August 03, 2026
महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन में भव्य प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का हुआ आयोजन
महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन में भव्य प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का हुआ आयोजन
पूर्व महानिदेशक, कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय भारत सरकार डॉ. राज सिंह रहे मुख्य अतिथि, डॉ. राजन चिल्लाना रहे विशिष्ट अतिथि
डिजिटल स्किल्स, एआई और साइबर सिक्योरिटी ही आत्मनिर्भर भारत के सशक्त युवा तैयार करेंगी — डॉ. राज सिंह
जींद : महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन, जींद द्वारा हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के सहयोग से अर्बन एस्टेट, जींद स्थित परिसर में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। समारोह में कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी तथा विभिन्न जॉब-ओरिएंटेड प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के पूर्व महानिदेशक डॉ. राज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि हरियाणा विधानसभा के माननीय डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के प्रतिनिधि डॉ. राजन चिल्लाना विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने की। इस अवसर पर डॉ. सुमिता आशरी (राजकीय महिला कॉलेज), मनदीप गुप्ता निदेशक ट्रिपल डैश इन्फोटेक, अमित गर्ग फ़ाउंडर शैरिटियर ए आई एवं ब्लॉक चैन सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, सार्थक, अंकिता खटकड़, किरण सिंधु, सुभाष दुग्गल सहित अनेक शिक्षाविद, गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. राज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज का युग ज्ञान, नवाचार और डिजिटल तकनीक का है। उन्होंने कहा कि केवल पारंपरिक शिक्षा अब पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और उभरती तकनीकों में दक्ष बनना होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कौशल युवाओं को रोजगार, स्टार्टअप और वैश्विक अवसरों से जोड़ते हैं तथा विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन और एचकेसीएल द्वारा युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करते हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. राजन चिल्लाना ने कहा कि वर्तमान समय में स्किल डेवलपमेंट ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद भी निरंतर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखें और नई तकनीकों को अपनाकर स्वयं को समय के अनुरूप विकसित करें। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण देकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
संस्था अध्यक्ष राजकुमार भोला ने बताया कि संगठन का उद्देश्य शिक्षा को सीधे रोजगार से जोड़ना तथा युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि संस्था, एचकेसीएल के सहयोग से समय-समय पर कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल लिटरेसी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल मार्केटिंग, इंटर्नशिप एवं अन्य रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रही है, जिनसे हजारों युवाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रमाण-पत्र वितरण समारोह केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि उन्हें निरंतर सीखने, नवाचार अपनाने और आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपने कौशल का उपयोग समाज और राष्ट्र की प्रगति में करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सम्मान समारोह एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।