Breaking

Monday, April 13, 2026

April 13, 2026

स्कूल संचालक बसों में फर्स्ट एड बॉक्स,कैमरे व अग्निशामक यंत्र लगवाना सुनिश्चित करें,अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी:- कुलदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक ,जींद

स्कूल संचालक बसों में फर्स्ट एड बॉक्स,कैमरे व अग्निशामक यंत्र लगवाना सुनिश्चित करें,अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी:- कुलदीप सिंह पुलिस अधीक्षक जींद।* 

 *सभी स्कूल बस चालकों एवं परिचालकों की पुलिस वेरिफिकेशन एवं वाहनों की फिटनेस करवाना अनिवार्य ।* 

 *स्कूली बसों में ड्राइवर के पास 5 वर्षों का अनुभव एवं भारी वाहन ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है ।* 
जींद : जींद पुलिस प्रशासन द्वारा स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष एडवाजरी जारी कर यातायात थाना प्रभारी सहित जिला के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए है,कि अपने-अपने थानाधिकार क्षेत्रों में स्कूली बसों में फर्स्ट एड बॉक्स,सीसीटीवी कैमरे तथा अग्निशामक यंत्रों की बारीकी से जांच करें । यदि किसी स्कूल बस में अनियमिताएं पाई जाती है तो बस चालक एवं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए । उन्होंने सभी स्कूल संचालकों को भी निर्देश देते हुए कहा है कि वे अपनी स्कूल बसों में इन आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्य रूप से व्यवस्था सुनिश्चित करें । पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह भा पु से ने स्पष्ट किया गया कि यदि जांच के दौरान किसी बस में ये उपकरण नहीं पाए गए, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ यातायात नियमों की अवहेलना के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी । इस अवसर पर उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए है कि स्कूल संचालकों एवं बस चालकों को माननीय अदालत के आदेशों तथा यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दें । सभी चालकों एवं परिचालकों का पुलिस वेरिफिकेशन करवाना अनिवार्य है ताकि कोई अपराधिक प्रवृति का व्यक्ति न हो । स्कूली बसों में ड्राइवर के पास कम से कम 5 वर्षों का भारी वाहन चलाने का अनुभव और वैध कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है ।
 पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी बनती है । किसी भी परिस्थिति में बच्चों की सुरक्षा के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।
पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह भा पु से ने कहा कि स्कूली बच्चों का आवागमन को पूरी तरह सुरक्षित,व्यवस्थित ढंग से करवाने के लिए जींद पुलिस पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है । स्कूली बस ड्राइवर और हेल्पर (परिचालक) की नियुक्ति करते समय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सख्त मानकों का पालन करने उपरांत ही उन्हें ड्यूटी पर रखें । स्कूली बस चालक एवं परिचालक को रखने से पहले उनके मानसिक स्वास्थ्य की पूर्ण जांच होनी चाहिए और उनके पास नशा मुक्ति प्रमाण पत्र भी होना जरूरी है ।
 पुलिस अधीक्षक जींद ने कहा कि सभी स्कूल बस ड्राइवर और हेल्पर स्कूल प्रशासन द्वारा निर्धारित की गई वर्दी में रहेंगे और अपने पास पहचान पत्र (आईडी कार्ड) रखना सुनिश्तित करेंगे । इसके अतिरिक्त, स्कूल प्रशासन समय-समय पर उन्हें यातायात नियमों, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, फर्स्ट एड तथा बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार (जैसे गुड टच-बैड टच) पर प्रशिक्षण देने का जिम्मेवार होंगे । प्रत्येक बस में सीसीटीवी कैमरें और जीपीएस सिस्टम अनिवार्य होगा, जिसकी निगरानी स्कूल प्रबंधन स्वयं करेगा । बस के दरवाजे अंदर से सुरक्षित रूप से बंद होने चाहिए तथा खिड़कियों पर किसी प्रकार की फिल्म या पर्दा नहीं लगे होने चाहिए । स्कूली बस का आपातकालीन निकास द्वार पूरी तरह कार्यशील होना चाहिए ताकि किसी अप्रिय घटना पर बच्चों को सुरक्षित हालात में बाहर निकाला जा सके । स्कूल प्रशासन अभिभावकों से समय-समय पर फीडबैक लेकर ड्राइवर एवं हेल्पर के व्यवहार की समीक्षा भी करेगा, ताकि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर बनाई जा सके।
पुलिस अधीक्षक जींद श्री कुलदीप सिंह भा पु से ने स्कूली बस चालकों को सख्त हिदायत दी कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें और किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन करने से बचें, क्योंकि इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। इसके साथ ही बस को हमेशा सड़क की बाईं ओर चलाने,निर्धारित स्थान पर ही बच्चों को सुरक्षित ढंग से चढ़ाने-उतारने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए । उन्होंने यह भी कहा कि रेड लाइट पर जैबरा क्रॉसिंग से पहले रुकना, सफेद लाइन के पीछे वाहन खड़ा करना और वाहन मोड़ने से पहले संकेत देना अनिवार्य है । बसों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाया जाए। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ।
April 13, 2026

देश की जानी मानी गायिका आशा भोसले के निधन पर राजकुमार गोयल ने जताया गहरा शोक

देश की जानी मानी गायिका आशा भोसले के निधन पर राजकुमार गोयल ने जताया गहरा शोक
जींद : स्वर कोकिला के रूप में विख्यात देश की जानी मानी गायिका आशा भोसले के निधन पर प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राजकुमार गोयल ने अपने शोक संदेश में कहा कि आशा भोसले का निधन भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपनी मधुर आवाज से न केवल देश में बल्कि पूरे विश्व में भारतीय संगीत को नई पहचान दिलाई। उनके द्वारा गाए गए हजारों गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आशा भोसले का संगीत सफर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके निधन से कला जगत में जो शून्य पैदा हुआ है उसकी भरपाई कर पाना संभव नहीं है। राजकुमार गोयल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है।

Sunday, April 12, 2026

April 12, 2026

अग्रवाल समाज की महिला विंग द्वारा आयोजित किया गया हेल्थ चेकअप व नेत्र जांच कैंप, मुफ्त दवाइयों व बीपी मशीन इत्यादि का भी किया गया वितरण

अग्रवाल समाज की महिला विंग द्वारा आयोजित किया गया हेल्थ चेकअप व नेत्र जांच कैंप, मुफ्त दवाइयों व बीपी मशीन इत्यादि का भी किया गया वितरण
जींद : सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए अखिल भारतीय अग्रवाल समाज जींद की महिला विंग द्वारा आज शहर में विशाल निशुल्क हेल्थ चेकअप एवं नेत्र जांच कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कैंप चैम्बर वाली धर्मशाला में आयोजित हुआ जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिढढा, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार गोयल, प्रमुख समाजसेवी पवन गर्ग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय अग्रवाल समाज महिला विंग की प्रधान पुष्पा अग्रवाल व उनकी टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर रामधन जैन, रेणु तायल, मोनिका गर्ग, शीतल, नेहा, साधना, कविता, सुमन, नीलम, ममता, अंजू सिंगला, बबीता, रेनू गर्ग इत्यादि ने प्रमुख रूप से शिरकत की। इस कैंप में 300 से ज्यादा लोगों ने अपना हेल्थ चेकअप करवाया।

इस अवसर पर राजकुमार गोयल व पुष्पा अग्रवाल ने कहा कि इस हेल्थ चेकअप कैंप का उद्देश्य आमजन, विशेषकर महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कैंप में अनुभवी डॉक्टरों की टीम द्वारा शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई वहीं नेत्र रोगों की भी विशेष जांच की गई। कैंप में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. गितांशु लखीना एवं सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा चिल्लाना ने अपनी सेवाएं दीं। जरूरतमंद मरीजों की स्पेशल शुगर मशीन से जांच की गई तथा उन्हें निशुल्क दवाइयां व बीपी मशीन इत्यादि भी वितरित की गईं। पुष्पा अग्रवाल ने बताया कि उनकी संस्था लंबे समय से समाजसेवा के कार्य कर रही है और इसी कड़ी में इस शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर हरियाणा सरकार के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि इस पुनीत कार्य में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अवसर मिला यह मेरे लिए गर्व की बात है। इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर समाज के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। आज के समय में जहां लोग अपनी व्यस्त दिनचर्या के कारण स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नहीं हो पाते ऐसे शिविर उन्हें समय पर जांच और सही सलाह प्रदान करते हैं। उन्होने कहा कि हरियाणा सरकार भी निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है लेकिन समाज के सहयोग के बिना यह संभव नहीं है। मैं आयोजकों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

इस अवसर पर पवन गर्ग ने कहा कि आज का यह आयोजन समाज सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। स्वास्थ्य ही सबसे बडा धन है और जब समाज के लोग एकजुट होकर इस दिशा में कार्य करते हैं तो इसका सीधा लाभ आमजन को मिलता है। मैं अखिल भारतीय अग्रवाल समाज का दिल से धन्यवाद करता हूं जिन्होंने इस शिविर का सफल आयोजन किया। इस प्रकार के प्रयास न केवल लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हैं बल्कि जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराते हैं। हम सभी को मिलकर ऐसे कार्यक्रमों को बढावा देना चाहिए ताकि हमारा समाज स्वस्थ और सशक्त बन सके।
April 12, 2026

उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा के लिए समाज की भागीदारी जरूरी : राजकुमार भोला

सीसीआई हरियाणा द्वारा राज्य एवं जिला कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया शुरू

उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा के लिए समाज की भागीदारी जरूरी : राजकुमार भोला
जींद : कंज्यूमर्स कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) हरियाणा द्वारा राज्यभर में उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा और जन-जागरूकता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्य एवं जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक जागरूक नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं को संगठन से जोड़कर उपभोक्ता अधिकारों के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता फैलाना है।
सीसीआई हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार भोला ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की समस्याओं जैसे भ्रामक विज्ञापन, घटिया उत्पाद, गलत बिलिंग और खराब सेवाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उपभोक्ताओं का जागरूक होना और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सीसीआई हरियाणा राज्य एवं जिला स्तर पर सक्रिय कार्यकारिणी का गठन कर उपभोक्ता जागरूकता अभियान, शिकायत निवारण सहायता और जनहित कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाएगा। इसके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जाएगी। राजकुमार भोला ने बताया कि जो भी व्यक्ति समाज सेवा, जन-जागरूकता और उपभोक्ता हितों के लिए कार्य करना चाहता है, वह सीसीआई हरियाणा से जुड़कर इस अभियान का हिस्सा बन सकता है। संगठन का उद्देश्य एक जागरूक, सुरक्षित और सशक्त उपभोक्ता समाज का निर्माण करना है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों और जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और जागरूकता फैलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Saturday, April 11, 2026

April 11, 2026

प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने सालासर व खाटू श्याम धाम यात्रा बस को दिखाई हरी झंडी, श्रद्धालुओं को दी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं

प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने सालासर व खाटू श्याम धाम यात्रा बस को दिखाई हरी झंडी, श्रद्धालुओं को दी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं
जींद : श्री खाटू श्याम जी परिवार जींद द्वारा आयोजित धार्मिक यात्रा के अंतर्गत श्रद्धालुओं का एक जत्था सालासर बालाजी एवं खाटू श्याम जी के दर्शन हेतु रवाना हुआ। इस बस को अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कपिल देव, सावर गर्ग, दीपक गर्ग, अशोक गोयल, पवन बंसल, सुनील गोयल, सुनील गर्ग, गोपाल जिंदल, सोनू गर्ग व सतीश जैन इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजकुमार गोयल ने कहा कि धार्मिक यात्राएं समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम होती हैं। श्री खाटू जी परिवार जींद द्वारा लंबे समय से ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं जिनके माध्यम से काफी संख्या में श्रद्धालु सालासर बालाजी और खाटू श्याम जी के दर्शन कर पुण्य के भागी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने का कार्य भी करते हैं। गोयल ने संस्था द्वारा उन्हें यात्रा को रवाना करने का अवसर देने पर आभार व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं को मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संस्था के प्रधान कपील देव और प्रेस सचिव दीपक गर्ग ने बताया कि यह यात्रा समय-समय पर आस्था और भक्ति के साथ आयोजित की जाती है। श्रद्धालुओं के लिए भोजन, जल, दवा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाती है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन कीर्तन करते हुए वातावरण को भक्तिमय बनाते हैं और सालासर बालाजी व खाटू श्याम जी के दरबार में हाजिरी लगाकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।


April 11, 2026

इंटरनेशनल खिलाड़ी स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा का तलाक: बिना मुआवजे के हिसार कोर्ट से हुए अलग

इंटरनेशनल खिलाड़ी स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा का तलाक: बिना मुआवजे के हिसार कोर्ट से हुए अलग
चंडीगढ़ : ​अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर स्वीटी बूरा और कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा ने आधिकारिक तौर पर तलाक ले लिया है। हिसार की एक अदालत ने आपसी सहमति से उनके तलाक को मंजूरी दे दी। खास बात यह है कि इस तलाक में किसी भी तरह के गुजारा भत्ते (कंपसेशन) का लेनदेन नहीं हुआ है।
​शादी और रिश्ते में दरार:
​स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा ने साल 2022 में शादी की थी। यह एक हाई-प्रोफाइल शादी थी, जिसमें दोनों खिलाड़ी अपने-अपने खेल में देश का नाम रोशन कर रहे थे। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन की खबरें आने लगीं। सूत्रों के अनुसार, साल 2025 में दोनों के बीच गंभीर झगड़े शुरू हो गए थे।
​अलग होने का फैसला:
​लगातार बढ़ते मनमुटाव और वैचारिक मतभेदों के कारण, दोनों ने अलग होने का फैसला किया। स्वीटी बूरा ने इस बारे में बात करते हुए कहा, "साथ रहना संभव नहीं था। हमारे बीच कुछ ऐसे मुद्दे थे जिन्हें सुलझाया नहीं जा सकता था। इसलिए, हमने सम्मानजनक तरीके से अलग होने का निर्णय लिया।"
​हिसार कोर्ट में तलाक:
​स्वीटी और दीपक ने हिसार कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने और काउंसलिंग के बाद आपसी सहमति से तलाक की डिक्री जारी कर दी। तलाक की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
​बिना मुआवजे के अलग होना:
​अदालत द्वारा मंजूर किए गए तलाक में किसी भी तरह के गुजारा भत्ते या मुआवजे का प्रावधान नहीं है। इसका मतलब है कि न तो स्वीटी बूरा और न ही दीपक हुड्डा एक-दूसरे से किसी भी तरह की वित्तीय सहायता की मांग करेंगे। यह निर्णय दोनों खिलाड़ियों द्वारा आपसी सहमति से लिया गया है।
​भविष्य की योजनाएं:
​तलाक के बाद, स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा अपने-अपने खेल करियर पर ध्यान केंद्रित करने की योजना बना रहे हैं। स्वीटी बूरा बॉक्सिंग में और दीपक हुड्डा कबड्डी में भारत का प्रतिनिधित्व करना जारी रखेंगे। उन्होंने अपने प्रशंसकों से इस कठिन समय में उनके निजी जीवन का सम्मान करने का अनुरोध किया है। #sweetyboora #DeepakHooda #hisar Pc24 news
April 11, 2026

थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा सेक्टर 19-20 में की गई पैदल गश्त, नशा करने वालों व तस्करों को चेतावनी

थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा सेक्टर 19-20 में की गई पैदल गश्त, नशा करने वालों व तस्करों को चेतावनी 
कैथल : उप पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से थाना सिविल लाइन प्रभारी इंस्पेक्टर रामनिवास की अगुवाई में सेक्टर 19-20 में विशेष पैदल गश्त की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया की इस दौरान करीब 30 पुलिस कर्मचारियों की टीम ने पूरे दोनो सेक्टर की मार्केट सहित अन्य जगह का दौरा किया। पुलिस टीम की मौजूदगी से शहर वासियों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ तथा असामाजिक तत्वों में भय पैदा हुआ। गश्त के दौरान पुलिस टीम द्वारा आमजन को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास भी नशे को बढ़ावा न दें। साथ ही युवाओं को विशेष रूप से नशे से बचने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि नशे का अवैध कारोबार करने वाले व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशे की खरीद-फरोख्त या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। कैथल पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अपराध पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। #kaithal #haryanabulletinnews 
April 11, 2026

*तानाशाही रवैया छोड़ें विधायक देवेंद्र अत्री, नहीं तो झेलना पड़ेगा बड़ा आंदोलन :ऋषिपाल हैबतपुर*


*तानाशाही रवैया छोड़ें विधायक देवेंद्र अत्री, नहीं तो  झेलना पड़ेगा बड़ा आंदोलन :ऋषिपाल हैबतपुर*

*कहा-कर्तव्य का पालन करने वाले कर्मचारी को दंडित करना पूरी तरह लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ*
उचाना/जींद : उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री के खिलाफ बिजली कर्मचारियों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। भाजपा विधायक द्वारा अपने साथी कर्मी को डांट फटकार लगाने व उसका तबादला करवाने के विरोध में उचाना बिजली घर के गेट पर पिछले पांच दिनों से कर्मचारी बेमियादी धरने पर बैठे हैं। शुक्रवार को धरने को उस समय राजनीतिक समर्थन भी मिल गया जब कांग्रेस के जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर कर्मचारियों के समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री पर तीखा हमला बोला और चेतावनी दी कि वे समय रहते अपना तानाशाही रवैया सुधार लें, अन्यथा उन्हें बड़े जनआंदोलन का सामना करना पड़ेगा। धरना स्थल पर पहुंचे ऋषिपाल हैबतपुर ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके प्रतिनिधि सत्ता के नशे में आम जनता और कर्मचारियों को दबाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशों के तहत बिजली विभाग के कर्मचारियों ने एक घर में बिजली चोरी पकड़ी थी, जो भाजपा विधायक का समर्थक बताया जा रहा है। इस कार्रवाई से नाराज होकर विधायक देवेंद्र अत्री ने संबंधित कर्मचारी को न केवल फटकार लगाई, बल्कि उसका तबादला भी करवा दिया।
कांग्रेस जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर ने इसे सत्ता का दुरुपयोग बताते हुए कहा कि यदि कोई कर्मचारी अपने कर्तव्य का पालन करते हुए बिजली चोरी पकड़ता है, तो उसे दंडित करना पूरी तरह अन्यायपूर्ण और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से कर्मचारियों का मनोबल टूटता है और शासन-प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी नीतियां लागू कर रही है, जिससे किसान, मजदूर, कर्मचारी और छोटे व्यापारी सभी वर्ग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने चहेतों को खुश करने के लिए भाजपा के नेता सरकारी तंत्र का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और आम जनता को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ पीड़ित कर्मचारियों के साथ खड़ी है। यदि कर्मचारियों को न्याय नहीं मिला और उनका तबादला वापस नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी भी इस आंदोलन में पूरी ताकत के साथ शामिल होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कर्मचारियों ने कोई बड़ा आंदोलन शुरू किया तो भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री का अपने घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।
धरने के दौरान बिजली कर्मचारियों ने भी भाजपा सरकार और विधायक देवेंद्र अत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक संबंधित कर्मचारी का तबादला रद्द नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। कर्मचारियों ने इसे न्याय की लड़ाई बताते हुए कहा कि वे किसी भी दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं। धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे केवल अपने साथी कर्मचारी के साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर संगठन महासचिव पवन दुहन, जिला उपाध्यक्ष वजीर पान्नू, कोषाध्यक्ष ईशाक भट्टी, महासचिव सुरेश शर्मा, सचिव सरदार निरवेल सिंह,उचाना युवा हल्का अध्यक्ष संदीप वर्मा,धर्मबीर सुदकैन आदि मौजूद रहे।

Friday, April 10, 2026

April 10, 2026

भारत 1.20 लाख मान्यता प्राप्त स्टार्टअप के साथ विकास की नई शक्ति का प्रतीक: राज्यपाल

भारत 1.20 लाख मान्यता प्राप्त स्टार्टअप के साथ विकास की नई शक्ति का प्रतीक: राज्यपाल

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने टाईकाॅन चंडीगढ़-2026 की दो दिवसीय कान्फ्रेंस का किया शुभारंभ

हरियाणा सरकार की स्टार्टअप नीति के चलते राज्य ने 7000 से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप का योगदान किया

युवाओं से रोजगार मांगने की बजाय रोजगार देने की सोच रखने का आह्वान किया
चंडीगढ़- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि आज भारत का स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र नवाचार-आधारित विकास की शक्ति का प्रमाण है जिसमें 1 लाख 20 हजार से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स हैं जिनसे 12 लाख से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने यह बात आज चंडीगढ़ स्थित हयात रिजेंसी में टाईकाॅन चंडीगढ़-2026 की दो दिवसीय काॅन्फ्रेंस के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थितगण को संबोधित करते हुए कही। उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए आयोजित इस काॅन्फ्रेंस की सराहना करते हुए उन्होंने आयोजकों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं को रोजगार मांगने की नहीं बल्कि रोजगार देने की सोच के साथ नवाचार की ओर प्रवृत्त होना चाहिए। ऐसा करके हम माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों के अनुरूप विकसित भारत बनाने के यज्ञ में अपनी आहुति डाल सकते हैं।
राज्यपाल प्रो. घोष ने कहा कि भारत देश में विशाल मध्यम वर्ग है जिनकी जरूरतों को ध्यान में रखकर यदि आधुनिक तकनीक के साथ नए प्रयोग किए जाएं तो युवा वर्ग के सामने रोजगार की कोई कमी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि देश में खाद्य प्रौद्योगिकी जैसे अनेक क्षेत्रों में नवीन प्रयोग करने की असीम संभावनाएं हैं, क्योंकि देश में इसके लिए कच्चा माल प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है।
राज्यपाल प्रो. घोष ने कहा कि यह खुशी और गर्व की बात है कि हरियाणा राज्य 7000 से अधिक स्टार्टअप्स के साथ एक महत्वपूर्ण योगदान कर्ता के रूप में उभरा है। उन्होंने हरियाणा की स्टार्टअप नीति की सराहना करते हुए इसे उद्यमियों के अनुकूल बताया।
प्रो. घोष ने कहा कि हरियाणा के गुरुग्राम ने खुद को एक वैश्विक स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में स्थापित कर लिया है। उन्होंने कहा कि टाईकाॅन चंडीगढ़ उत्तर भारत के नवाचार और उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह बहुत उत्साहजनक है कि पंचकूला एक उभरते हुए विकास केंद्र के रूप में सामने आ रहा है। अपनी सुनियोजित अवसंरचना, रणनीतिक कनेक्टिविटी और चंडीगढ़ के निकट होने के कारण, पंचकूला अगली पीढ़ी के स्टार्टअप्स, आईटी कंपनियों और नवाचार-आधारित निवेश को आकर्षित करने के लिए अच्छी स्थिति में है।
उन्होंने कहा कि मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई कि टाई चंडीगढ़ 23 देशों में फैले 67 से अधिक चैप्टर्स वाले वैश्विक टाई नेटवर्क का हिस्सा है और यह सबसे सक्रिय और प्रभावशाली इकाइयों में से एक है। 450 से अधिक चार्टर सदस्यों और उद्यमियों के मजबूत समुदाय के साथ, इसने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और अन्य क्षेत्रों में सैकड़ों स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन और समर्थन प्रदान किया है। इसके प्रमुख कार्यक्रम, टाई वुमैन, टाई यूनिवर्सिटी और टाई यंग एंटरप्रोन्योर सभी स्तरों पर प्रतिभा को विकसित कर रहे हैं जो हर वर्ष 300 से अधिक प्रतिभागियों को जोड़ते हुए भविष्य के उद्यमियों की मजबूत आधारशिला तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने खुशी जताई कि टाई चंडीगढ़-2026 में 2000 से अधिक प्रतिनिधि, 50 से अधिक निवेशक, 80 से अधिक वक्ता और 50 से अधिक स्टार्टअप्स शामिल हैं, उन्होंने इसे पारिस्थितिकी तंत्र के विस्तार और ऊर्जा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के स्वप्न को साकार करने के लिए यह आवश्यक है कि हम सहयोग, नवाचार और समावेशन के माध्यम से इस पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत बनाते रहें।
इस अवसर पर लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष, टाई चंडीगढ़ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा, पूर्व अध्यक्ष मुरली बुक्कापटनम, ब्रह्म अलरेजा, रवि शर्मा, विशाल केडिया, सुमेध सचदेव, आशु शर्मा, ऋतिका सिंह, पूजा नायर, जेबी सिंह, अजय तिवारी, हिरदेश मदान, सतीश के. अरोड़ा व हरित मोहन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
April 10, 2026

पलवल में ₹15,000 की रिश्वत लेते क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार, एसीबी की कार्रवाई

पलवल में ₹15,000 की रिश्वत लेते क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार, एसीबी की कार्रवाई
पलवल : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद पलवल के एक क्लर्क सुनील कुमार को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना एसवी एंड एसीबी फरीदाबाद में एफआईआर संख्या 07 दिनांक 10.04.2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या था मामला- 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता धर्म सिंह ने एसीबी को शिकायत दी थी कि नगर परिषद पलवल में कार्यरत क्लर्क सुनील कुमार, जो अतिरिक्त रूप से पटवारी का कार्य भी देख रहा था, उससे उसकी जमीन को नगर परिषद सीमा में न दिखाने के एवज में ₹15,000 की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी, पलवल इकाई की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। इस दौरान आरोपी सुनील कुमार को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया गया। यह पूरी कार्यवाही गवाहों के समक्ष पूरी पारदर्शिता के साथ की गई| इस कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया।
एसीबी प्रमुख की अपील -

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) प्रमुख ए एस चावला ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सशक्त नेतृत्व में हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जा रहा है। एसीबी प्रमुख ने आमजन से आग्रह किया कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर-1800 180-2022 को दें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शिकायतकर्ताओं की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनता के सहयोग से ही मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक स्वच्छ, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त हरियाणा का निर्माण संभव है।
April 10, 2026

खरल कन्या गुरूकुल में पढऩे वाली छात्राओं के लिए रोडवेज जींद डिपो ने एक स्पेशल बस शुरू बस की टाइमिंग विद्यार्थियों की सुविधा अनुसार

खरल कन्या गुरूकुल में पढऩे वाली छात्राओं के लिए रोडवेज जींद डिपो ने एक स्पेशल बस शुरू 

बस की टाइमिंग विद्यार्थियों की सुविधा अनुसार तय

विद्यार्थियों के साथ अन्य यात्री भी सफर कर सकते हैं
नरवाना : नरवाना खंड के गांव खरल स्थित शिक्षण संस्थान में पढऩे वाले विद्यार्थियों के लिए रोडवेज जींद डिपो ने एक स्पेशल बस चलाई है। हालांकि इसमें विद्यार्थियों के साथ अन्य यात्री भी सफर कर सकते हैं लेकिन बस की टाइमिंग विद्यार्थियों की सुविधा अनुसार तय की गई है। बस जींद से सुबह लगभग साढ़े सात बजे जाती हैए जो नरवाना से आगे लिंक रोड पर खरल जाती है। खरल से यात्रियों को लेकर बस जींद पहुंचेगी। इसके बाद दिन में बस दूसरे रूट पर चक्कर लगाएगी। फिर दोपहर बाद तीन बजे बस जींद से वापस खरल की ओर जाएगी। ऐसे में यह बस चलाए जाने पर यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। 
जींद से खरल की दूरी लगभग 50 किलोमीटर है। जींद से बस चल कर वाया खटकड़, उचाना, नरवाना होते हुए बेलरखां, हमीरगढ़ होते हुए खरल पहुंचेगी। खरल गांव में कन्या गुरुकुल है। ऐसे में यह बस चलने से जहां एक ओर छात्राओं को लाभ होगा वहीं दूसरी ओर अन्य ग्रामीणों को भी गांव से नरवाना, उचाना व जींद शहर आवागमन करने में आसानी होगी। ग्रामीणों ने मांग की थी कि इस रूट पर स्पेशल बस चलाई जाए। क्योंकि जींद से नरवाना रूट पर रेवले ट्रैक पर भी खरल का स्टापेज नहीं है। अगर यात्री नरवाना ट्रेन से खरल जाते हैं तो उन्हें बस या अन्य वाहन से लिफ्ट लेकर जाना पड़ता है। ऐसे में अब जींद से खरल के लिए यह स्पेशल बस शुरू की गई है।
पहले जींद से घोघडिय़ां रूट पर भी चलाई थी बस
यात्रियों की मांग पर पिछले दिनों मार्च महीने के बीच में रोडवेज जींद डिपो ने छात्राओं के लिए घोघडिय़ां के लिए स्पशेल बस चलाई है। यह बस सुबह सात बजे जींद बस स्टैंड से रवाना होती है। घोघडिय़ां से सुबह आठ बजे छात्राओं को लेकर जींद के लिए रवाना होती है। फिर दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर जींद से बस घोघडिय़ां के लिए दोबारा रवाना होती है, जो लगभग साढ़े तीन बजे घोघडिय़ां पहुंचती है। इसके बाद बस वहां से जींद के लिए रवाना होती है।
जींद बस अड्डा के डीआई सुनील ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर जींद से खरल के लिए बस चलाई गई है। इससे गांव की छात्राओं के साथ-साथ अन्य ग्रामीणों को भी शहर आने जाने में सुविधा होगी। रोडवेज का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जाए।
April 10, 2026

फरीदाबाद में 2 फायरकर्मियों की मृत्यु के मामले में परिजनों को मिलेगी सहायता राशि और नौकरी: मुख्यमंत्री

धानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास के लिए कर रही है काम: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में जारी की गई 1665 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि

फरीदाबाद में 2 फायरकर्मियों की मृत्यु के मामले में परिजनों को मिलेगी सहायता राशि और नौकरी: मुख्यमंत्री
चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में 1665 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की है। इसमें ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना, 15 तरह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, दयालु योजना और अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को ट्रैक्टर सब्सिडी शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा निवास में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप डबल इंजन की सरकार महिला सशक्तिकरण और उनके आर्थिक विकास के लिए लगातार काम कर रही है। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी भी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि आज ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की छठी किस्त जारी की है। इस योजना के तहत 9 लाख 68 हजार लाभार्थी महिलाओं के खातों में 203 करोड़ 28 लाख रुपये की राशि डाली गई है। इसे मिलाकर अब तक 6 किस्तों में 1,038 करोड़ 5 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि बजट में लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 6 हजार 500 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 तरह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत भी 1144 करोड़ 55 लाख रुपये की राशि सीधे 35 लाख 55 हजार 187 लाभार्थियों के खातों में डाली गई है। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता और दिव्यांगजन भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं।
उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के समय में तो 6-6 महीने और 1—1 साल तक पेंशन ही नहीं बनती थी, और अगर बनती भी थी तो उसमें भ्रष्टाचार होता था। लेकिन हमारी सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन करते हुए ‘प्रो-एक्टिव मॉडल’ को अपनाया है। इसके तहत परिवार पहचान पत्र डेटाबेस के आधार पर पात्रता स्वयं निर्धारित होती है और पात्र नागरिकों को बिना दफ्तरों के चक्कर काटे, बिना आवेदन किए घर बैठे ही भत्ते का लाभ मिल रहा है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से किया जा रहा यह भुगतान हमारी पारदर्शिता और सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि राज्य की सहायता हर जरूरतमंद तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
उन्होंने कहा कि आज दयालु योजना के तहत भी 7 हजार 875 परिवारों को 298 करोड़ 7 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई हैं। अब तक इस योजना में 56 हजार 223 परिवारों को 2 हजार 118 करोड़ 23 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। आज जारी की गई आर्थिक सहायता को मिलाकर 64 हजार 98 परिवारों को 2 हजार 416 करोड़ 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता जारी की जा चुकी है।
इसके अलावा अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को ट्रैक्टर सब्सिडी प्रदान की गई है। इसके तहत अनुसूचित जाति के 645 किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए 19 करोड़ 35 लाख रुपये की सब्सिडी जारी की गई है। प्रत्येक पात्र किसान को ट्रैक्टर खरीद पर 3 लाख रुपये की सब्सिडी उपलब्ध करवाई जाती है।
फरीदाबाद में 2 फायरकर्मियों की मृत्यु के मामले में परिजनों को मिलेगी सहायता राशि और नौकरी

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद में एचकेआरएन के तहत कार्यरत दो फायरकर्मियों की डयूटी के दौरान हुए दुखद हादसे में मृत्यु पर सरकार ने तुरंत राहत के रूप में प्रति परिवार 30 लाख रुपये की राशि जारी करने का निर्णय लिया है। हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास के माध्यम से 10 लाख रुपये प्रति परिवार तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से 20 लाख रुपये प्रति परिवार जारी की जा रही है। इसके अतिरिक्त उनके परिवार के किसी एक आश्रित को एचकेआरएन के तहत नौकरी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त इंश्योरेंस के रूप में भी वित्तीय सहायता पीड़ित परिवारों को दिलवाने के लिए सरकार प्रयासरत है।
इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, कृषि विभाग के महानिदेशक श्री राजनारायण कौशिक, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक डॉ प्रियंका सोनी, हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास के सीईओ डॉ जयेंद्र सिंह छिल्लर, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) श्रीमती वर्षा खांगवाल, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर श्री राजीव जेटली, मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय उपस्थित रहे।
April 10, 2026

हरियाणा में होमगार्ड्स के ड्यूटी अलाउंस बढ़ाने की मांग तेज, मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायत

हरियाणा में होमगार्ड्स के ड्यूटी अलाउंस बढ़ाने की मांग तेज, मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायत
जींद : हरियाणा में गृह रक्षी स्वयं सेवकों (होमगार्ड्स) के ड्यूटी अलाउंस को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है।हल्का उचाना के  गांव अलेवा निवासी कर्मबीर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को शिकायत भेजकर होमगार्ड्स के ड्यूटी अलाउंस में वृद्धि और बकाया एरियर देने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्मबीर द्वारा सी एम . विडों पर दर्ज शिकायत संख्या CMOFF/J/2025/040540 के संदर्भ में यह मामला उठाया गया है। शिकायत में बताया गया है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के 11 मार्च 2015 के आदेश के अनुसार होमगार्ड्स को “समान कार्य के लिए समान वेतन” के सिद्धांत के तहत पुलिस कर्मियों के बराबर न्यूनतम वेतन और भत्ते दिए जाने चाहिए।शिकायत में दावा किया गया है कि वर्तमान में हरियाणा के होमगार्ड्स को मात्र ₹788 प्रति दिन ड्यूटी अलाउंस दिया जा रहा है, जबकि नियमानुसार यह राशि लगभग ₹1143 प्रतिदिन बनती है। इस अंतर को न्यायालय के आदेशों की अवहेलना बताया गया है।
कर्मबीर ने अपनी शिकायत में वेतन का विस्तृत गणना विवरण भी प्रस्तुत किया है, जिसमें न्यूनतम वेतन, महंगाई भत्ता और अन्य भत्तों को जोड़ते हुए कुल मासिक राशि करीब ₹34,911 बताई गई है। इसके आधार पर दैनिक ड्यूटी अलाउंस अधिक बनता है।इस मामले में गृह रक्षी एवं नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से 09 मार्च 2026 को ATR (Action Taken Report) भी प्रस्तुत की जा चुकी है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि यह प्रस्ताव अभी सरकार की स्वीकृति के लिए लंबित है।
शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि
ड्यूटी अलाउंस को ₹788 से बढ़ाकर लगभग ₹1143 प्रतिदिन किया जाए बकाया एरियर का भुगतान किया जाए, लंबित फाइल पर शीघ्र निर्णय लेकर न्याय सुनिश्चित किया जाए,कर्मबीर ने कहा कि यह मुद्दा प्रदेश के लगभग 12,000 होमगार्ड स्वयं सेवकों और उनके परिवारों के जीवन-यापन से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पर जल्द निर्णय लिया जाना बेहद जरूरी है।अब देखना होगा कि सरकार इस लंबित प्रस्ताव पर कब तक फैसला लेती है और होमगार्ड्स को राहत मिलती है या नहीं......
April 10, 2026

मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना के लिए 170 करोड़ आवंटित, मुख्य सचिव ने की पोषण अभियान की प्रगति की समीक्षा

हरियाणा में गंभीर कुपोषण को समाप्त करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना के लिए 170 करोड़ आवंटित

मुख्य सचिव ने की पोषण अभियान की प्रगति की समीक्षा
चंडीगढ़-हरियाणा सरकार ने प्रदेश में पोषण मिशन को और मजबूत करते हुए वर्ष 2026-27 के दौरान कुपोषण, खास तौर पर गंभीर कुपोषण को लगभग समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पोषण अभियान के तहत वित्तीय सहायता और कवरेज को बढ़ाते हुए लाखों लाभार्थियों को दैनिक पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना के लिए भी 170 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जिससे राज्य में पोषण संबंधी प्रयासों को और गति मिलेगी।

बैठक में वर्ष 2025-26 के दौरान हासिल उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई। प्रदेशभर में लगभग 9.92 लाख लाभार्थियों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि विकास निगरानी कवरेज 99 प्रतिशत से अधिक रहा। निरंतर और लक्षित प्रयासों के परिणामस्वरूप गंभीर कुपोषण के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है।

मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने आज राज्य स्तरीय कन्वर्जेंस कमेटी की सातवीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में स्थायी सुधार के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय, डेटा आधारित निगरानी और अंतिम छोर तक सेवाओं की प्रभावी पहुंच पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन पहलों के क्रियान्वयन में स्थानीय पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा ग्राम सभा की बैठकों के दौरान जागरूकता अभियान चलाए जाएं। उन्होंने महिला पंचों और सरपंचों को परिवर्तन के प्रमुख वाहक के रूप में शामिल करने पर भी जोर दिया, ताकि समुदाय की भागीदारी बढ़े और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आए।

मुख्य सचिव ने आयुष विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पोषण वाटिकाओं के विकास तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर मासिक योग दिवस आयोजित करने के भी निर्देश दिए। वहीं, बागवानी विभाग को फलों और मौसमी सब्जियों की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए, ताकि पोषण सुधार के प्रयासों को मजबूती मिल सके।

वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में विकास निगरानी कवरेज को 99 प्रतिशत तक बढ़ाने, गंभीर कुपोषण को नगण्य स्तर तक लाने तथा पूरक पोषण सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत शिशुओं के लिए स्तनपान को बढ़ावा देने, पूरक आहार प्रथाओं में सुधार और तीव्र कुपोषण के लक्षित प्रबंधन पर बल दिया जाएगा।

एनीमिया से निपटने के लिए बच्चों, किशोरियों और महिलाओं को आयरन एवं फाॅलिक एसिड की खुराक देने की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, ओआरएस और जिंक के माध्यम से दस्त प्रबंधन, टीकाकरण, डिवार्मिंग तथा विटामिन-ए कवरेज का विस्तार कर समग्र बाल स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जाएगा।

जमीनी स्तर पर आईसीडीएस, स्वास्थ्य विभाग, स्वयं सहायता समूहों और पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से विभागीय समन्वय को मजबूत किया जाएगा। आयरन युक्त आहार, स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए सामुदायिक पहल का भी विस्तार किया जाएगा। साथ ही कम वजन वाले नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल पर भी ध्यान दिया जाएगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री शेखर विद्यार्थी ने बताया कि सेवा वितरण को बेहतर बनाने के लिए लगभग 15,900 आंगनवाड़ी केंद्रों का विद्युतीकरण किया गया है। सभी जिलों में फोर्टिफाइड तेल और डबल फोर्टिफाइड नमक की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है, जबकि ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए गए हैं।

वर्तमान में इस कार्यक्रम के तहत लगभग 9.46 लाख बच्चों तथा 2.56 लाख गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को दैनिक पोषण सहायता प्रदान की जा रही है, जिसमें राज्य की विभिन्न योजनाओं के तहत विविध खाद्य पदार्थ भी शामिल हैं।

इसके अलावा, पोषण ट्रैकर के माध्यम से डिजिटल निगरानी और फेस रिकग्निशन प्रणाली लागू कर पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ाया गया है।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक डॉ. प्रियंका सोनी, मौलिक शिक्षा विभाग की निदेशक मनीता मलिक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
April 10, 2026

पूर्वोत्तर राज्यों से आई छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक नृत्य और मार्शल आर्ट के अनूठे व अद्भुत कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मोहा मन

पूर्वोत्तर राज्यों से आई छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक नृत्य और मार्शल आर्ट के अनूठे व अद्भुत कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मोहा मन
जींद : वनवासी कल्याण आश्रम हरियाणा की जीन्द इकाई द्वारा अग्रवाल धर्मशाला अर्बन स्टेट में परिवार मिलन एंव सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्वोत्तर राज्यों नागालेड़, मणिपुर, त्रिपूरा, मिजोरम इत्यादि प्रदेशों से आई छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम लोकनृत्य और मार्शल आर्ट के अनूठे व अदभूत कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इस कार्यक्रम में डा. मीनाक्षी जैन ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर अग्रवाल समाज के अध्यक्ष डा. राजकुमार गोयल, रितू सिंघल, विनीता गुप्ता, डा. मीना शर्मा उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम सुरेन्द्र कुमारी चिल्लाना के सानिध्य में आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता के तौर पर महाराष्ट्र के सुरेश राव कुलकर्णी ने की। कार्यक्रम के प्रभारी महावीर मलिक और राजेश बंसल रहे। सफल मंच संचालन प्रमुख समाजसेवी बीएस गर्ग द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक व जीन्द इकाई के प्रधान सतीश गुप्ता, मनीष कुमार, रविन्द्र ढाडा, संजीव जिंदल, महेश सिंघल, राजेश शर्मा, ईश्वर दंत कौशिक, इंदु गुप्ता, नीरू गुप्ता इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई। कार्यक्रम में रुद्रपुर छात्रावास से आई पूर्वोत्तर राज्यों के छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने अपने अपने प्रदेश के लोक नृत्य एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान इन छात्राओं ने हरियाणवी संस्कृति को भी समझा तथा अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता सुरेश राव कुलकर्णी ने वनवासी कल्याण आश्रम की 1952 से आरंभ हुई यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था द्वारा साढे बारह करोड़ वनवासी बंधुओं के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा, चिकित्सा, कृषि विकास, आर्थिक विकास, श्रद्धा जागरण एवं खेलकूद सहित पूरे देश में लगभग 23 हजार सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं जिनसे करीबन ढाई करोड़ वनवासी लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से वनवासी समाज मुख्यधारा से जुड़कर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत कर रहा है। उन्होने यह भी बताया कि जनजाति सुरक्षा मंच द्वारा 24 मई 2026 को दिल्ली के लाल किला मैदान में विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा जिसमें देशभर से लगभग 2 लाख जनजातीय बंधु भाग लेंगे।
इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने बताया कि हरियाणा में भी बनवासी कल्याण आश्रम द्वारा भी 2 छात्रावास चलाए जा रहे है। इन छात्रावासों में पूर्वोत्तर राज्यों व जम्मू कश्मीर से छात्रा आकर शिक्षा व संस्कार ग्रहण कर रहे है। इस अवसर पर अतिथिगणों ने बनवासी कल्याण आश्रम द्वारा राष्ट्रीय निर्माण के लिए किए जा रहे कार्यो की भूरी भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर पूर्वोत्तर राज्यों से आई छात्रों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधान सतीश गुप्ता द्वारा आए हुए सभी अतिथियों व प्रबुद्ध जनों का धन्यवाद किया।