अपरहण मामला:पुलिस करती रही छापेमारी, दुल्हन के घर के पास आरोपी छोड़ गए छीनी कार गन पॉइंट पर दुल्हन को अगवा करने के मामले में पुलिस खाली हाथ
रोहतक : महम-बेरी राेड पर दूल्हे और अन्य लोगों पर पिस्तौल तानकर गाड़ी समेत दुल्हन का अपहरण करने के आरोपी पुलिस को चैलेंज कर रहे है। मंगलवार सुबह आरोपी मोखरा गांव में ही दुल्हन के घर से 500 मीटर दूर सफारी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। इधर, पुलिस रात भी आरोपियों की तलाश में छापेमारी का दावा करती रही। मंगलवार को पुलिस ने दुल्हन का पीजीआई में मेडिकल करवाया। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करवाए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुल्हन ने बयान दिए हैं कि आरोपी मोहित काफी समय से उसे व उसके परिवार वालों को परेशान कर रहा था। कई बार गन पॉइंट पर उनके घर में भी जबरन घुसा था। परिजनों को भी धमकाया था। दुल्हन के अनुसार आरोपी मोहित की दहशत में परिजनों ने उसकी शादी करवाई थी। मगर आरोपी की एक महिला जानकार ने शादी के बारे में उसे बता दिया, जिसके बाद आरोपी ने उसका शादी के बाद ससुराल जाते रास्ते में ही अपहरण कर लिया। वहीं सोमवार को दोपहर बाद लड़की के अपहरण के बाद एसपी राहुल शर्मा ने मामले के बारे में पूरी जानकारी ली। सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए लड़की के घर के बाद पीसीआर तैनात कर दी गई है।
सोनीपत-रोहतक के नाके किए पार, सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को दूल्हे की कार के बारे में बताया
एसपी ने सीआईए समेत कलानौर थाना की टीम गठित की। मगर रात भर पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई। आरोपी दो रोहतक और सोनीपत जिले की पुलिस के नाकों को पार कर वापस मोखरा गांव पहुंचे। गांव में बसस्टैंड यानि लड़की के घर से 500 मीटर पर लूटी गई कार खड़ी कर फरार हो गए। पुलिस को भनक तक नहीं लगी। ग्रामीणों ने करीब 8 बजे पुलिस को फोन कर गाड़ी के बारे में सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लिया।
आरोपी की बुआ पर भी लड़की को धमकाने का आरोप
लड़की के परिजनों ने आरोप लगाए हैं कि उनकी बेटी का अपहरण करने के बाद मोहित उसे सोनीपत के गांव खीजलपुर स्थित अपनी बुआ के घर ले गया था। आरोप है कि लड़की को दहेज में दिया गया सामान व शगुन भी आरोपियों ने बुआ के घर पर रखवाया। दुल्हन का बैग, जिसमें आभूषण थे वह भी उसकी बुआ के घर ही रखा है। वहीं, लड़की की मां के मुताबिक लड़की ने उन्हें बताया है कि मोहित की बुआ ने लड़की को काफी डराया धमकाया कि वो अपने ही माता-पिता के खिलाफ जबरदस्ती शादी करवाने की शिकायत पुलिस को दे, नहीं तो उसके साथ अच्छा नहीं होगा। इसके बाद लड़की ने सोनीपत की मोहाना थाना पुलिस को कुछ इसी तरह के बयान दिए थे।
थाने में रहा था दूल्हा, दुल्हन को सोनीपत सामान बरामदगी को ले जाएगी पुलिस
मंगलवार को मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर दूल्हा व उसके परिजन भी लड़की पक्ष के साथ महिला थाने में पहुंचे। दूल्हा पक्ष का कहना है कि आरोपियों की तानाशाही के लड़की के घरवाले पहले ही तंग थे। अब उनके साथ भी वारदात हुई है। वो लड़की पक्ष के साथ मजबूती से खड़े हैं। वहीं, दिन भर की कार्रवाई के बाद लड़की को पुलिस ने शाम बाद परिजनों के हवाले कर दिया। बुधवार से फिर केस की आगामी प्रक्रिया में लड़की समेत तमाम लोगों को पुलिस जांच में सहयोग करने के बारे में कहा गया है। हालांकि लड़की के परिजनों का कहना है कि कार में कुछ सामान था जोकि आरोपी की बुआ के घर रह गया। पुलिस बुधवार को लड़की को साथ लेकर सामान बरामद करवाएगी।
मिशन एकता समिति ने की न्याय की मांग
मिशन एकता समिति की प्रदेशाध्यक्ष कांता आलडिया दुल्हन के अपहरण मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को महिला थाना पहुंची। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई और आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तार की की मांग की। कांता आलडिया ने पुलिस पर मामले में उचित कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस समय रहते मामले में कार्रवाई करती तो ये घटना नहीं घटित होती।
लड़की के ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करवाए गए है। मामले की हर एंगल से जांच जारी है। पांच टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपी मोहित के खिलाफ व अपने परिजनों के पक्ष में बयान दिए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा।-शमशेर दहिया, डीएसपी।
No comments:
Post a Comment