अब हर दूध विक्रेता को लेना होगा लाइसेंस
बिना लाइसेंस मिला तो होगी कार्रवाई
तीन लाख रुपये तक देना होगा जुर्माना, गाड़ी का नंबर भी करवाना होगा रजिस्टर्ड
जींद: हरियाणा के जींद जिले में दूध विक्रेताओं को अपना लाइसेंस बनवाना होगा। इसके अलावा जिस भी गाड़ी या बाइक पर वह दूध की बिक्री करते हैं, उसको भी रजिस्टर्ड करवाना होगा। यदि जांच के दौरान किसी दूध विक्रेता के पास लाइसेंस नहीं मिला तो उस पर तीन लाख रुपये तक जुर्माना किया जा सकता है। इसके अलावा उसकी गाड़ी या बाइक भी जब्त की जाएगी। वहीं मामला अतिरिक्त उपायुक्त की अदालत में दायर किया जाएगा। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने यह आदेश लोगों को अच्छी क्वालिटी का दूध मिले, इसलिए जारी किए हैं।
खाद्य एवं सुरक्षा विभाग कई बार दूध विक्रेताओं की जांच करता है। दूध विक्रेताओं के पास लाइसेंस नहीं होने के कारण उनकी पहचान करना काफी मुश्किल हो जाता है। मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए अब खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने दूध विक्रेताओं को भी लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया है। बहुत से लोग गांवों से शहर में दूध बेचने के लिए आते हैं। इसके अलावा कुछ दुकानदार भी सीधे ग्राहकों को दूध बेचते हैं। शहर में काफी डेयरी संचालक भी लोगों को दूध बेचते हैं। ऐसे में इनकी संख्या व पहचान के लिए विभाग ने इनको लाइसेंस लेने के निर्देश दिए हैं। जो व्यक्ति शहर में दूध बेचने के लिए जिस वाहन से आता है, उसका भी रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य कर दिया है। अब यदि कोई बिना लाइसेंस के दूध बेचता मिला तो उस पर तीन लाख रुपये तक जुर्माना किया जा सकता है। उसके खिलाफ केस अलग से किया जाएगा। ऐसे में दूध की गुणवत्ता व पारदर्शिता के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य किया गया है।
*कैसे लें दूध विक्रेता लाइसेंस*
दूध विक्रेताओं को एफएसएसएआइ यानी भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण द्वारा पंजीकरण करवाना होगा। कोई भी दूध विक्रेता अटल सेवा केंद्र यानी सीएससी पर जाकर अपना आवेदन कर सकता है। इसके लिए दूध विक्रेता को अपने वाहन की आरसी, आधार कार्ड, पैन कार्ड व अपना फोटो अपलोड करके आवेदन करना होगा। इसके बाद यह आवेदन जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी के पास जाएगा, जहां से अप्रूवल मिलने के बाद संबंधित दूध विक्रेता का लाइसेंस बन जाएगा। इसके बाद वह बिना किसी झिझक के दूध बेच सकता है।
जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमन प्रकाश ढाका ने बताया कि यदि किसी दूध विक्रेता के पास लाइसेंस नहीं मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बहुत से दूध विक्रेताओं की उनके पास मिलावटी दूध बेचने की शिकायत आती है। अभी तक दूध विक्रेताओं का कोई ज्यादा रिकार्ड विभाग के पास नहीं है। लाइसेंस लेने के बाद सभी दूध विक्रेताओं का रिकार्ड विभाग के पास उपलब्ध होगा। यदि कोई मिलावटी दूध बेचता है तो उसकी पहचान व उस पर कार्रवाई करना काफी आसान होगा। ऐसे व्यक्ति पर तीन लाख रुपये तक जुर्माना किया जा सकता है। इसलिए सभी दूध विक्रेताओं को अपना लाइसेंस बनवाना चाहिए।
No comments:
Post a Comment