Breaking

Tuesday, February 17, 2026

February 17, 2026

एमडीयू में रंग सुर म्यूजिकल फिएस्टा का भव्य आगाज, संगीत की मधुर प्रस्तुतियों ने बांधा समां

एमडीयू में रंग सुर म्यूजिकल फिएस्टा का भव्य आगाज, संगीत की मधुर प्रस्तुतियों ने बांधा समां

-मुख्यातिथि सीआरएसयू, जींद कुलपति प्रो. आरपी सैनी ने किया उद्घाटन, प्रख्यात जल तरंग वादक विदुषी शशिकला दानी की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
रोहतक : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के संगीत विभाग द्वारा टैगोर ऑडिटोरियम में रंग महोत्सव के तहत दो दिवसीय रंग सुर म्यूजिकल फिएस्टा का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में प्रो. आरपी सैनी, कुलपति, चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी, जींद उपस्थित रहे।
अपने उद्घाटन संबोधन में प्रो. आरपी सैनी ने कहा कि संगीत भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जो व्यक्ति के जीवन में संवेदनशीलता, अनुशासन और रचनात्मकता का विकास करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संगीत जैसी कलाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रख्यात जल तरंग वादक विदुषी शशिकला दानी की मनमोहक प्रस्तुति रही। उनकी उत्कृष्ट कला ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मुख्यातिथि प्रो. आरपी सैनी ने आज की कलाकार विदुषी शशिकला दानी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। 
रंग महोत्सव की संयोजक प्रो. सपना गर्ग ने स्वागत भाषण दिया। रंग सुर की कन्वीनर प्रो. विमल ने आभार जताया। उन्होंने बताया कि रंग सुर के तहत 18 फरवरी को प्रतिष्ठित वोकलिस्ट किराना घराना से विदुषी, संहिता नंदी अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी। डॉ. सौरभ वर्मा ने बेहतरीन मंच संचालन किया। निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी और उनकी टीम ने आयोजन एवं समन्वयन सहयोग दिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रो. हरीश कुमार, प्रो. सुधीर कुमार, प्रो. आशीष दहिया, प्रो. दिव्या मल्हान , प्रो. अंजू धीमान, प्रो. सविता राठी, सुनित मुखर्जी, डॉ. आनंद शर्मा, डॉ. नवीन ओहल्यान समेत एमडीयू के प्राध्यापकगण, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।
February 17, 2026

हरियाणा में 40 करोड़ से अधिक राजस्व अभिलेखों का डिजिटलीकरण, एफसीआर डॉ. सुमिता मिश्रा ने डीसी बैठक में व्यापक सुधार एजेंडा की समीक्षा की

हरियाणा में 40 करोड़ से अधिक राजस्व अभिलेखों का डिजिटलीकरण

एफसीआर डॉ. सुमिता मिश्रा ने डीसी बैठक में व्यापक सुधार एजेंडा की समीक्षा की
चंडीगढ़ – पारदर्शी और तकनीक-आधारित भूमि प्रशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए हरियाणा ने मॉडर्न रेवेन्यू रिकॉर्ड रूम्स (MRRR) पहल के तहत 40 करोड़ 09 लाख 10 हजार 631 से अधिक राजस्व अभिलेखों की छवियाँ अपलोड कर दी हैं। यह राज्य के प्रशासनिक इतिहास के सबसे बड़े डिजिटलीकरण अभियानों में से एक है। इस प्रगति की समीक्षा सभी उपायुक्तों की बैठक में की गई, जिसकी अध्यक्षता वित्त आयुक्त (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग) डॉ. सुमिता मिश्रा ने की।

डॉ. मिश्रा ने इस डिजिटलीकरण अभियान को ऐतिहासिक भूमि अभिलेखों के संरक्षण, डेटा सुरक्षा सुनिश्चित करने और नागरिकों को प्रमाणित दस्तावेजों की सहज उपलब्धता देने वाला संरचनात्मक सुधार बताया। उन्होंने अधिकारियों को सभी जिलों में सख्त गुणवत्ता जांच और समान मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

 निर्धारित समय सीमा में अधिकांश रजिस्ट्री पूरी

लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 16 फरवरी, 2026 तक लगभग 95 प्रतिशत रजिस्ट्रियाँ निर्धारित 5 दिनों की समय-सीमा के भीतर पूरी की गईं, जिससे संकेत मिलता है कि अधिकांश लेन-देन सामान्य समय-सीमा में निपटाए जा रहे हैं। अधिकारियों को शेष मामलों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में 7,104 गाँवों और 143 तहसीलों में लंबित इंतकाल मामलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। वेब-हैलरिस (Web-HALRIS) में प्रविष्टियाँ शीघ्र करने और निर्धारित समय-सीमा से अधिक लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि पिछले एक महीने में ही राज्यभर में 51 हजार 199 लंबित इंतकाल मामलों का निपटारा किया गया है। एफसीआर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को अगले महीने के भीतर सभी लंबित मामलों का निपटान करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक शनिवार को ‘जलसा-ए-आम’ अभियान जारी रखने के निर्देश भी दिए, ताकि लंबित इंतकाल मामलों के निपटान में तेजी लाई जा सके।

भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण के तहत 64.34 लाख प्राप्त ततिमों में से 60.79 लाख ततिमों का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा 4,115 गाँवों में भू-नक्शा अद्यतन किया जा चुका है। जिन जिलों में अधिक लंबित कार्य है, उन्हें समयबद्ध तरीके से प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए। एफसीआर डॉ. मिश्रा ने सभी उपायुक्तों को 28 फरवरी, 2026 तक ततिमा अद्यतन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

एग्रीस्टैक (हरियाणा किसान रजिस्ट्री) पहल के तहत राज्य सरकार ने 10.76 लाख से अधिक किसान पंजीकरण दर्ज किए हैं, जिनमें से 6.37 लाख से अधिक स्वीकृतियाँ पूरी हो चुकी हैं। डिजिटल क्रॉप सर्वे परियोजना 3,312 गाँवों में लागू की जा रही है, जिसमें लगभग 68 लाख खेतों को शामिल किया गया है। यह हरियाणा की डेटा-आधारित कृषि शासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

बैठक में हरियाणा भूमि राजस्व अधिनियम की धारा 111ए के तहत संयुक्त जोतों का अनिवार्य बंटवारा, स्वामित्व प्रविष्टियों का संशोधन, सरकारी भूमि की एकरूप नामावली तथा इंतकाल और फर्द-बदर अभिलेखों के डिजिटलीकरण पर भी चर्चा की गई। उपायुक्तों को निर्धारित प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
February 17, 2026

हरसमय पोर्टल पर लापता व्यक्तियों के पंजीकरण की सुविधा शुरू

हरसमय पोर्टल पर लापता व्यक्तियों के पंजीकरण की सुविधा शुरू

सीसीटीएनएस एकीकरण से स्मार्ट पुलिसिंग को मजबूती

जीआईएस-आधारित पुलिस स्टेशन लोकेटर भी शुरू
चंडीगढ़-हरियाणा सरकार ने तकनीक आधारित नागरिक सेवाओं और स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए  हरसमय पोर्टल पर 'लापता व्यक्तियों का पंजीकरण' सुविधा शुरू की है। साथ ही, सत्यापन सेवा प्रमाणपत्रों को डिजिलॉकर से जोड़ा गया है। नागरिक पोर्टल पर जीआईएस-आधारित पुलिस स्टेशन लोकेटर भी शुरू किया गया है, जिससे  ऑनलाइन शिकायत दर्ज करना अब और भी सरल हो गया है।

इन कार्यों की जानकारी आज यहां गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) की 32वीं बैठक में दी गई।

बैठक में बताया गया कि सीसीटीएनएस का ई-कोर्ट्स और ई-प्रोसिक्यूशन प्रणाली से एकीकरण कर लिया गया है। इससे जांच अधिकारियों को अदालतों और अभियोजन कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है। थानाध्यक्षों (एसएचओ) के लिए कैदियों की रिहाई संबंधी अलर्ट व्यवस्था भी लागू की गई है।

इसके अलावा, सीसीटीएनएस के अंतर्गत एफआईआर, चालान और अन्य दस्तावेजों के लिए आधार-आधारित जेनरिक ई-साइन सुविधा लागू की गई है। इससे फील्ड अधिकारियों के समय और स्टेशनरी की बचत हुई है।

राष्ट्रीय स्वचालित फिंगरप्रिंट पहचान प्रणाली (एनएएफआईएस) और मोबाइल क्राइम यूनिट्स (एमसीयू) सभी जिलों में स्थापित की जा चुकी हैं। गिरफ्तार आरोपियों के फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और शारीरिक माप व्यवस्थित रूप से दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे एक सुदृढ़ और केंद्रीकृत आपराधिक डाटाबेस तैयार हो रहा है। एमसीयू तैनाती और एनएएफआईएस अपलोड के मामले में हरियाणा अग्रणी राज्यों में शामिल है और तकनीक आधारित पुलिसिंग में अग्रणी राज्य के रूप में पहचान बना चुका है।

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा तैयार प्रगति डैशबोर्ड पर हरियाणा ने लगातार शत-प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। जून 2021 से लेकर पिछले 55 महीनों में हरियाणा 41 बार शीर्ष स्थान पर रहा है, जो डिजिटल पुलिसिंग के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साल 2022 और 2023 में सीसीटीएनएस-आईसीजेएस की उत्कृष्ट प्रथाओं पर आयोजित वार्षिक सम्मेलन में भी हरियाणा पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल चुका है।

राज्य ने नए आपराधिक कानूनों को निर्धारित समय-सीमा में लागू कर राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (आईसीजेएस) के माध्यम से 247 वाहनों और 400 व्यक्तियों का पता लगाया गया है। राइट टू सर्विस (आरटीएस) डैशबोर्ड पर भी हरियाणा पुलिस को 10 में से 10 अंक मिले हैं। साथ ही, 78.33 लाख से अधिक नागरिक सेवा आवेदनों का निपटान निर्धारित समय में किया गया है।
February 17, 2026

एमडीयू में रंग महोत्सव में रंग रास थिएटर फेस्टिवल का आगाज़, -राम नाम सत्य है नाटक ने दर्शकों को किया भाव-विभोर

एमडीयू में रंग महोत्सव में रंग रास थिएटर फेस्टिवल का आगाज़, 
-राम नाम सत्य है नाटक ने दर्शकों को किया भाव-विभोर
रोहतक :  महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के आर.के. ऑडिटोरियम में रंग महोत्सव के तहत दो दिवसीय थिएटर फेस्टिवल रंग रास का भव्य शुभारंभ हुआ। भारतीय पुनर्वास परिषद की पूर्व अध्यक्ष डॉ शरणजीत कौर ने बतौर मुख्यातिथि इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

रंग रास थिएटर फेस्टिवल के प्रथम दिन राम नाम सत्य है नाटक का मंचन किया गया। इस नाटक का लेखन डॉ. चंद्रशेखर फणसलकर ने किया तथा निर्देशन सोनू रोंझिया द्वारा किया गया। नाटक की प्रस्तुति मीरा कल्चर सोसायटी द्वारा की गई।
राम नाम सत्य है एक सशक्त सामाजिक नाटक है, जो जीवन की नश्वरता और समाज की वास्तविक मानसिकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है। यह नाटक अक्सर सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों के इर्द-गिर्द घूमता है, जिसमें मृत्यु और जीवन के संघर्ष को एक गहरे दृष्टिकोण से दिखाया जाता है। नाटक यह संदेश देता है कि जीवन क्षणभंगुर है और मानव को अपने जीवन में सच्चे मानवीय मूल्यों, संवेदनाओं और रिश्तों को महत्व देना चाहिए। 

अपने प्रभावशाली संवाद, यथार्थवादी प्रस्तुति और भावनात्मक कथानक के माध्यम से यह नाटक दर्शकों को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करता है तथा समाज को एक सार्थक संदेश प्रदान करता है। कलाकारों के जीवंत अभिनय ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए गहरी छाप छोड़ी।
मुख्य अतिथि डॉ. शरणजीत कौर ने कहा कि रंगमंच समाज का सशक्त माध्यम है, जो जीवन के यथार्थ को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है। उन्होंने रंग रास जैसे आयोजनों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।

रंग रास के कन्वीनर प्रो. हरीश कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रंगमंच के प्रति रुचि विकसित करना तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनात्मक अभिव्यक्तियों को मंच प्रदान करना है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि आईआईएमसी, नई दिल्ली के प्रो. राकेश गोस्वामी ने कहा कि एमडीयू रंग रास की शुरूआत कर थिएटर के क्षेत्र में हरियाणा में एक नई शुरूआत की है जिससे रंग मंच के कलाकारों को न केवल प्रेरणा मिलेगी बल्कि अभिव्यक्त करने का मंच भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिस संवदेनशीलता के साथ नाटक के कलाकारों ने अभिनय किया है उसे रोहतक के दर्शक वर्षों तक याद करेंगे। 

इस अवसर पर दो रंगमंच के कलाकारों को सम्मानित भी किया गया, जिनमें सुपवा के डॉ. दुष्यंत, रोहतक के रंगकर्मी अविनाश सैनी और निर्देशक सोनू रांझिया शामिल रहे।

इस कार्यक्रम में डॉ. लक्ष्मी गुप्ता, रंग महोत्सव की संयोजक प्रो. सपना गर्ग, डीन सीडीसी प्रो. विनीता हुड्डा, डॉ. बेनुल तोमर समेत विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्यार्थी और कला उपस्थित रहे। निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी और उनकी टीम ने आयोजन सहयोग दिया।
February 17, 2026

विपक्ष अफवाह फैलाकर लोगों को कर रहा है भ्रमित : मुख्यमंत्री

विपक्ष अफवाह फैलाकर लोगों को कर रहा है भ्रमित : मुख्यमंत्री

- मोदी की रणनीति से कांग्रेस के चेहरे मुरझाये

- पंजाब में बनेगी भाजपा की सरकार
चंडीगढ़ -  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है , वह केवल अफवाह फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। भारत एवं अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील से देशभर के उद्योगपति खुश हैं और जनता के चेहरे भी खिले हुए हैं , लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की रणनीति से केवल कांग्रेस के चेहरे मुरझाये हुए हैं।
मुख्यमंत्री आज यहां हरियाणा निवास में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे।
श्री नायब सिंह सैनी ने अपने जापान दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी इस विजिट के दौरान करीब 5000 करोड़ रूपये के निवेश हेतु एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे, इनमें से कई निवेशकों ने तो प्रदेश में जमीन चिन्हित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि विश्व की कई बड़ी कंपनियों ने भी हरियाणा में निवेश करने की इच्छा जाहिर की है ,इस दिशा में कदम भी उठाये गए हैं।
उन्होंने पिछले बजट के दौरान राज्य में प्रस्तावित 10 आईएमटी  की घोषणा के मामले में बताया कि इनमें से 6 आईएमटी स्थापित करने के लिए जगह भी चिन्हित कर ली गई है और निर्माण से संबंधित तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के अनुकूल वातावरण होने के कारण हरियाणा बाहरी निवेशकों के लिए मुख्य गंतव्य स्थल बन कर उभरा है। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार के आम बजट में भी उद्योगों से संबंधित कई पॉलिसी आ रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा पंजाब दौरों को लेकर वहां मची राजनैतिक हलचल पर चुटकी लेते हुए कहा कि पंजाब में पहले कांग्रेस और अब आप पार्टी की सरकार के कारण उनका आर्थिक प्रबंधन गड़बड़ा गया है। हरियाणा आर्थिक प्रबंधन के मामले में नंबर वन है। आगामी चुनाव में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अर्थव्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के किसान जानते हैं कि हरियाणा सरकार 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है और आपदा के समय में अपने किसानों को उचित मुआवजा देकर उनको संबल प्रदान करती है।
विपक्ष द्वारा प्रदेश में एचपीएससी के तहत बाहरी युवाओं को नौकरी देने के सवाल पर मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा के युवा भी पड़ौसी राज्य पंजाब , उत्तरप्रदेश , राजस्थान , हिमाचल प्रदेश आदि में नौकरी के लिए चयनित होते हैं तो उक्त राज्यों के युवा भी मेरिट के आधार पर हरियाणा में चयनित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता के आधार पर काम कर रही है।
श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि इस साल सरकार ने लगभग 36 हजार युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी दी है , फिलहाल 12500 रिक्तियों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है , इनमें लगभग 5500 रिक्तियों को भरने के लिए पुलिस विभाग में प्रक्रिया चल रही है।
पलवल जिला में अज्ञात बीमारी के कारण हुई मौतों के सवाल पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि सरकार इस मामले में पूरी तरह से सजग है , स्वास्थ्य विभाग  की टीमों का गठन करके जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों के ईलाज के लिए सरकार हर संभव सहायता कर रही है।
February 17, 2026

108 कुण्डीय शिव-शक्ति जनकल्याण महायज्ञ की तैयारियां पूर्ण, भव्य कलश यात्रा कल

108 कुण्डीय शिव-शक्ति जनकल्याण महायज्ञ की तैयारियां पूर्ण, भव्य कलश यात्रा कल 

-सज गए हैं 108 कुंड, वैदिक यज्ञशाला और पंडाल 
जींद : जींद की सुख, शांति व समृद्धि के लिए 18 से 27 फरवरी तक जींद के हुडा ग्राउंड एकलव्य स्टेडियन में नौ दिवसीय 108 कुण्डीय शिव-शक्ति जनकल्याण महायज्ञ व दिव्य महाआरती कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। कार्यक्रम का शुभारम्भ कल 18 फरवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा जिसमें हजारों माताएँ-बहनें कलश उठाने का काम करेंगी। कलश यात्रा कल सुबह 11 बजे अग्रसेन भवन अर्बन इस्टेट से चल कर आयोजन स्थल एकलव्य स्टेडियम हुडा ग्राउंड पर संपन्न होगी। यह बात महायज्ञ जींद की धरती का अब तक का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन साबित होगा। यह बात पूज्य जगतगुरु त्रिपुरा पीठाधीश्वर चक्रवर्ती यज्ञ सम्राट श्रीश्री 1008 श्री हरिओम जी महाराज के परम शिष्य सतपाल जी महाराज ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कही।
नगर परिषद वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि हरीश शर्मा, ज्योति प्रकाश कौशिक घोघड़िया, सरदार अभिषेक सिंह, महेश सिंगला, समाजसेवी बंटी दालमवाला, सागर बात्ता, भाजपा नेता भीम सैनी, अनूप गौड़, बलवान कश्यप, हरीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि परम पूज्य जगतगुरु त्रिपुरा पीठाधीश्वर चक्रवर्ती यज्ञ सम्राट श्रीश्री 1008 श्री हरिओम जी महाराज के पावन सानिध्य में 18 से 27 फरवरी तक पूरा जींद अध्यात्मिक रंग में रंग जाएगा। इस भव्य आयोजन के मुख्य यजमान कर्ण प्रताप सिंह होंगे। महायज्ञ के नौ दिनों को महिला, किसान, खाप, विद्यार्थी, अध्यापक, वकील, डॉक्टर, सफाई कर्मी, खिलाड़ी, लोक कलाकार, जनप्रतिनिधि, धार्मिक, सामाजिक संस्था सहित अन्य अलग-अलग वर्गों को समर्पित किए गए हैं। नौ के नौ दिन जन साधारण की आहुतियां निरंतर चलती रहेंगी।
ज्योति प्रकाश कौशिक घोघड़ियां ने बताया कि 108 कुंडों पर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक महायज्ञ में 108 जोड़े यजमान के रूप में बैठेंगे। प्रतिदिन सांय 7 बजे होने वाली दिव्य महाआरती भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। गंगा आरती कि तरह ही दिव्य महाआरती में भी ब्राह्मणों द्वारा बड़े-बड़े जागृत दीपकों के साथ आरती कि जाएगी। आयोजकों ने जींद के लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस दिव्य आयोजन में शामिल होकर माँ भगवती व संत दोनों के आशीर्वाद और धर्म का लाभ जरूर प्राप्त करें।

Monday, February 16, 2026

February 16, 2026

नागरिक अस्पताल जींद के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने जरूरतमंदों के साथ मनाया जन्मदिन


नागरिक अस्पताल जींद के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने जरूरतमंदों के साथ मनाया जन्मदिन

जयंती देवी मंदिर के निकट श्री रोध रोटी बैंक द्वारा गरीबों को खिलाए जा रहे खाने में दिया सहयोग
जींद : सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए नागरिक अस्पताल जींद के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने अपना जन्मदिन पारंपरिक तरीके से नही बल्कि गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करके मनाया। डा. भोला ने जयंती देवी मंदिर के निकट स्थित श्री राधे रोटी बैंक के माध्यम से चल रही मुफ्त भोजन सेवा में हिस्सा लिया। यहां रोजाना गरीब, मजदूर, यात्री और असहाय लोग मुफ्त में भोजन करवाया जाता है। डा. भोला ने इस सेवा में खाने का प्रबंध किया और जरूरतमंदों को भोजन परोस कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
उनके साथ धर्मपत्नी सीमा भोला, सुरेंद्र चौहान, सुभाष अनेजा, नरेंद्र मलिक, सुनील सिंधवानी, शिवचरण शर्मा, गौरव शर्मा, राहुल आदि मौजूद रहे। डा. राजेश भोला जो अस्पताल में अपनी ड्यूटी के साथ-साथ सामाजिक कार्यों के लिए भी जाने जाते हैं ने कहा कि जन्मदिन कोई व्यक्तिगत उत्सव नही बल्कि दूसरों की खुशी में शामिल होने का अवसर है। गरीबों का पेट भरना सबसे बड़ा दान है। उन्होंने अपना पूरा जन्मदिन इस नेक काम में समर्पित कर दिया। जिससे मौजूद लोगों ने उनकी तारीफ की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर सिर्फ इलाज नही बल्कि समाज के दुख व दर्द को बांटने वाले भी होते हैं। डा. भोला का यह जन्मदिन न सिर्फ हमारे बल्कि उन सभी जरूरतमंदों के लिए यादगार रहा जिन्होंने आपके सहयोग से एक वक्त का भोजन पाया।

Sunday, February 15, 2026

February 15, 2026

गाँव बराह खुर्द में शहीद भगत सिंह युवा क्लब का विशाल रक्तदान शिविर : पुलवामा के शहीदों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

गाँव बराह खुर्द में शहीद भगत सिंह युवा क्लब का विशाल रक्तदान शिविर: पुलवामा के शहीदों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
जींद : पुलवामा आतंकी हमले के अमर शहीदों की याद में आज गाँव बराह खुर्द में 'शहीद भगत सिंह युवा क्लब' द्वारा एक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस पूरे कार्यक्रम की कमान संगठन के युवा प्रधान साहिल खान ने संभाली, जिनकी देखरेख में गाँव के युवाओं ने भारी उत्साह के साथ इस नेक कार्य में हिस्सा लिया।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए युवा प्रधान साहिल खान ने स्वयं युवाओं को प्रेरित किया और रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। उनके कुशल नेतृत्व का ही परिणाम रहा कि देखते ही देखते 35 यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित हो गया।
*इस दौरान साहिल खान ने कहा*

पुलवामा में अपनी जान न्योछावर करने वाले वीर जवानों को यह हमारी एक छोटी सी श्रद्धांजलि है। शहीद भगत सिंह युवा क्लब का मुख्य उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में लगाना और समाज सेवा के कार्यों से जोड़ना है। रक्त का एक कतरा किसी की जान बचा सकता है और शहीदों की याद में इससे पवित्र कार्य कोई दूसरा नहीं हो सकता।"

शहीद भगत सिंह युवा क्लब' के इस प्रयास की ग्रामीणों ने भी जमकर सराहना की। संगठन की टीम ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी देश और समाज हित में इस प्रकार के आयोजन करते रहेंगे।

इस मौके पर चेयरमैन कुलदीप रंधावा, अशोक मलिक, राजकुमार गोयल, अजीत करसोला, मोनू करसोला, रॉबिन खरब, सुधीर कंवर (सरपंच), उत्तम रोहिला,अमित आदिवाल,साहिल ठाकुर व
साहिल खान (युवा नेता) सहित शहीद भगत सिंह युवा क्लब के सभी सदस्य व ग्रामीण मौजूद रहे।

Thursday, February 12, 2026

February 12, 2026

"विकसित उद्योग, विकसित श्रमिक" पर रहेगा सरकार का फोकस: नायब सिंह सैनी

"विकसित उद्योग, विकसित श्रमिक" पर रहेगा सरकार का फोकस: नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री ने " इंडस्ट्री -लेबर फ्रेंडली काउंसिल" की बैठक की अध्यक्षता की

यह काउंसिल गठित करने वाला हरियाणा पहला राज्य
चंडीगढ़  - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य फोकस "विकसित उद्योग , विकसित श्रमिक" पर रहेगा ताकि राज्य की प्रगति और अधिक तेजी से हो सके।

मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ में "इंडस्ट्री -लेबर फ्रेंडली कॉउन्सिल" की प्रथम बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर , गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल , उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल , श्रम विभाग के प्रधान सचिव श्री राजीव रंजन, मुख्यमंत्री के उपप्रधान सचिव श्री यशपाल के अलावा अन्य अधिकारी तथा कॉउन्सिल के सदस्य उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री व काउंसिल के चेयरपर्सन श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि जब तक किसी प्रदेश में उद्योग निर्बाध गति से नहीं चलेंगे और वहां के श्रमिक खुशहाल नहीं होंगे तब तक वह प्रदेश आर्थिक रूप से प्रगति नहीं कर सकता। इन दोनों वर्गों में सामंजस्य होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इसी मैत्री एवं भाईचारे की भावना को ध्यान में रख कर ही "इंडस्ट्री -लेबर फ्रेंडली काउंसिल" का गठन किया गया है। इस प्रकार की काउंसिल गठित करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार उद्योगों को "ईज ऑफ़ डूइंग" तथा श्रमिकों को "ईज ऑफ़ लिविंग" देने की नीति पर काम कर रही हैं। यह कॉउन्सिल उद्योगों एवं श्रमिकों से संबंधित सरकार की घोषणाओं की भी समीक्षा करेगी और श्रमिकों की सुरक्षा , उद्योग -श्रमिक विवाद को सुलझाने , आईटीआई जैसे तकनीकी संस्थानों में श्रमिकों के कौशल विकास को अपग्रेड करने से संबंधित सुझाव भी देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉउन्सिल के माध्यम से राज्य के उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों की उत्पादकता बढ़ाने पर भी विशेष बल रहेगा , क्योंकि उत्पादकता बढ़ने से जीडीपी में भी बढ़ौतरी होगी जो कि देश एवं प्रदेश के विकास का मुख्य आधार है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में करीब दो लाख सूक्ष्म एवं मध्यम दर्जे के उद्योग इंडस्ट्रियल एरिया से बाहर चल रहे थे जिसके कारण उनको कई प्रकार की सुविधाएँ नहीं मिल पा रही थी। अब प्रदेश सरकार ने गत 25 दिसंबर 2025 को एक पोर्टल लांच कर दिया है जिस पर ये उद्योग अपना पंजीकरण करके नियमित हो जाएंगे तथा उनको सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि कुछ इंडस्ट्रियल एरिया में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से एचएसआईआईडीसी में प्लॉट को स्थानांतरित करने में आ रही परेशानियों को भी सुलझा लिया गया है। इसी प्रकार उद्योगपतियों की इएसआईसी अस्पतालों के लिए जमीन को भी रियायती दरों पर देने के लिए सरकार ने मंजूरी दे दी है। इंडस्ट्रियल एरिया में सस्ती दरों पर मजदूरों के लिए डोरमेट्री आवास बनाने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। उन्होंने बताया कि कई जिलों में इंडस्ट्रियल एरिया में जगह की कमी को देखते हुए मल्टीलेवल पार्किंग भी बनाई जाएगी।

 मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योगों के लिए  वातावरण को और अधिक अनुकूल बनाने का प्रयास कर रही है ताकि निवेशक प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश करें। इससे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विजन "विकसित भारत-2047 " का लक्ष्य हासिल करने में आसानी होगी।
February 12, 2026

जे.सी. बोस विश्वविद्यालय ने 1972-76 बैच के स्वर्ण जयंती पर ‘संगम-2026’ समारोह का आयोजन किया

जे.सी. बोस विश्वविद्यालय ने 1972-76 बैच के स्वर्ण जयंती पर ‘संगम-2026’ समारोह का आयोजन किया

- राकेश भारती मित्तल ने की घोषणा: भारती एयरटेल फाउंडेशन प्रतिवर्ष देगा विश्वविद्यालय के 100 मेधावी छात्रों को स्कॉलरशिप

- स्कॉलरशिप के अंतर्गत 8.5 से ज्यादा सीजीपीए वाले छात्रों को मिलेगा लैपटॉप, हॉस्टल फीस एवं मेस चार्जेस भी होंगे कवर

- पूर्व छात्रों ने स्टार्टअप प्रदर्शनी में छात्र उद्यमियों से की गहन चर्चा और मेंटरशिप का वादा

- विश्वविद्यालय में 23 करोड़ रुपये की लागत से चार नए 'सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस' स्थापित करने की घोषणा

- आर्टिफिशल इंटेलिजेंस, एंटी-ड्रोन, मेकाट्रॉनिक्स और आइडिया लैब पर फोकस

- पांच वर्षों में राष्ट्रीय महत्व का संस्थान बनाने का है लक्ष्य: कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार
फरीदाबाद– भारती एयरटेल फाउंडेशन ने अपने स्कॉलरशिप प्रोग्राम के तहत जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के 100 स्टूडेंट्स को स्कॉलरशिप देने की घोषणा भी की है।

यह घोषणा भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष एवं संस्थान के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र श्री राकेश भारती मित्तल ने स्वर्ण जयंती पूर्व छात्र मिलन समारोह – ‘संगम-2026’ के दौरान की गयी। यह आयोजन संस्थान के 1972-76 बैच के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में आयोजित किया गया था। कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष श्री राकेश भारती मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उभरती प्रौद्योगिकियों में अत्याधुनिक अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने विश्वविद्यालय में अनुमानित 23 करोड़ रुपये के निवेश से चार नए उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस) विकसित करने की घोषणा की। ये सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस भविष्य के प्रौद्योगिकी को ध्यान में रखते हुए विकसित किये जा रहे हैं, जिनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग, एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी, मेकाट्रॉनिक्स तथा आइडिया लैब शामिल हैं।

समारोह में डाइकिन इंडिया के सीईओ और एमडी कंवलजीत जावा, फुजी जेमको प्रा. लिमिटेड के सीईओ डॉ. महेश सचदेवा, वाईएमसीए मॉब एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों के अन्य वरिष्ठ कॉर्पोरेट लीडर्स और पूर्व छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की एलुमनाई अफेयर्स सेल द्वारा किया गया, जिसका समन्वय प्रो. मुनीश वशिष्ठ, डीन (इंस्टीट्यूशन) तथा प्रो. संजीव गोयल, डीन (एलुमनाई अफेयर्स) ने किया।

अपने संबोधन में कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने विश्वविद्यालय की व्यावहारिक उत्कृष्टता, मजबूत उद्योग संबंधों तथा समृद्ध इंडो-जर्मन विरासत पर आधारित अनूठी पहचान पर प्रकाश डाला, जिसके कारण यह आईआईटी एवं एनआईटी जैसे प्रमुख संस्थानों के समकक्ष माना जाता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यह राज्य में छात्रों द्वारा सबसे अधिक पसंद किया जाने वाला तकनीकी संस्थान है। विश्वविद्यालय को लेकर भावी लक्ष्यों पर बोलते हुए प्रो. कुमार ने कहा कि उनका लक्ष्य अगले पांच वर्षों में इसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान का दर्जा दिलाने का है, जोकि पूर्व छात्रों, शिक्षकों सहित सभी के सामूहिक सहयोग से ही संभव हैं।

अपने भावुक एवं प्रेरणादायक भाषण में श्री राकेश भारती मित्तल ने संस्थान परिसर में अपने पहले दिन, छात्रावास जीवन, आजीवन मित्रताओं, प्रो. आर्य, प्रो. सिक्का एवं प्रो. तलवार जैसे शिक्षकों के मार्गदर्शन से अकादमिक चुनौतियों पर जीत हासिल करने, यादगार प्रोजेक्ट्स तथा औद्योगिक भ्रमणों की स्मृतियां साझा कीं, जिन्होंने उनके अंदर गुणवत्ता को लेकर चेतना विकसित की।

इस अवसर पर श्री मित्तल ने 2026-2027 शैक्षणिक सत्र से भारती एयरटेल फाउंडेशन स्कॉलरशिप प्रोग्राम के विस्तार की घोषित किया, जिसके तहत प्रतिवर्ष अब 100 मेधावी छात्रों (लड़के एवं लड़कियां दोनों) को स्कॉलरशिप सहायता प्रदान की जाएगी। वर्तमान में इस कार्यक्रम के तहत 25 छात्राओं को स्कॉलरशिप दी जा रही है तथा अब तक कुल 57 स्कॉलरशिप प्रदान की जा चुकी हैं। छात्र लाभार्थियों के साथ विशेष संवाद के दौरान श्री मित्तल ने अतिरिक्त प्रोत्साहन की घोषणा की कि 8.5 या उससे अधिक सीजीपीए बनाए रखने वाले छात्रों को लैपटॉप तथा छात्रावास शुल्क एवं मेस चार्जेस के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने सभी छात्रों से अनुशासित, केंद्रित एवं समर्पित रहकर पढ़ाई करने का आह्वान किया।

वाईएमसीए मॉब एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह ने अपने संबोधन में 1985 से वाईएमसीए मॉब की यात्रा का संक्षिप्त विवरण दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 17 सक्रिय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चैप्टर्स के साथ वाईएमसीए मॉब विश्वभर में 10,000 से अधिक पूर्व छात्रों को कार्यक्रमों, स्कॉलरशिप, मेंटरशिप, प्लेसमेंट तथा संस्थागत सहयोग के माध्यम से जोड़े हुए है। उन्होंने छात्रों से कड़ी मेहनत, कौशल विकास पर ध्यान तथा उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर श्री राकेश भारती मित्तल के नेतृत्व में पूर्व छात्रों ने स्टार्टअप प्रदर्शनी का दौरा किया, जहां उन्होंने युवा उद्यमियों से निकट संवाद किया, उनकी विचारों को समझा, चुनौतियों पर चर्चा की तथा मेंटरशिप के अवसरों पर विचार किया। कार्यक्रम में छात्र क्लबों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कला प्रदर्शनी, पूर्व छात्रों के सम्बोधन एवं स्मृति-कथन, अतिथियों का सम्मान, कैंपस भ्रमण, वर्कशॉप एवं लैब का दौरा आदि शामिल रहे।

Wednesday, February 11, 2026

February 11, 2026

*राष्ट्रव्यापी हड़ताल को कांग्रेस का पूर्ण समर्थन: ऋषिपाल हैबतपुर*


*राष्ट्रव्यापी हड़ताल को कांग्रेस का पूर्ण समर्थन: ऋषिपाल हैबतपुर*
*-कार्यकर्ताओं से किया श्रमिकों-किसानों के साथ खड़े रहने का आह्वान*
जींद : कांग्रेस के जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस हड़ताल का पूर्ण समर्थन करती है और पार्टी कार्यकर्ता श्रमिकों व किसानों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि 10  केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों के आह्वान पर की जा रही यह हड़ताल देश के श्रमिकों, किसानों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए है।
ऋषिपाल हैबतपुर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नई श्रमिक नीतियां और आर्थिक फैसले मजदूर व किसान विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि नए श्रमिक कानूनों के जरिए कर्मचारियों के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है, जबकि मनरेगा को समाप्त कर वीजी-जीआरएएमजी कानून लागू करने की तैयारी ग्रामीण गरीबों के हितों पर सीधा प्रहार है। इसके अलावा परमाणु शांति कानून, बिजली संशोधन बिल और भारत-अमेरिका कर मुक्त व्यापार समझौता भी देश की आर्थिक संप्रभुता और आम जनता के हितों के खिलाफ हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से बेरोजगारी बढ़ी है, महंगाई चरम पर है और छोटे व्यापारियों, किसानों व मजदूरों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। ऐसे में राष्ट्रव्यापी हड़ताल जनभावनाओं की आवाज है, जिसे कांग्रेस पूरी ताकत से समर्थन देगी।
जिला प्रधान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 12 फरवरी, वीरवार को आयोजित हड़ताल में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और ट्रेड यूनियनों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएं। यह संघर्ष केवल मजदूरों या किसानों का नहीं, बल्कि पूरे देश के भविष्य का है। ऋषिपाल हैबतपुर ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।


Tuesday, February 10, 2026

February 10, 2026

नूंह में ‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ भारत’ की बड़ी पहल: युवराज सिंह के यूवीकैन फाउंडेशन ने 14 हजार महिलाओं की स्तन कैंसर जांच की

नूंह में ‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ भारत’ की बड़ी पहल: युवराज सिंह के यूवीकैन फाउंडेशन ने 14 हजार महिलाओं की स्तन कैंसर जांच की

शाओमी इंडिया के सहयोग से चला प्रिवेंटिव हेल्थकेयर अभियान, 111 महिलाओं में पाई गई स्तन कैंसर की आशंका
नूंह (हरियाणा) : मशहूर क्रिकेटर, कैंसर सर्वाइवर और समाजसेवी युवराज सिंह की यूवीकैन फाउंडेशन ने शाओमी इंडिया के सहयोग से नूंह जिले में ‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ भारत’ प्रिवेंटिव हेल्थकेयर कार्यक्रम के तहत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस अभियान के अंतर्गत जिले की 14,000 महिलाओं की स्तन कैंसर स्क्रीनिंग की गई, जिससे समय रहते बीमारी की पहचान और इलाज की दिशा में अहम कदम उठाया गया।
कार्यक्रम का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद, सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए दूसरा चरण शुरू किया गया। दोनों चरणों को मिलाकर कुल 14 हजार महिलाओं की जांच की गई, जबकि 21 हजार से अधिक महिलाओं को स्तन स्वास्थ्य और स्वयं जांच (Self-Examination) को लेकर जागरूक किया गया।
स्क्रीनिंग के दौरान 111 महिलाओं में स्तन कैंसर की आशंका सामने आई, जिन्हें तत्काल काउंसलिंग दी गई और आगे की जांच के लिए आवश्यक डायग्नोस्टिक टेस्ट की व्यवस्था की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाकर समय पर इलाज सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर युवराज सिंह ने कहा कि भारत में स्तन कैंसर से होने वाली अधिकतर मौतें इलाज की कमी के कारण नहीं, बल्कि देर से पहचान होने के कारण होती हैं। यूवीकैन फाउंडेशन का लक्ष्य उन महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है, ताकि वे बिना डर के समय पर जांच और उपचार करा सकें।
‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ भारत’ कार्यक्रम की शुरुआत जुलाई 2024 में की गई थी। यह पहल देश के 15 राज्यों के 15 आकांक्षी जिलों में लागू की जा रही है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं और जागरूकता की कमी है। राष्ट्रीय स्तर पर अब तक इस कार्यक्रम के तहत 5 लाख से अधिक लोगों को जागरूक किया जा चुका है और 2 लाख से ज्यादा महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
कार्यक्रम के सपोर्टिंग पार्टनर शाओमी इंडिया ने टेक्नोलॉजी आधारित स्क्रीनिंग समाधान उपलब्ध कराए। शाओमी इंडिया के सीओओ सुधीन माथुर ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य तकनीक के जरिए समाज में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव लाना है, खासकर महिलाओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में।
नूंह जिले में इस पहल के सामुदायिक प्रभाव की सराहना करते हुए ईएसआई–नूंह के डॉ. अतीक असलम ने कहा कि यूवीकैन फाउंडेशन ने गांव-गांव जाकर महिलाओं से संवाद किया, जिससे स्तन कैंसर को लेकर फैली झिझक और गलत धारणाएं दूर हुईं। ऐसी जमीनी स्तर की पहलें प्रिवेंटिव हेल्थकेयर को मजबूत करती हैं।
यूवीकैन फाउंडेशन ने अब ‘स्वस्थ महिला, स्वस्थ भारत फेज़ 2.0’ के लॉन्च की भी घोषणा की है, जिसमें और अधिक महिलाओं तक जांच सेवाएं पहुंचाने और सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र के साथ समन्वय बढ़ाने पर विशेष फोकस रहेगा।

Monday, February 9, 2026

February 09, 2026

39वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेला- 2026

39वां सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेला- 2026

सूरजकुंड मेला बना कला और संस्कृति का महाकुंभ

पार्टनर स्टेट उत्तर प्रदेश के मार्बल से तैयार उत्पाद पर्यटकों को आ रहे पसंद
चंडीगढ़— फरीदाबाद में 39वें अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेले में वैश्विक कला और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। शिल्प मेले के इस वर्ष मिस्र को पार्टनर कंट्री के रूप में चुना गया है, जबकि उत्तर प्रदेश और मेघालय पार्टनर स्टेट की भूमिका निभा रहे हैं। मेला परिसर में विशेष पवेलियन बनाए गए हैं, जो उत्तर प्रदेश और मेघालय की पारंपरिक स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत नजारा पेश कर रहे हैं।

मेला परिसर में स्थापित इन पवेलियनों के माध्यम से न केवल हस्तशिल्प को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि अलग-अलग देशों और राज्यों के बीच एक मजबूत सांस्कृतिक सेतु भी तैयार हो रहा है। पर्यटक यहाँ आकर न केवल खरीदारी कर रहे हैं, बल्कि लाइव डेमो के माध्यम से इन कठिन कलाकृतियों को बनते हुए भी देख रहे हैं।

मेले में शिल्पकारों की बारीकी का बेहतरीन नमूना स्टॉल नंबर 124  पर देखने को मिल रहा है। यहाँ मार्बल के माध्यम से तैयार किए गए उत्पाद पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहे हैं। स्टॉल पर मार्बल से बने कप, प्लेट, टी-सेट और विशेष साइड टेबल के साथ शतरंज, पत्थरों पर उकेरी गई शानदार पेंटिंग्स उपलब्ध है जो कला प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

शिल्पकार इरफान अली ने बताया कि उनके परिवार की यह पुश्तैनी कला है, जिसे वे आधुनिक पसंद के अनुसार ढाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूरजकुंड जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनके उत्पादों को न केवल सराहना मिल रही है, बल्कि अच्छी बिक्री से शिल्पकारों का उत्साह भी बढ़ा है।
February 09, 2026

अंतर्राष्ट्रीय पवेलियन में लगाई गई विभिन्न देशों की स्टॉलस

अंतर्राष्ट्रीय पवेलियन में लगाई गई विभिन्न देशों की स्टॉलस

पार्टनर कंट्री मिस्र के जूट से बने हैंडमेड बैग्स बने पर्यटकों की पहली पसंद
चंडीगढ़— फरीदाबाद में चल रहे 39 वें अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेले में इस वर्ष पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल मिस्र अपनी प्राचीन सभ्यता और आधुनिक हस्तशिल्प के अनूठे संगम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में मिस्र की स्टॉल्स पर सजी कलाकृतियां न केवल आकर्षण का केंद्र हैं, बल्कि मिस्र की सांस्कृतिक जड़ों से भी रूबरू करा रही हैं।

स्टॉल पर हैंडमेड बैग्स का जादू

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय पवेलियन में मिस्र की स्टॉल पर जूट से तैयार किए गए हैंडमेड बैग्स पर्यटकों, विशेषकर महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। स्टॉल संचालक अमील ने बताया कि इन बैग्स को विशेष कारीगरी से तैयार किया गया है, जिनकी कीमत उनकी गुणवत्ता और डिजाइन के अनुसार 3 हजार  से 5 हजार रुपये के बीच रखी गई है।

स्टॉल पर सिरेमिक कला का भी प्रदर्शन

इसी स्टॉल पर शिल्पकार मुहम्मद अली मोहम्मद मिस्र की मशहूर सिरेमिक कला से बने कप, प्लेट और बर्तनों का शानदार संग्रह सजाया गया है। इन बर्तनों पर की गई बारीक नक्काशी और विशिष्ट रंग पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।

मिस्र की कला जो जानने का मिल रहा मौका

मेले में आने वाले पर्यटक न केवल खरीदारी कर रहे हैं, बल्कि इन स्टॉल्स पर जाकर मिस्र की कला, इसे बनाने की प्रक्रिया और वहां की परंपराओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। पार्टनर कंट्री के रूप में मिस्र इस बार मेले की सबसे बड़ी हाइलाइट्स में से एक है। मिस्र के शिल्पकारों ने साबित कर दिया है कि उनकी पारंपरिक कला आज के आधुनिक दौर में भी वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान रखती है।
February 09, 2026

बिजली लाइनों व ट्रांसफार्मरों से न करें छेड़छाड़, फॉल्ट की शिकायत निर्धारित माध्यमों से करायें दर्ज : यूएचबीवीएन

बिजली लाइनों व ट्रांसफार्मरों से न करें छेड़छाड़, फॉल्ट की शिकायत निर्धारित माध्यमों से करायें दर्ज : यूएचबीवीएन
चंडीगढ़ – उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा एक अधिसूचना जारी करते हुए सभी किसानों व आम उपभोक्ताओं से कहा गया है कि वे बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मरों तथा अन्य विद्युत उपकरणों से स्वयं छेड़छाड़ न करें और न ही उन्हें स्वयं ठीक करने का प्रयास करें। यह देखने में आ रहा है कि कुछ किसान व उपभोक्ता स्वयं ही बिजली फाल्ट ठीक करने की कोशिश करते हैं तथा बिना किसी सुरक्षा उपाय के बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों पर चढ़ने का प्रयास करते हैं। इससे बिजली संबंधी दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

यह जानकारी देते हुए निगम के प्रवक्ता ने बताया कि सभी उपभोक्ता स्वयं बिजली उपकरणों को ठीक करने से बचें और अपनी बिजली से संबंधित शिकायत निर्धारित माध्यमों के जरिए दर्ज कराएं। उपभोक्ता अपनी शिकायत ऑनलाइन माध्यमों जैसे यूएचबीवीएन मोबाइल ऐप, टोल फ्री नंबर 1912, 1800-180-1550 अथवा अपने नजदीकी बिजली कार्यालय में जाकर दर्ज करा सकते हैं। निगम के कर्मचारी तकनीकी रूप से प्रशिक्षित होते हैं और इस प्रकार के कार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।

निगम की ओर से कहा गया है कि आम जनता स्वयं जोखिम उठाने के बजाय निर्धारित माध्यमों से शिकायत दर्ज कराए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित व निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
February 09, 2026

पहला ऑनलाइन तबादला अभियान, हरियाणा सरकार ने स्पष्ट की ‘नोशनल वैकेंसी’ और ‘नोशनल कैटेगरी’

पहला ऑनलाइन तबादला अभियान

हरियाणा सरकार ने स्पष्ट की ‘नोशनल वैकेंसी’ और ‘नोशनल कैटेगरी’
चंडीगढ़- हरियाणा सरकार ने राज्य के पहले ऑनलाइन तबादला अभियान से पूर्व मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी, 2025 के तहत 'नोशनल वैकेंसी' और 'नोशनल कैटेगरी' शब्दों की एक समान व्याख्या सुनिश्चित करने के लिए स्पष्टीकरण जारी किया है।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को भेजे गए पत्र के अनुसार, यह देखने में आया है कि विभिन्न विभाग 'नोशनल वैकेंसी' और 'नोशनल कैटेगरी' शब्दों की अलग-अलग व्याख्या कर रहे हैं, जिससे नीति के क्रियान्वयन में विसंगतियां उत्पन्न हो रही हैं और कानूनी विवाद की आशंका भी बढ़ रही है।

इस विषय की कानूनी सिद्धांतों, नीति के उद्देश्य और प्रशासनिक व्यवहार्यता के दृष्टिकोण से समीक्षा करने के बाद एक समान निर्णय लिया गया है।

जारी स्पष्टीकरण के अनुसार, ट्रांसफर पॉलिसी की अधिसूचना से पहले मौजूद रिक्त पदों को पहले ऑनलाइन तबादला अभियान के दौरान न तो नोशनल वैकेंसी माना जाएगा और न ही उन्हें नोशनल कैटेगरी में रखा जाएगा। हालांकि, अधिसूचना की तिथि और पात्रता तिथि के बीच उत्पन्न रिक्तियों को केवल एक बार के उपाय के रूप में नोशनल वैकेंसी या कैटेगरी माना जाएगा।

इसके अतिरिक्त, पात्रता तिथि के बाद उत्पन्न होने वाली रिक्तियों को वर्तमान तबादला प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। ऐसी रिक्तियों पर केवल आगामी ट्रांसफर अभियानों में नोशनल वैकेंसी या कैटेगरी के रूप में विचार किया जाएगा।

सरकार ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) को मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी सॉफ्टवेयर में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पहले चरण का कोई भी जारी तबादला अभियान फिलहाल रेशनलाइजेशन चरण से बाहर न हो और इसे प्री-रेशनलाइजेशन  चरण में वापस लाया जाए। साथ ही, उपरोक्त निर्णयों के अनुरूप सॉफ्टवेयर में अतिरिक्त संशोधन करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

इन निर्देशों को सभी संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुंचाने और कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।