Breaking

Monday, February 9, 2026

February 09, 2026

गुरुग्राम के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर सरकार का विशेष फोकस: मुख्यमंत्री

गुरुग्राम के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर सरकार का विशेष फोकस: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसेवा में प्राथमिकता व संवेदनशीलता बरतने के दिए निर्देश

 मुख्यमंत्री  की अध्यक्षता में गुरुग्राम में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित, 17 में से 12 मामलों का हुआ समाधान

एक माह में गुरुग्राम की क्षतिग्रस्त सड़कों को  बनाया जाए मोटरेबल : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री की त्वरित पहल से सेक्टर-85 की सड़क समस्या का समाधान, 7,000 से अधिक लोगों को मिलेगी राहत
चंडीगढ़-  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अधिकारी जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करें तथा किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के समग्र विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिले से जुड़ी प्रत्येक समस्या पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकार निरंतर जन समस्याओं की समीक्षा कर रही है, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके और विकास कार्यों में गति बनी रहे।
मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी विधायक श्रीमती बिमला चौधरी, सोहना विधायक श्री तेजपाल तंवर भी उपस्थित रहे। बैठक में कुल 17 परिवाद रखे गए, जिनमें से मुख्यमंत्री ने 12 का मौके पर ही निपटारा किया, जबकि 5 मामलों को आगामी बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन लंबित मामलों की स्टेटस रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करें।
एक माह में गुरुग्राम की क्षतिग्रस्त सड़कों को मोटरेबल बनाने के निर्देश

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सेक्टर-10ए स्थित उमंग भारद्वाज चौक से वाया गाडौली होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे तक सड़क की खस्ताहाल स्थिति की शिकायत पर संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले 24 घंटे के भीतर सड़क को गड्ढा-मुक्त किया जाए। सड़क पर यदि कहीं भी अतिक्रमण है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर तुरंत हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क चाहे किसी भी विभाग से संबंधित हो, चाहे वह एचएसआईआईडीसी, नगर निगम या जीएमडीए के अधीन हो,
नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करते हुए अगले एक महीने के भीतर सभी सड़कों की मरम्मत कर उन्हें मोटरेबल बनाया जाए।

मुख्यमंत्री की त्वरित पहल से सेक्टर-85 की सड़क समस्या का समाधान, 7,000 से अधिक लोगों को मिलेगी राहत

बैठक में सेक्टर-85 स्थित कार्नेशन रेजीडेंसी आरडब्ल्यूए द्वारा प्रस्तुत की गई सड़क अवरोध से संबंधित शिकायत पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पिछली बैठक में गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों की एक समिति का गठन किया था। समिति की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित निजी भूमि अब बिल्डर द्वारा खरीद ली गई है तथा वहां बनी पुरानी इमारतों को हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके उपरांत दो सप्ताह के भीतर 24 मीटर चौड़ी संपर्क सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे सेक्टर-86 मुख्य मार्ग और द्वारका एक्सप्रेसवे से सीधा संपर्क स्थापित हो सकेगा।

इस निर्णय से लगभग 7,000 निवासियों एवं 800 स्कूली छात्रों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशील पहल, त्वरित सुनवाई और समिति गठन के कारण यह लंबे समय से लंबित समस्या हल हो सकी है।

सूरत नगर फेज-1 को जलभराव से मुक्त कर गलियों का जीर्णोद्धार करने के निर्देश

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सूरत नगर फेज-1 में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को एक माह के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की सभी प्रभावित गलियों को जलभराव से मुक्त कर उनका जीर्णोद्धार किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पानी की निकासी की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से दुरुस्त की जाए और जहां आवश्यकता हो वहां पंप लगाकर पानी निकाला जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा तय समय सीमा में काम पूरा न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) डी .एस.ढेसी, जीएमडीए के सीईओ पी.सी मीणा, डीसी अजय कुमार,  मुख्यमंत्री के ओएसडी तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
February 09, 2026

महिलाओं से हर महीने जिंदा होने का प्रमाण मांगना महिला सम्मान के खिलाफ : राजकुमार गोयल

महिलाओं से हर महीने जिंदा होने का प्रमाण मांगना महिला सम्मान के खिलाफ : राजकुमार गोयल
जींद : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने हरियाणा सरकार द्वारा संचालित दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं से हर महीने स्वयं को जीवित साबित करने के लिए फोटो अपलोड करवाने की व्यवस्था पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना सराहनीय है लेकिन हर माह जिंदा होने का प्रमाण मांगना न केवल गलत बल्कि महिला सम्मान के खिलाफ है।
गोयल ने कहा कि इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है जो सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। यह कदम आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सहारा देने की दिशा में सकारात्मक है लेकिन हर माह फोटो अपलोड करने की शर्त व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और कमजोर वर्ग की अधिकांश महिलाओं के पास स्मार्टफोन या तकनीकी जानकारी नहीं है। ऐसे में हर महीने एप पर फोटो अपलोड करना उनके लिए मुश्किल भरा है और इससे कई जरूरतमंद महिलाएं योजना के लाभ से वंचित हो सकती हैं।
गोयल का कहना है कि हालांकि योजना का उद्देश्य सराहनीय है लेकिन इसे लागू करने की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जो महिलाओं के सम्मान और सुविधा को प्राथमिकता दे। गोयल ने यह भी सवाल उठाया कि जब बुढ़ापा पेंशन और विधवा पेंशन जैसी अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में हर महीने जीवित होने का प्रमाण नहीं मांगा जाता तो फिर केवल लाडो लक्ष्मी योजना में ही यह व्यवस्था क्यों लागू की गई है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से मांग की कि इस प्रक्रिया को तुरंत बंद कर करवाकर योजना को सरल, सम्मानजनक और महिला हितैषी बनाया जाए।
February 09, 2026

दिल्ली के चित्रकार मनवीर सिंह ‘कौशल श्री सम्मान’ से सम्मानित

कला पर्यावरण संरक्षण का सशक्त माध्यम है : आकाश गौड 
दिल्ली के चित्रकार मनवीर सिंह ‘कौशल श्री सम्मान’ से सम्मानित 
जींद : अखिल भारतीय स्तर पर कला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्यरत संस्था सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी द्वारा प्रसिद्ध चित्रकार एवं पर्यावरण प्रेमी मनवीर सिंह को कौशल श्री सम्मान से सम्मानित किया गया।
मनवीर सिंह ने दिल्ली कला विद्यालय से बी.एफ.ए. एवं एम.एफ.ए. की शिक्षा प्राप्त की है। वे दिल्ली कला महाविद्यालय में अध्यापन कार्य भी कर चुके हैं। वर्तमान में वे स्वतंत्र कलाकार के रूप में कार्यरत हैं और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित कला सृजन कर रहे हैं।
मनवीर सिंह द्वारा नॉन-बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक से निर्मित कलाकृतियों ने देशभर में पर्यावरण प्रेमियों को जागरूक एवं प्रेरित किया है। उनकी टीम द्वारा लगभग 400 से अधिक परिवारों से प्लास्टिक कचरा एकत्र कर उसे कला के माध्यम से उपयोग में लाया जाता है। यह प्रयोग कला और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय का एक प्रभावशाली उदाहरण है। सोसाइटी के अध्यक्ष दीपक कौशिक ने बताया कि कौशल श्री सम्मान कला की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट सृजनात्मक दृष्टिकोण रखने वाले कलाकारों को हर वर्ष प्रदान किया जाता है। संस्था की ओर से उपाध्यक्ष आकाश गौड ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशंसा पत्र, स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं नगद राशि भेंट की गई। इस अवसर पर आकाश गौड ने कहा कि कला पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त माध्यम है। कला का उद्देश्य केवल सौंदर्य नहीं, बल्कि समाज के व्यापक हित में योगदान देना होना चाहिए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सलाहकार हरप्रीत सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
*पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मनवीर सिंह कर रहे सराहनीय पहल*

चर्चित चित्रकार मनवीर सिंह अपनी रचनात्मक सोच और कला-कौशल से एक नई मिसाल कायम कर रहे हैं। वे ऐसी पॉलीथिन का उपयोग कर सुंदर, आकर्षक और संदेशात्मक कलाकृतियों का निर्माण कर रहे हैं, जिनका सामान्यत पुनर्चक्रण संभव नहीं होता। मनवीर सिंह अपनी कलात्मक प्रतिभा के बल पर बेकार समझी जाने वाली पॉलीथिन को कला का रूप देकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल कर रहे हैं। उनकी ये कलाकृतियाँ न केवल देखने में आकर्षक हैं, बल्कि समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम भी बन रही हैं। विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शित की जा रही उनकी रचनाएं यह संदेश देती हैं कि यदि सही सोच और प्रयास हो, तो प्रदूषण को भी सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाया जा सकता है। इसी प्रेरणादायक कार्य को सम्मान देते हुए सोल एंड स्पिरिट आर्ट सोसाइटी द्वारा उन्हें कौशल श्री सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान उनकी ऊर्जा, समर्पण और रचनात्मक क्षमता को आगे बढ़ाने की दिशा में एक छोटा किंतु महत्वपूर्ण प्रयास है। मनवीर सिंह की यह पहल पर्यावरण प्रेमियों और कलाकारों दोनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
February 09, 2026

गुजरात: 20 रुपये की रिश्वत के आरोप में 30 साल की सज़ा, बरी होने के अगले ही दिन मौ*त — इंसाफ़ ने फिर रुलाया

गुजरात: 20 रुपये की रिश्वत के आरोप में 30 साल की सज़ा, बरी होने के अगले ही दिन मौत — इंसाफ़ ने फिर रुलाया
गुजरात : गुजरात से न्याय व्यवस्था को झकझोर देने वाला एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है।
यह कहानी है बाबूभाई प्रजापति की—एक ऐसे व्यक्ति की, जिसने महज़ 20 रुपये की रिश्वत के आरोप में अपनी ज़िंदगी के करीब 30 साल जेल और अदालतों के चक्कर में गंवा दिए, और जब अदालत ने आखिरकार उसे निर्दोष मानते हुए बरी किया, तो आजादी की सांस लेने से पहले ही मौत ने उसे गले लगा लिया।
1996 का मामला, जिसने पूरी जिंदगी बदल दी
बाबूभाई प्रजापति गुजरात पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे।
साल 1996 में उन पर आरोप लगा कि उन्होंने 20 रुपये की रिश्वत ली है।
यह छोटा-सा आरोप उनके पूरे जीवन का सबसे बड़ा अभिशाप बन गया।
मामला दर्ज हुआ, गिरफ्तारी हुई और फिर शुरू हुआ 30 साल लंबा कानूनी संघर्ष।
इस दौरान बाबूभाई को जेल की सलाखों के पीछे लंबा समय बिताना पड़ा, नौकरी चली गई, सामाजिक प्रतिष्ठा खत्म हो गई और परिवार आर्थिक व मानसिक पीड़ा से जूझता रहा।
तीन दशक बाद मिला इंसाफ
करीब 30 साल बाद, अदालत ने मामले की दोबारा समीक्षा करते हुए बाबूभाई प्रजापति को पूरी तरह निर्दोष करार देते हुए बरी कर दिया।
कोर्ट ने माना कि उनके खिलाफ रिश्वत लेने का कोई ठोस प्रमाण नहीं था।
यह फैसला बाबूभाई और उनके परिवार के लिए उम्मीद की एक किरण लेकर आया।
लगा कि अब बाकी बची ज़िंदगी सुकून से कटेगी।
लेकिन आज़ादी ज्यादा देर टिक नहीं सकी
दुर्भाग्यवश, जेल से रिहा होने के महज़ एक दिन बाद ही बाबूभाई प्रजापति का निधन हो गया।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से चली आ रही मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक थकान ने उनकी जान ले ली।
परिवार का कहना है कि
“जिस इंसाफ़ का इंतज़ार उन्होंने 30 साल किया, उसे जीने का मौका ही नहीं मिला।”
सवालों के घेरे में न्याय व्यवस्था
यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े करता है:
क्या 20 रुपये के आरोप में 30 साल की सज़ा न्याय है?
अगर कोई निर्दोष है, तो उसे इंसाफ़ मिलने में इतनी देर क्यों?
क्या इस देरी की कीमत किसी की पूरी जिंदगी से वसूली जाएगी?
बाबूभाई प्रजापति को भले ही अदालत ने निर्दोष घोषित कर दिया हो,
लेकिन न तो उन्हें खोई हुई जिंदगी लौटाई जा सकती है,
न ही उनके परिवार के टूटे हुए सपने।
इंसाफ़ मिला, मगर बहुत देर से
यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की मौत नहीं,
बल्कि हमारी न्याय व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान है।
इंसाफ़ अगर देर से मिले, तो क्या वह इंसाफ़ कहलाता है?

Sunday, February 8, 2026

February 08, 2026

सरकारी स्कूल रूपगढ़ के वार्षिक - समारोह में सरपंच ने दो कमरे व स्टेज दिया दान में ।

सरकारी स्कूल रूपगढ़ के वार्षिक - समारोह में सरपंच ने दो कमरे व स्टेज दिया दान में । 
जींद : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रूपगढ़ जीतगढ़ में शनिवार को वार्षिक उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में श्रीमती सरोज श्योकंद खंड शिक्षा अधिकारी जींद व श्री दीपक सरपंच रूपगढ़ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सरपंच दीपक ने अपने निजी कोष से अपने परिवार की तरफ़ से दोनों सरकारी विधालयों को एक एक कमरा दान में दिया। साथ ही राजकीय व. मा. विधालय रूपगढ़ में पंचायत फण्ड से स्टेज निर्माण की बनवाने हेतू वायदा किया। 
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री दीपक जी, श्रीमती सरोज श्योकंद, पूर्व सरपंच संदीप व प्रधानाचार्य श्री सुरेंद्र कुमार जी द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए प्रधानाचार्य श्री सुरेंद्र मलिक जी ने शैक्षणिक और सह - शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। साथ-साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोगी सभी स्टाफ सदस्यों का हार्दिक धन्यवाद किया।
नन्हे - मुन्ने छात्र - छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक लोक नृत्य और शिक्षाप्रद नाटकों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेधावी बच्चों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने अकादमिक खेल और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सरपंच व पूर्व सरपंच ने विधालय को 11000- 11000 रुपए भी निज़ी कोष से दान में दिए। मंच संचालन सीनियर प्रवक्ता अंग्रेज़ी श्रीमती अंजू कादियान द्वारा किया गया।

Saturday, February 7, 2026

February 07, 2026

पारदर्शी भर्ती से बदल रही तस्वीर, हजारों युवाओं को मिला रोजगार— मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

पारदर्शी भर्ती से बदल रही तस्वीर, हजारों युवाओं को मिला रोजगार— मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

सरकार के संकल्पों पर तेजी से हो रहा काम विकास,

 पारदर्शिता और सेवा की राजनीति को जनता का समर्थन

मुख्यमंत्री ने कहा डबल इंजन सरकार दोगुनी गति से विकास पथ पर अग्रसर
चंडीगढ़ – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने अपने संकल्प-पत्र में 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 60 पूरे किए जा चुके हैं और शेष संकल्पों पर तेजी से काम चल रहा है, जिन्हें जल्द पूरा कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, स्वास्थ्य मंत्री सुश्री आरती सिंह राव, राज्यसभा सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा, कालका से विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री विनोद शर्मा, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के. मकरंद पांडुरंग, प्रसिद्ध बॉलीवुड कलाकार श्री यशपाल शर्मा तथा मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय भी उपस्थित रहे।

पारदर्शी शासन पर जनता का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का संविधान पूरी मजबूती से लागू है और सरकार संविधान की भावना के अनुरूप काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने भ्रष्टाचार-मुक्त और पारदर्शी शासन के लिए भाजपा को चुना है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ा है। इसी विश्वास के आधार पर राज्य में डबल इंजन सरकार को तीसरी बार बड़ा जनादेश मिला है।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, युवाओं को अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है, जिससे गरीब परिवारों के बच्चे भी बिना सिफारिश के सरकारी नौकरियां हासिल कर रहे हैं। शपथ ग्रहण से पहले ही 24,000 युवाओं को जॉइनिंग लेटर दिए गए और इस वर्ष भी बड़े स्तर पर भर्तियां की जा रही हैं। आयोग के माध्यम से भी भर्ती प्रक्रिया जारी है। सरकार सभी रिक्त पदों को पारदर्शिता के आधार पर भर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवा देश के अन्य राज्यों में भी अपनी प्रतिभा से स्थान बना रहे हैं और दूसरे राज्यों के युवा भी यहां अवसर पा रहे हैं। यह स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संकेत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में न तो भेदभाव होता है और न ही सिफारिश की संस्कृति, बल्कि योग्य युवाओं को ही अवसर मिलता है।

*गरीब, महिलाएं और किसानों के लिए योजनाएं*

मुख्यमंत्री ने बताया कि किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस पूरी तरह मुफ्त किया गया है, गरीब परिवारों को रियायती दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और पात्र महिलाओं के लिए ‘लाडो लक्ष्मी’ योजना शुरू की गई है। ऐसी महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं पंचायतों से जुड़े फैसलों के तहत लंबे समय से बसे ग्रामीण परिवारों को मालिकाना हक देने का निर्णय भी लिया गया है। किसानों के लिए 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है।

विकसित भारत की दिशा में तेज रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है और दुनिया में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र के बजट में विकसित भारत की स्पष्ट झलक दिखाई दी। उन्होंने कहा कि आगामी हरियाणा का बजट जन आशाओं और उम्मीदों पर खरा उतरेगा।

तथ्य आधारित सुझावों से ही मजबूत होगा लोकतंत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि  1984 की घटनाओं से जुड़ी पीड़ा आज भी लोगों के मन में है और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता जरूरी है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब सरकार विपक्ष की बात भी सुने और जनहित के अच्छे सुझावों को स्वीकार करे। विधानसभा में भी विपक्ष को बार-बार तथ्य आधारित सुझाव देने के लिए कहा जाता है, जिन्हें सरकार अवश्य अपनाएगी, लेकिन बिना तथ्यों के आरोप लगाना लोकतंत्र को कमजोर करता है।

विदेश नीति से व्यापार और रोजगार को मजबूती

ट्रेड डील पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति के कारण भारत के कई देशों के साथ मजबूत संबंध बने हैं, जिससे व्यापार और निवेश के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। इससे देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा, पारदर्शिता और विकास पर आधारित है, जबकि विपक्ष आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और सुशासन की नीतियों को ही समर्थन देती रहेगी।
February 07, 2026

शिल्प मेले में हरियाणा की जेलों के बंदियों का हुनर प्रदर्शित कर रही 5 स्टॉल्स

शिल्प मेले में हरियाणा की जेलों के बंदियों का हुनर प्रदर्शित कर रही 5 स्टॉल्स

सुधार से आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम कर रहा हरियाणा कारागार विभाग
चंडीगढ़— फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित किए जा रहे 39वें अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले में इस वर्ष न केवल कलाकारों की कलाकारी, बल्कि हरियाणा कारागार विभाग की सुधारात्मक जेल नीति की सफलता भी चर्चा का विषय बनी हुई है। हरियाणा प्रदेश की 18 जेलों के बंदियों द्वारा निर्मित उत्पादों को मेले में प्रदर्शित और बिक्री के लिए रखा गया है, जो बंदियों के पुनर्वास और उनके जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन की कहानी बयां कर रहे हैं।
मेले में कारागार विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल नंबर 1130 से 1133 , 1135 व 1136 पर बंदियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद उपलब्ध हैं। स्टॉल पर नक्काशीदार लकड़ी का फर्नीचर, बढ़ईगिरी के उत्कृष्ट नमूने और पेंटिंग, जेल की बेकरी के उत्पाद और शुद्ध एलोवेरा आधारित हर्बल उत्पाद, कढ़ाई, सिलाई, टेक्सटाइल और दैनिक उपयोग की हस्त निर्मित वस्तुएं उपलब्ध है। स्टॉल पर उपस्थित उत्पाद बाजार में मिलने वाले उत्पादों से सस्ते व भरोसेमंद है। इन उत्पादों की कीमत 50 रुपये से लेकर 60 हजार रुपये तक रखी गई है, जिन्हें पर्यटक इनकी गुणवत्ता और मजबूती के कारण काफी पसंद कर रहे हैं।
*बंदियों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाने का किया जा रहा प्रयास*

हरियाणा कारागार विभाग की सुधारात्मक पहलों के तहत प्रदेश सरकार द्वारा जेलों में चलाए जा रहे व्यापक सुधार कार्यक्रमों के तहत बंदियों को विभिन्न व्यवसायों में व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बंदियों को अपराध की दुनिया से दूर कर समाज की मुख्यधारा में वापस लाना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। यह स्टॉल केवल उत्पादों की बिक्री का केंद्र नहीं है, बल्कि समाज के लिए एक संदेश है कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर हर व्यक्ति सकारात्मक बदलाव की ओर बढ़ सकता है।
*पर्यटक कर रहे बंदियों के कौशल की सराहना*

शिल्प मेले में पर्यटक न केवल इन वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं, बल्कि बंदियों के कौशल और उनके सुधार के प्रति विभाग के प्रयासों की सराहना भी कर रहे हैं। यह पहल हरियाणा सरकार की आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को जेलों के भीतर भी प्रभावी ढंग से लागू करने का प्रमाण है।
February 07, 2026

सोनीपत की युवा कलाकार नीतू स्कैच व पेंटिंग की कला कर रही रही प्रदर्शित

सोनीपत की युवा कलाकार नीतू स्कैच व पेंटिंग की कला कर रही रही प्रदर्शित

नीतू की कला ने शिल्प मेले में बिखेरे रचनात्मकता रंग

लाइव स्केच और कलरफुल पोर्ट्रेट में बना रही विशेष पहचान
चंडीगढ़— फरीदाबाद के अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेले में इस बार सोनीपत की युवा कलाकार नीतू के ब्रश और पेंसिल का हुनर न केवल बोल रहा है, बल्कि दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। मेले के शोर-शराबे के बीच, नीतू द्वारा लगाया स्टॉल एक जीवंत स्टूडियो का रूप ले चुका है, जहाँ कला प्रेमी ठहरकर पेंटिंग की बारीकियों को निहार रहे हैं। उनकी कला मेले के सबसे चर्चित और भीड़भाड़ वाले स्थलों में शामिल हो गई है, जहां पर्यटक उनकी कला को न केवल देख रहे हैं, बल्कि लाइव स्केच बनवाने का अनुभव भी ले रहे हैं।
शिल्प मेले में स्टॉल नंबर 1104 के समीप सोनीपत से आई नीतू द्वारा लाइफ स्केच, कलरफुल स्केच और पोर्ट्रेट आर्ट में अपनी कला प्रदर्शित कर रही है। वह अपने सामने व्यक्ति को बैठाकर लाइव स्केच तैयार कर रही है, जो देखने वालों के लिए बेहद आकर्षक अनुभव बन रहा है। उनकी कलाकृतियों में चेहरे के भाव, आंखों की गहराई और रंगों का संतुलन दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित कर रहा है। उनकी पेंटिंग में जीवन की सजीव और भावनाओं की गहराई साफ झलक रही है।

*हरियाणा सरकार द्वारा शिल्पकारों को उपलब्ध करवाया जा रहा अंतरराष्ट्रीय मंच*
नीतू ने हरियाणा सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार द्वारा उन्हें सूरजकुंड जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध करवाकर उनकी कला को नई पहचान  दिला रहे है। सूरजकुंड मेले में अपनी कला का प्रदर्शन करना उनके लिए गर्व की बात है और यह अनुभव उन्हें नई प्रेरणा भी देता है।

Friday, February 6, 2026

February 06, 2026

हरियाणा सरकार ने मृतकों की गरिमा बनाए रखने के लिए सभी जिलों में शव वाहन सेवाओं को सुनिश्चित किया - डॉ. सुमिता मिश्रा

हरियाणा सरकार ने मृतकों की गरिमा बनाए रखने के लिए सभी जिलों में शव वाहन सेवाओं को सुनिश्चित किया - डॉ. सुमिता मिश्रा
चंडीगढ़ – हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने राज्य के सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि वे प्रत्येक जिले में कम से कम एक चालू शव वाहन सेवा की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मृत व्यक्तियों के सम्मानजनक परिवहन के लिए शव वाहन आवश्यक हैं। जबकि कई जिलों में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी और विभिन्न एनजीओ के माध्यम से शव वाहन सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, उन्होंने इन सेवाओं की उपलब्धता और संपर्क विवरण के बारे में सार्वजनिक जागरूकता में सुधार करने का निर्देश दिया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया जाता है कि वे सुनिश्चित करें कि प्रत्येक जिले में कम से कम एक चालू शव वाहन सेवा उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि यह सेवा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, प्रतिष्ठित एनजीओ या किसी अन्य विधिवत अधिकृत एजेंसी के माध्यम से व्यवस्थित की जा सकती है।
डॉ. सुमिता मिश्रा ने आगे निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले में सिविल सर्जन यह सुनिश्चित करें कि सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सभी चालू शव वाहनों (भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी/एनजीओ /अधिकृत एजेंसियों द्वारा संचालित) के संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएं।
 प्रदर्शन स्थलों में जिला अस्पताल, उप-विभागीय अस्पताल, सीएचसी , पीएचसी , मेडिकल कॉलेज, मुर्दाघर, पोस्टमार्टम केंद्र और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थान शामिल हैं। इस उपाय का उद्देश्य इन सेवाओं का व्यापक प्रचार और जनता तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना है।
डॉ. मिश्रा ने जोर देकर कहा कि इस मामले में अनुपालन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि एम्बुलेंस विशेष रूप से सुसज्जित और एर्गोनॉमिक रूप से डिजाइन किए गए वाहन हैं जो आपातकालीन चिकित्सा देखभाल और बीमार या घायल व्यक्तियों के परिवहन के लिए हैं।
February 06, 2026

हजारों वर्ष पुरानी हरियाणा नस्ल की देशी गाय आज भी बढ़ा रही है प्रदेश की शान : श्री श्याम सिंह राणा

हजारों वर्ष पुरानी हरियाणा नस्ल की देशी गाय आज भी बढ़ा रही है प्रदेश की शान : श्री श्याम सिंह राणा

-हरियाणा में 8 लाख से ज्यादा देशी गाय का किया जा रहा है पालन-पोषण
चंडीगढ़  - हरियाणा के पशुपालन एवं कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी का शुभारम्भ करते हुए कहा कि वेदों पुराणों में भी हरियाणा नस्ल की देशी गाय का जिक्र किया जाता है। अगर पशुपालन विभाग के अधिकारियों की बात को माने तो भगवान श्रीकृष्ण हरियाणा नस्ल की गाय को खूब प्यार करते थे। आज भी हरियाणा नस्ल की गाय प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। इस समय हरियाणा प्रदेश में गाउशालाओं के साथ-साथ पशुपालकों के पास करीब 8 लाख हरियाणा नस्ल की गाय हैं। अहम पहलू यह है कि कुरुक्षेत्र की 41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में 150 हरियाणा नस्ल की गाय पशुपालक लेकर पहुंचे हैं।
श्री राणा ने आज हरियाणा नस्ल की गाय का पूजन करके ही इस राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

पशुपालन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सोच है कि प्रदेश की हरियाणा नस्ल की गाय के साथ-साथ राठी, गिर, बिलाही, थार-पार, जैसी देशी नस्ल की गाय, बैल को संरक्षित करने, पशुपालक किसानों को मंच मुहैया कराने तथा आय को बढ़ाने के लिए ही राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी आयोजन के पहले दिन हरियाणा नस्ल की गाय ने आम नागरिक खासकर पशुपालकों का ध्यान आकर्षित किया। इस हरियाणा नस्ल की गाय का दूध बाकी देशी गायों से ज्यादा पौष्टिक है और 3 से 4 प्रतिशत ही फैट है। इस गाय का दूध बच्चों के लिए ज्यादा पौष्टिक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सोच है कि हरियाणा नस्ल की देशी गाय के नस्ल में और सुधार लाया जाए। इसके लिए लगाकार वैज्ञानिकों द्वारा अनुसंधान का कार्य किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में जींद, रेवाड़ी, चरखी दादरी सहित प्रदेश के अन्य जिलों से दर्जनों पशुपालक 150 हरियाणा नस्ल की गाय लेकर पहुंचे हैं और इस नस्ल की गाय मेले में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल बनवाला का कहना है कि प्राचीन काल से प्रदेश में हरियाणा नस्ल की गाय का पालन पोषण किया जाता रहा है। इस गाय को भगवान श्रीकृष्ण भी बहुत प्यार करते थे। इस समय हरियाणा में करीब 8 लाख इस नस्ल की गाय है, जिनका पालन पोषण घरों और गऊशालाओं में किया जा रहा है। इस नस्ल की गाय की कीमत 40 हजार रुपए से लेकर 1.50 लाख रुपए तक है।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल बनवाला ने कहा कि गायों में सिर्फ हरियाणा नस्ल की ही एक ऐसी गाय है, जो बिना छुए 6 फीट ऊंची दीवार को कूद सकती है। इस हरियाणा नस्ल की देशी गाय में इतनी फूर्ती हमेशा देखने को मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा नस्ल की अधिक दूध देने वाली गाय के लिए सरकार ने इनाम राशि भी रखी है। इसके लिए बकायदा विशेष योजना को अमलीजामा भी पहनाया है। इस योजना के तहत पांच किलो से 15 किलोग्राम तक दूध देने वाली गाय को 5 हजार रुपए से लेकर 40 हजार रुपए तक का इनाम दिया जाता है। इसके लिए बकायदा पशुपालक को पोर्टल पर आवेदन करना होगा और इस आवेदन के बाद टीम द्वारा एक दिन में 3 बार दूध निकालकर दूध की मात्रा की औसत निकालनी होगी। इस प्रक्रिया के बाद दूध की मात्रा के अनुसार पशुपालक को इनाम दिया जाता है।
हरियाणा नस्ल की गाय कम पानी पीना पसंद करती है, लेकिन सफाई उतनी ही ज्यादा पसंद करती है। इसलिए हरियाणा नस्ल की गाय को सफाई में रखना जरूरी है। इस नस्ल की गाय पानी वाली जगह, मिट्टी वाली जगह पर बैठना पसंद नहीं करती है।
कैटवॉक पर बिखरे हरियाणा नस्ल की गाय ने जलवे

41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में जहां ऊंट, घोड़ों, बैल, बकरे, भैंसे ने कैटवॉक में पशुपालकों का दिल जीता वहीं हरियाणा नस्ल की गाय का कैटवॉक के मंच पर जलवा देखने को मिला।
February 06, 2026

एमडीयू की यूजी दूरस्थ शिक्षा मोड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू

एमडीयू की यूजी दूरस्थ शिक्षा मोड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू
रोहतक :  महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की स्नातक (यूजी) दूरस्थ शिक्षा मोड की थ्योरी परीक्षाएं 16 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी।
परीक्षा नियंत्रक प्रो राहुल ऋषि ने बताया कि बीए एवं बीकॉम प्रथम सेमेस्टर फ्रेश (ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड) सेमेस्टर सिस्टम के तहत ये परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। यह परीक्षाएं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (एनईपी–2020) के अंतर्गत ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं की विस्तृत डेट शीट शीघ्र ही विश्वविद्यालय वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी जाएगी। वहीं विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र भी एमडीयू वेबसाइट पर जल्द जारी किए जाएंगे। ऑनलाइन परीक्षाओं से संबंधित एसओपी और दिशा-निर्देश भी अलग से विश्वविद्यालय वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
February 06, 2026

एमएड एवं एमएड स्पेशल एजुकेशन की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 13 फरवरी से

एमएड एवं एमएड स्पेशल एजुकेशन की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 13 फरवरी से
रोहतक : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय द्वारा एमएड तथा एमएड स्पेशल एजुकेशन (रेगुलर एवं री-अपीयर) पाठ्यक्रमों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 13 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा नियंत्रक प्रो राहुल ऋषि ने बताया कि एमएड प्रथम और तृतीय सेमेस्टर (रेगुलर एवं री-अपीयर) तथा चतुर्थ सेमेस्टर (केवल री-अपीयर), एमएड स्पेशल के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर (रेगुलर एवं री-अपीयर) तथा चतुर्थ सेमेस्टर (केवल री-अपीयर) की प्रायोगिक परीक्षाएं विश्वविद्यालय शिक्षण विभागों एवं संबद्ध कॉलेजों में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा की विस्तृत डेट शीट शीघ्र ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी जाएगी। वहीं विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र भी एमडीयू पोर्टल पर जल्द जारी किए जाएंगे।
February 06, 2026

आने वाला समय भाजपा का, पीएम मोदी के नेतृत्व में पंजाब बनेगा देश का अग्रणी राज्य: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

आने वाला समय भाजपा का, पीएम मोदी के नेतृत्व में पंजाब बनेगा देश का अग्रणी राज्य: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा मॉडल से पंजाब को मिलेगा विकास का नया रास्ता, भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है

आम आदमी पार्टी की सरकार करे श्वेत पत्र जारी
चंडीगढ़— हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में पंजाब देश का अग्रणी राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही पंजाब में विकास की रफ्तार तेज होगी और केंद्र की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं ज़मीन पर प्रभावी रूप से लागू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को पंजाब के गांव पंजौला में आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजक सतपाल पुनिया द्वारा मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ एवं सिरोपा भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
हरियाणा बना किसान-हितैषी राज्य, 24 फसलों पर MSP और 48 घंटे में भुगतान

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। किसानों की फसल मंडी में पहुंचते ही 48 घंटे के भीतर भुगतान सीधे उनके खातों में किया जा रहा है। प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर मुआवजा भी सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर किया जाता है, जिससे किसान आत्मनिर्भर और सुरक्षित महसूस कर रहा है।
भाजपा ने संकल्प पत्र के वायदों को जमीन पर उतारा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा ने जो वायदे किए, उन्हें केवल कागज़ों तक सीमित नहीं रखा। संकल्प पत्र के 217 वायदों में से पहले चरण में 60 वायदे पूरे किए जा चुके हैं, जबकि शेष संकल्पों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा का खून का रिश्ता है, संस्कृति और संस्कार एक जैसे हैं, इसलिए विकास का मॉडल भी सांझा होना चाहिए।

 लाडो लक्ष्मी योजना से हरियाणा की महिलाएं हुई सशक्त, पंजाब में आप के वायदे अधूरे

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं, जिसके लिए बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं पंजाब में महिलाओं को 1100 रुपये देने की घोषणा आज तक पूरी नहीं हो पाई है। यह भाजपा और अन्य दलों के काम करने के तरीके का बड़ा अंतर दर्शाता है।
आवास, प्लॉट और मालिकाना हक— हरियाणा सरकार के ठोस फैसले

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 1.50 लाख लोगों को मकान उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा 27 हजार पात्र परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट और 14 शहरों में पहले चरण में 15 हजार लोगों को 30-30 गज के प्लॉट दिए गए हैं। पंचायती भूमि पर 20 वर्षों से कब्जाधारी लोगों को मालिकाना हक भी दिया गया है।

स्वास्थ्य सुरक्षा में हरियाणा अग्रणी, आयुष्मान-चिरायु योजना से मिला 25 लाख लोगों को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में आयुष्मान एवं चिरायु योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का सालाना मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। अब तक करीब 25 लाख लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं और इस पर 4000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा चुकी है। इसके विपरीत पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक केवल दिखावा साबित हुए हैं, जहां न तो पर्याप्त इलाज है और न ही दवाइयां उपलब्ध हैं।
आम आदमी पार्टी की सरकार करे श्वेत पत्र जारी

आम आदमी पार्टी सरकार पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार को चुनाव से पहले किए गए वायदों पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार चरम पर है, कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है और ईमानदारी की बात करने वाले खुद जेल तक गए हैं।

हरियाणा में बुजुर्गों को सम्मान, युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में बुजुर्गों को 3200 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है, जिससे 34.50 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। यह राशि हर माह की 1 से 10 तारीख के बीच सीधे खातों में ट्रांसफर की जाती है। इसके अलावा हैप्पी कार्ड योजना के तहत एक लाख से कम आय वाले परिवारों को 1000 किलोमीटर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची और पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी जा रही हैं। पिछले 11 वर्षों में 2 लाख युवाओं को रोजगार मिला है, जबकि केवल पिछले एक वर्ष में ही 34 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

पीएम मोदी का पंजाब को विशेष सम्मान, औद्योगिक हब बनेगा राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखकर करोड़ों अनुयायियों को सम्मान दिया है। उन्होंने जालंधर, लुधियाना और अमृतसर को औद्योगिक हब बनाने की भी घोषणा की है, जिसे भाजपा सरकार बनते ही मजबूती से लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प में मिलकर सहयोग करें ताकि पंजाब में भी विकास को गति मिले और अग्रणी राज्य बन पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन भावनाएं प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अपना विश्वास व्यक्त कर रही हैं।

इस अवसर पर पूर्व सांसद महारानी परनीत कौर, विधायक अश्विनी शर्मा, जिला प्रधान सरदार जसपाल सिंह गंगौली, पंजौला के सरपंच सरदार जरनैल सिंह, कार्यक्रम आयोजक सतपाल पुनिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
February 06, 2026

एचएसएससी स्टेनो भर्ती के लिए आवेदन पोर्टल खुला, परीक्षाओं में किरपान व मंगलसूत्र की अनुमति

एचएसएससी स्टेनो भर्ती के लिए आवेदन पोर्टल खुला, परीक्षाओं में किरपान व मंगलसूत्र की अनुमति 
फोटो -AI से चित्रित 

चंडीगढ़ – हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन श्री हिम्मत सिंह ने बताया कि विज्ञापन संख्या 3/2026 में विभिन्न समूहों के पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी https://adv032026.hryssc.com लिंक के माध्यम से 6 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद वेबसाइट लिंक स्वतः निष्क्रिय हो जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागों की वरीयता केवल उन्हीं अभ्यर्थियों से ली जाएगी जो स्टेनोग्राफी स्किल टेस्ट में उत्तीर्ण होंगे।
श्री हिम्मत सिंह ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आयोग द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं में सिख अभ्यर्थियों को निर्धारित मानकों के अनुसार किरपान पहनने और साथ रखने की अनुमति दी जाएगी। किरपान की कुल लंबाई 9 इंच (22.86 सेंटीमीटर) से अधिक तथा ब्लेड की लंबाई 6 इंच (15.24 सेंटीमीटर) से अधिक नहीं होनी चाहिए। ऐसे सिख अभ्यर्थियों को परीक्षा के निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।
इसके अतिरिक्त, विवाहित महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में मंगलसूत्र पहनने की अनुमति होगी और उन्हें निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
श्री हिम्मत सिंह ने कहा कि आयोग ने राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुरूप सभी परीक्षा केंद्रों, पर्यवेक्षकों और सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि इन प्रावधानों का पालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सके।