उसकी निजी चैट के स्क्रीनशॉट अपने पास रख लिए थे।

छात्रा के अनुसार, बाद में इन्हीं चैट के स्क्रीनशॉट उसके पिता को भेजने की धमकी देकर उसे कथित रूप से ब्लैकमेल किया जाने लगा। सुसाइड नोट में नीतू मीणा नाम की युवती का भी जिक्र है। छात्रा ने आरोप लगाया कि युवती भी इस मामले में युवक का साथ दे रही थी और अपनी बातों में उलझाकर उसे मानसिक तनाव में रख रही थी।

नोट में बयां किया मानसिक तनाव

छात्रा ने अपने आखिरी संदेश में अपनी मानसिक परेशानियों का जिक्र करते हुए लिखा कि वह जिन परिस्थितियों से गुजर रही थी, उनसे लड़ने की अब उसमें हिम्मत नहीं बची थी। उसने अपने मन में लंबे समय से चल रहे तनाव और परेशानी को भी नोट में बयां किया है।

हालांकि, सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दोनों नामजद आरोपियों की भूमिका सहित पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस

सदर थाना प्रभारी सतीश ने बताया कि नर्सिंग कॉलेज के हॉस्टल में छात्रा की मौत की सूचना मिली थी। मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतका के पिता की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment