क्रिएटिव कॉर्नर स्कूल में तीन चरणों में हुई ‘कुकिंग विदाउट फायर’ प्रतियोगिता, माताओं ने बच्चों के साथ दिखाया हुनर
बिना आग जलाए तैयार किए पौष्टिक व्यंजन, विजेता माताओं को किया सम्मानित; बच्चों को भी मिला पुरस्कार
जींद : क्रिएटिव कॉर्नर स्कूल में बच्चों और उनकी माताओं के लिए ‘कुकिंग विदाउट फायर’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न हुई, जिसमें बच्चों की माताओं ने अपने बच्चों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने बिना आग का इस्तेमाल किए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता, पाक कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक करना, जंक फूड से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा मां और बच्चों के बीच आपसी सहयोग एवं सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली माताओं को पुरस्कृत किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी माताओं को सम्मानित किया गया। बच्चों ने भी पूरे आयोजन में अपनी माताओं के साथ सहायक की भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें भी विशेष रूप से पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में हिमानी गुप्ता और मंजु मानव निर्णायक मंडल एवं अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्राचार्या सोनिका गर्ग ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय के निर्देशक नवीन सिंगला ने अतिथियों और प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी माताओं का शब्दों के माध्यम से अभिवादन किया। वहीं, उप प्राचार्या कोमल सिंगला ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
तीनों चरणों में इन माताओं ने हासिल किए स्थान
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में मोनिका ने प्रथम, शैफाली ने द्वितीय और स्वीटी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दूसरे चरण में ऋतु मोर प्रथम, कांँची गोयल द्वितीय और रेखा तृतीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार तीसरे चरण में मनीषा ने प्रथम, शैफाली ने द्वितीय और राधिका ने तृतीय स्थान हासिल किया।
स्वस्थ खानपान और सुरक्षा का दिया संदेश
इस अवसर पर अतिथि मंजु मानव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का आज के समय में विशेष महत्व है, क्योंकि इनमें बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों का ध्यान रखा जाता है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी मां के साथ मिलकर छोटे-छोटे कार्य करने और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा मिली है।
उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में बच्चे जंक फूड की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं, जिसके कारण वे पौष्टिक आहार से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे में उनके खानपान की आदतों को बेहतर बनाने और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद प्रेरणादायक हैं।
वहीं, हिमानी गुप्ता ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी माताओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय परिवार को इस सुंदर और उपयोगी आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास और अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने वाले ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।
No comments:
Post a Comment