Breaking

Tuesday, May 26, 2020

राधा स्वामी सत्संग ब्यास, डेरा कार सेवा व निर्मल कुटिया जैसी अनेक सामाजिक संस्थाओं ने कोविड-19 महामारी में बढ़चढक़र सेवा के लिए हाथ बढ़ाया है - मनोहर लाल खट्टर

(अरुण मलिक) करनाल, 26 मई- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि राधा स्वामी सत्संग ब्यास, डेरा कार सेवा व निर्मल कुटिया जैसी अनेक सामाजिक संस्थाओं ने कोविड-19 महामारी में बढ़चढक़र सेवा के लिए हाथ बढ़ाया है और ऐसी संस्थाओं के अनुयायियों से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए।
        मुख्यमंत्री ने ये बात आज अपने करनाल दौरे के दौरान संस्थाओं से जुड़े लोगों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने आज कोविड-19 महामारी के चलते जरूरतमंदों व मजदूरों का सहयोग करने वाले सामाजिक संस्थाओं में जाकर उनका आभार प्रकट किया और कहा कि इन संस्थाओं के साथ-साथ करनाल जिले की अन्य धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं ने भी जिला प्रशासन के मुश्किल कार्य को आसान बना दिया।

मुख्यमंत्री पहुंचे निर्मल कुटिया, माथा टेका और लिया आशीर्वाद

        मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज करनाल में निर्मल कुटिया में पहुंचे और वहां पर उन्होंने महंत बाबा रामसिंह जी महाराज और सरपंच जी महाराज के साथ-साथ इस संस्था से जुड़े अनुयायियों से बातचीत की और सभी का आभार प्रकट किया। सबसे पहले उन्होंने निर्मल कुटिया में जाकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश के लोगों को झंडी दिखाकर किया रवाना
        मुख्यमंत्री ने  राधा स्वामी सत्संग भवन में जाकर सबसे पहले वहां बने शेल्टर होम में रह रहे मजदूरों से बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य परिवहन की चार बसों को झंडी देकर मध्य प्रदेश के जिले छत्तरपुर के लिए रवाना किया। इस बस में 127 मजदूरों को उनके गृह क्षेत्र में भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने इन मजदूरों पर फूलों की वर्षा की और मजदूरों के छोटे-छोटे बच्चों को खिलौने व चोकलेट भी उपहार के रूप में दिए। बस में बैठकर सभी लोगों ने तालियां बजाई तथा हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री व अन्य अतिथियों का आभार प्रकट किया। 

डेरा कार सेवा में मुख्यमंत्री ने टेका माथा और लिया आशीर्वाद, सहयोग के लिए डेरा कार सेवा का जताया आभार

        मुख्यमंत्री ने करनाल के डेरा कारसेवा में पहुंचकर बाबा सुक्खा सिंह जी से मुलाकात की तथा कोविड-19 में दिए गए बेहतर सहयोग के लिए उनका आभार प्रकट किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने डेरा कार सेवा में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि डेरा कार सेवा समाज की हर जरूरत में सबसे पहले हाथ बढ़ाता है। कोरोना महामारी में भी जरूरतमंद को भोजन देकर उन्होंने प्रशासन का सहयोग किया है। 

मुख्यमंत्री ने राशन डिपो को किया चेक, महिला को किया राशन वितरित

        मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने करनाल की प्रेम कालोनी में पहुंचकर राशन डिपो को चेक किया और राशन वितरण की व्यवस्था जानी। उन्होंने बताया कि उनके पास 544 राशन कार्ड है, जिनमें 250 बीपीएल, 294 ओपीएच तथा 148 डिस्ट्रैस टोकन के कार्ड है। इन कार्डो से पांच किलो गेंहू व एक किलो दाल मुफ्त दी जा रही है।
        मुख्यमंत्री ने डिस्ट्रैस टोकन के माध्यम से एक महिला को राशन भी वितरित किया। इस मौके पर उपायुक्त निशांत कुमार ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 10 हजार 230 डिस्ट्रैस टोकन बनाए गए है, जिनके माध्यम से मई-जून का राशन मुफ्त दिया जा रहा है।

जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद ने करनाल वासियों के योगदान को हरियाणा रिलीफ फंड व प्रधानमंत्री केयर फंड में मुख्यमंत्री को किया भेंट

        मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के करनाल दौरे के दौरान स्थानीय लघु सचिवालय में भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद ने करनाल वासियो द्वारा दिया गया योगदान हरियाणा कोरोना रिलीफ फंड में 74 लाख 36 हजार 333 रुपये का चेक और प्रधानमंत्री केयर फंड में 5 लाख 56 हजार रुपये चेक के रूप में मुख्यमंत्री को भेंट किये। इस पर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल के इन दानी सज्जनों का सहयोग के लिए आभार प्रकट किया और कहा कि करनाल के लोग हर मुश्किल की घड़ी मे सहयोग करने के लिए अपने हाथ बढ़ाते है। इससे पहले भी करनाल के लोगों ने रिलीफ फंड में करोड़ों रूपये का सहयोग दिया है।
        इस मौके पर पंजाबी अकादमी के उपाध्यक्ष गुरविन्द्र सिंह धमीजा, मेयर रेणू बाला गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, स० त्रिलोचन सिंह, कुलवंत सिंह, अजयंत सिंह, परमिन्द्र सिंह सहित अन्य सेवक उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment